Golendra Gyan

Monday, 31 July 2023

लहरतारा से लमही (प्रेमचंद की 143वीं जयंती) / धुआँ और कुआँ : गोलेन्द्र पटेल

लहरतारा से लमही


लहरतारा से लमही जाते हुए
मैंने जाना—
मन और हृदय के योग से बुद्धि का विस्तार होता है

हे महाप्राण!
मुझे प्रेमचंद जयंती पर नागार्जुन क्यों याद आ रहे हैं?

मैंने जब भी पकड़ी है कुदाली
मेरे लिए
तब खेत कागज़ बना गया है
और कुदाली कलम
और स्याही
मेरे पसीने से मंठा माटी

मैंने जो लिखें अक्षर
वे बीज की तरह उग गये
पूरे खेत में

एक वाक्य मेंड़ पर उगा—
समय के शब्द शोषण मुक्त समतामूलक समाज के पक्षधर हैं

संघर्ष के स्वप्न श्रम के सौंदर्यशास्त्र रचते हैं
क्योंकि कलम के सिपाही सेवा, संयम, त्याग
और प्रेम के किसान हैं
जहाँ नई फ़सलों के नये गान हैं
कि कथा के प्रतिमान प्रेमचंद हैं
वे मानवीय पीड़ा की प्रतिध्वनि के छंद हैं।


धुआँ और कुआँ


क्या धुआँ तुम्हारे फेफड़े को पसंद है?

हुक्का पीते हुए
मैंने सोचा—
क्या भाषा में दुःख का हुक्का-पानी बंद है?

चिन्तन और चेतना के संगम पर
जाति की अस्मिता है

मैं गहरा कुआँ हूँ
मेरे सोते उस पानी को खींचते हैं
जिसके ऊपर अछूत रहते हैं

मेरे भीतर नेह की नदी बहती है
पर, जो मेरे पानी पीते हैं
उनके भीतर इतनी घृणा क्यों?
वे उन्हें जगत पर क्यों चढ़ने नहीं देते हैं?
जो मेरे ऊपर रहते हैं

अरे! अब
कहाँ?
किसे?
कौन?
कुएँ पर चढ़ने नहीं देता है

दुनिया में कुछ अपवाद होते हैं न?

अपवादों से दुनिया नहीं चलती है
दुनिया चलती है अधिकांश के अनुसमर्थन से....

खैर, मुझे याद है कि स्कूल के उस बच्चे ने घड़े से
सिर्फ़ एक गिलास पानी लिया था
जो पैर के प्रहार से मरा है

आह! घाव हरा है, दुःखी धरा है!!

(©गोलेन्द्र पटेल / 31-07-2023)

संपर्क :
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com

 

नोट: प्रेमचंद पर केंद्रित मेरी तीन दर्जन कविताएँ हैं।

Thursday, 27 July 2023

मेरी प्रतिभा विरासत नहीं, विपन्नता की देन है : गोलेन्द्र पटेल (ऋतु गर्ग से बातचीत)

सादर नमस्कार मैं ऋतु गर्ग सिलिगुड़ी पश्चिम बंगाल से

गृहिणी समाज सेवी साहित्यकार आपसे आदरणीय कलमकार केशव विवेकी जी द्वारा संपादित काव्य प्रहर मासिक पत्रिका हेतु

आपकी साहित्यिकी यात्रा से जुड़े कुछ प्रश्न में जानना चाहते हैं जिससे हमारे पाठक पढ़कर प्रेरणा प्राप्त करें। 


*1. हम आपका परिचय अपने पाठकों को करवाना चाहते हैं, आप अपने सहज सरल शब्दों में अपनी बारे में हमें बताएं।*

 

A.  नमस्कार! सर्वप्रथम आपके और प्रिय यशस्वी संपादक श्री केशव विवेकी जी के प्रति हार्दिक आभार एवं साधुवाद! मुझे अपने कार्यक्रम से जोड़ने के लिए।


वैसे तो मेरा कोई विशेष सफल परिचय नहीं है, न ही वह पठनीय है। फिर भी, मैं पूरी ईमानदारी के साथ अपने बारे में बताऊँगा लेकिन आपको क्या लगता है कि हर रचनाकार अपने बारे में पूरा सच बताते हैं! क्या एक रचनाकार के साक्षात्कार से उसके व्यक्तित्व के बारे में सही जानकारी प्राप्त होती है? मुझे लगता है कि रचनाकार के व्यक्तित्व के बारे में जानने के लिए रचनाकार का नहीं, बल्कि उसके करीबी उन लोगों का साक्षात्कार लेना चाहिए, जो भाषा में उपेक्षित हैं। मसलन— रचनाकार की जन्मभूमि, कर्मभूमि व भावभूमि से जुड़े हुए लोगों का साक्षात्कार, ख़ासकर उन स्त्रियों का साक्षात्कार लेना चाहिए, जो रचनाकार को जन्म से जानती हैं ।


बहरहाल, मेरा घरेलू नाम 'गोलेन्द्र ज्ञान' है और साहित्यिक नाम 'गोलेन्द्र पटेल'। मेरा जन्म 5 अगस्त, सन् 1999 ई. को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला के खजूरगाँव में एक किसान-मजदूर परिवार में हुआ। मेरे पिता दिव्यांग (विकलांग) हैं और मेरी माता किसान-बनिहारिन हैं, वे दूसरे के खेतों में काम करती हैं, रोपनी से लेकर सोहनी तक। हम तीन भाई व एक बहन हैं और सबसे बड़ा मैं हूँ।


मेरी प्रारंभिक शिक्षा मेरे गाँव की सरकारी स्कूल से हुई है। मेरी शिक्षा का किस्सा रोचक इस अर्थ में है कि मैंने भोजन के लिए सरकारी स्कूलों में पढ़ा है। बचपन में एक उदार शिक्षक की नज़र मुझपर पड़ी, वे मुझे अपने प्राइवेट स्कूल में ले गये। उनकी कृपा से फ़ीस माफ़ थी लेकिन भूखे पेट पढ़ाई में मेरा मन नहीं लगता था। क्योंकि उन दिनों मेरे घर की स्थिति बहुत ख़राब थी। किसी दिन चूल्हा जलता था, तो किसी दिन नहीं। इसलिए मैं नियमित क्लास नहीं कर पाता था। अंततः मैं भूख से परेशान होकर सरकारी स्कूलों में चला गया। वहाँ शुरू-शुरू में चावल-गेहूँ मिलता था। लेकिन कुछ सालों में 'दोपहर का भोजन' मिलना शुरू हो गया। खाना बनाने वाली चाची-दादी मेरे घर की दैन्य स्थिति से अच्छी तरह से परिचित थीं, इसलिए मुझपर उनकी दया दृष्टि बनी रहती थी। गुरुजन की कृपा से किताब-कॉपी की दिक्कत नहीं होती थी और ऊपर से मैं बुनकरों के साथ सुबह-शाम हथकरघे पर कढ़ाई करता था और चरखे पर उनकी नरी भरता था। 


माध्यमिक विद्यालय में पहुँचा, तो नरेगा (मनरेगा) में काम करने लगा। गाँव में सड़कें या नालियाँ बनती थीं, तो उसमें काम करता था। सम्पन्न किसानों के खेतों में भी काम करता था लेकिन मजदूरी बहुत कम मिलती थी और काम गँड़ियाफार करना पड़ता था। मजूरी कम मिलने से मन खिन्न हो गया, तो कभी रामनगर मजदूर मंडी तीनपौलिया, तो कभी पड़ाव मजदूर मंडी के जरिये, मैं शहरों में राजगीर का काम करने लगा। बैग लेकर मैं अपने साथियों के साथ पढ़ने जाता था लेकिन पढ़ने न जाकर हम सब काम करने चले जाते थे। सबके घर की स्थिति ठीक नहीं थी। 10वीं तक जो मेरे सहपाठी थे, अब वे सब शहर में मजूरी करते हैं। चौथी कक्षा से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई मैंने ऐकौनी से की। यह गाँव मेरा पड़ोसी गाँव है और 9वीं से 12 वीं प्रभुनारायण राजकीय इंटर कॉलेज, रामनगर, वाराणसी से। 12 वीं के बाद इंजीनियरिंग परिवेश परीक्षाएं पास करने के बाद आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से एक साल घर बैठना पड़ा, फिर काशी हिंदू विश्वविद्यालय से हिंदी, पालि , ए.आई.एच.सी., फ्रेंच व अँग्रेज़ी से बी.ए. किया और संस्कृत से दो वर्ष का डिप्लोमा कोर्स भी। फिलहाल मैं हिंदी विभाग, बीएचयू में परास्नातक फाइनल ईयर का शिक्षार्थी हूँ। मैं नेट भी पास हो चुका हूँ।


बचपन में इंद्रजीत सिंह एवं अन्य साथियों के साथ मिर्जापुर के लालपुर के पहाड़ों में काम करता था, पत्थर तोड़ता था, गिट्टी फोड़ता था और गायों के लिए घास छिलता था तथा गोबर सैंतता था, रात में खेत की फ़सलें अगोरता था। इसलिए वे पढ़े-लिखे लोग जो मेरे जीवन से थोड़ा बहुत परिचित हैं, वे मुझे कभी हल्कू, तो कभी होरी, तो कभी पहाड़ी कवि कहते हैं। इंद्रजीत अभी भी पहाड़ों में पत्थर तोड़ते हैं।


*2. आपका लेखन काल कब से प्रारंभ हुआ।*


A. देखिए! लेखन कार्य तो बचपन से शुरू है। मैं पढ़ने में सामान्य था, लेकिन कहते हैं न कि अँधों में काना राज होता है, सभी सहपाठी साथी एक जैसे परिवेश से आते थे। हम सब मजदूर के बच्चे थे। कोई क्लास मानीटर बन जाए, हमें फ़र्क नहीं पड़ता था। हमारे बीच लोकतांत्रिकता थी, हमें जाति का बोध नहीं था। हिन्दू-मुसलमान व दलित-सवर्ण सब एक ही थाली में खाते थे, मेरे गाँव में चार हजार से अधिक दलित हैं। एक दिन चौथी कक्षा में मैंने प्रार्थना के बाद 25 तक पहाड़ा सुनाया, तो मुझे क्लास-मॉनीटर बनाया गया। रोज़-रोज़ गुरुजन हमें प्रार्थना कराने के लिए बुलाते थे, रोज़ एक ही राष्ट्रगान गाते-गाते बोरियत महसूस होने लगा था, फिर क्या एक दिन गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर की जय हे, जय हे, जय हे, जय, जय,...से प्रेरणा और प्रतिक्रिया एक साथ भीतर उपजी और मैंने भी राष्ट्रगान के तर्ज पर 'नवराष्ट्रगान' लिखा तथा सुबह की प्रार्थना के बाद 'नवराष्ट्रगान' सुनाया। गुरुजन को लगा कि मैंने किसी का चुराया है लेकिन उसमें वर्तनी त्रुटि ज़बरदस्त थी, जिसको ठीक किया गया। सातवीं-आठवीं कक्षा तक मेरी रचनाओं का संशोधन गुरुवर मुमताज अहमद सर व गुरुवर विकास चौहान सर करते थे, विकास सर ख़ासकर अंग्रेज़ी की कविताओं का संशोधन करते थे। उन दिनों विकास सर भोजपुरी में गीत लिखा करते थे। मैं भी लिखा करता था। हम एक दूसरे को अपना गीत सुनाया करते थे। विकास सर के यहाँ मैं चार बजे भोर में ही चला जाता था। किसी-किसी दिन सर और मैम एक साथ बिस्तर पर सोये रहते थे और मैं पहुँच जाता था।...खैर, उन दिनों गाँव के प्रेमी अपनी प्रेमिकाओं के लिए मुझसे शेरों-शायरी लिखवाते थे बदल में मुझे पैसे देते थे। एक पंक्ति किसी और की होती थी तो एक पंक्ति अपनी। इसी तरह लिखता रहा एक दिन एक प्रेमी की प्रेमिका मेरे गाँव की निकली और पोल खुल गया कि प्रेमपत्र की हैंडराइटिंग मेरी है। भीतरी शीतयुद्ध छिड़ गया। परिणामतः मुझे प्रेमियों का प्रेमपत्र लिखना छोड़ना पड़ा।  


9 वीं कक्षा तक आते-आते मुझे 'कस्बे का कवि' ,'युवा किसान कवि', 'पहाड़ी कवि' व 'गँवई गंध के कवि' आदि के रूप में प्रसिद्धि मिली। कॉलेज में कुछ गुरुजन कवि-शिक्षक थे, उन्होंने मेरी कविताओं को सुना और संशोधन किया। लेकिन जब मैं बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में पहुँचा तो मेरी रचनात्मकता को नयी दिशा व दृष्टि मिली क्योंकि वहाँ देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों से मुझे पढ़ने का मौका मिला। वहीं मुझे 2019 में काव्यगुरु श्रीप्रकाश शुक्ल मिले। उन्होंने सर्वप्रथम मेरे कवि को उम्मीद की उड़ान दी। उनके मार्गदर्शन में मेरी रचनाधर्मिता को गति मिली। मुझे उनकी कृपा से कई शब्द-शिक्षक, ज्योति-पुरुष व चेतना के चिराग़ मिले। मेरे प्रिय पथप्रदर्शकों की सूची में लीलाधर जगूड़ी, अशोक वाजपेयी, अरुण कमल, ज्ञानेंद्रपति, राजेश जोशी, मदन कश्यप, लीलाधर मंडलोई, सदानंद शाही, श्रीप्रकाश शुक्ल, जितेंद्र श्रीवास्तव, स्वप्निल श्रीवास्तव, सुभाष राय, वशिष्ठ अनूप, अरुण होता, कमलेश वर्मा, आशीष त्रिपाठी, राकेशरेणु, शंभुनाथ, ममता कालिया, श्रद्धा सिंह, शैलेंद्र शांत, गिरीश पंकज, पलाश विश्वास व वाचस्पति से लेकर विन्ध्याचल यादव आदि हैं।


*3.हमने साधारण रूप से देखा है कि किसी भी कवि या कवित्री को एक ही उपनाम या उपाधि प्राप्त होते हैं लेकिन आपको अनेक बार उपनाम और उपाधियां प्राप्त हुई ।इसको संक्षेप में हम जानना चाहते हैं।*


A. उपनाम या उपाधि से कोई व्यक्ति बड़ा नहीं होता है। न ही ये व्यक्तित्व को बड़ा बनाते हैं। इसलिए हमें इनके चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए कि फला कवि या लेखक को इतने सारे उपनामों या उपाधियों से जाना जाता है। एक समय था कि कवियों को उपाधियाँ दी जाती थीं। एक समय था कि लोग छद्मनाम से लिखा करते थे। मेरे उपनाम व उपाधि, दरअसल मेरे मित्रों और मार्गदर्कशों के प्रेम व स्नेह के प्रतीक हैं। मैं साहित्यिक दुनिया में उम्र व अनुभव में सबसे छोटा हूँ। सो, मुझे सभी सहृदय समीक्षकों से वात्सल्यपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त होते रहते हैं। मेरे प्रिय पथप्रदर्शक मेरे अभिभावक की भूमिका में होते हैं और आत्मीय अभिभावक वैसे भी अपने वत्स को किसी ख़ास विशेषण या दिलचस्प नाम से संबोधित करते हैं। मेरे भी आत्मीय जन मुझे तमाम उपनाम व उपाधियों संबोधित करते हैं। जिनमें कुछ वायरल उपनामों और उपाधियों से आप परिचित हैं। खैर, उपाधि मेरे लिए एक जिम्मेदारी है। मैं मरते दम तक इन उपाधियों पर ख़रा उतरने की कोशिश करूँगा।


*4.आपने इतनी कम उम्र में अपने लेखन को इतना प्रभावशाली कैसे बनाया। क्या आपको यह प्रतिभा विरासत में मिली है?*


A.नहीं, मेरी प्रतिभा विरासत नहीं, विपन्नता की देन है। अर्थात् मुझे लेखन की प्रतिभा विरासत में नहीं मिली है। मेरी माँ अँगूठाछाप हैं और मेरे पिता दो-तीन क्लास तक ही पढ़े हैं, यानी वे भी अँगूठाछाप हैं। मेरी प्रतिभा की जननी मेरी गरीबी है। वह महान है कि नहीं? यह भविष्य तय करेगा। हमें अपने महान होने के बोध से बचना चाहिए, जो अपने महान होने के बोध से बचकर लिखते हैं वे लंबे समय तक अच्छा लिखते हैं। ऐसा पुरखों का कहना है। उपन्यास सम्राट प्रेमचंद भी यह मानते हैं कि गरीबी महान प्रतिभा को जन्म देती है। लेकिन मैं 'महान' शब्द को भविष्य पर छोड़ता हूँ। मेरी प्रतिभा भी दीनता की कोख से जन्मी है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि 'प्रतिभा' जन्मजात चीज़ है। आचार्य भामह ने भी कहा कि काव्यप्रतिभा कुछ ख़ास लोगों में ही होती है। इस संदर्भ में मुझे आचार्य कुंतक याद आ रहे हैं, वे कहते हैं-"प्राक्तनाद्यतन-संस्कार-परिपाक-प्रौढ़ा प्रतिभा काचिदेव कविशक्तिः।" (अर्थात् पूर्व एवं वर्तमान जन्म के संस्कारों से मिली कवित्व शक्ति प्रतिभा है।) प्रतिभा को प्रमुख काव्य हेतु माना जाता है। लेकिन आचार्य दण्डी ने अभ्यास पर ज़ोर दिया है। क्योंकि अब अभ्यास कर के कोई भी कवि बन सकता है। अभ्यास कर कविता लिखी जा सकती है और लिखी जा रही हैं। लेकिन अभ्यास उस कवि को परिष्कृत करता है, जिसमें कवित्व की प्रतिभा होती है, जो जन्मजात कवि हैं। लेकिन यह भी ध्यान रखने वाली बात है कि सभी को संतुष्ट करने की इच्छा कारयित्री प्रतिभा की मृत्यु का कारण होती है!


अब रही बात इतनी कम उम्र में अपने लेखन को प्रभावशाली बनाने की बात, तो वह है सही पथप्रदर्शक के चुनाव से संभव हुआ है। मैं बार-बार अलग-अलग साहित्यिक मंचों से यह बात कहता रहा हूँ कि मित्र व मार्गदर्कश का चयन सोच समझ कर करें। हमें स्वामी विवेकानंद की परंपरा का शिष्य बनना चाहिए, यानी हमें भी अपने गुरु की परीक्षा लेकर ही उन्हें गुरु बनाना चाहिए। चयन के मामले में मैं अपने को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मैंने सही पथप्रदर्शकों का चयन किया है। मेरे सभी पथप्रदर्शक साहित्य के सूर्य हैं, मनुष्यता के मार्गदर्कश हैं। जिनकी रोशनी में मेरी सृजन-यात्रा जारी है।

 

*5.आप हिंदी एवं भोजपुरी दोनों भाषाओं में लिखते हैं इसकी कोई खास वजह।भोजपुरी भाषा की तरफ कैसे रुझान हुआ।*


A. वैसे तो विद्यालय से विश्वविद्यालय के सफ़र को ध्यान रख कर देखा जाए, तो अब तक मैंने संस्कृत, पालि, अपभ्रंश, हिंदी, भोजपुरी, फ्रेंच व अंग्रेजी भाषाओं का अध्ययन किया है। तमिल भाषा सीखने की प्रबल इच्छा है। रही बात भोजपुरी में लिखने की, तो भोजपुरी में अभी तक मैंने कोई ढंग की साहित्यिक रचना नहीं की। आर्थिक संकट के दंश से बचने के लिए 2015 से 2018 के बीच भोजपुरी सिनेमा के गीत मैंने लिखे हैं जो कि भर्ती हैं, लेकिन अब मुझे कुछ साहित्यिक चीज़ें लिखनी हैं। क्योंकि यह मेरी पितृभाषा है, मेरी मातृभाषा अवधी और भोजपुरी के संयोग से निर्मित भाषा है, क्योंकि मेरे पिता भोजपुरी हैं और मेरी माता अवधी।


*6.युवा कवि के रुप में आपकी बहुत प्रतिष्ठा है। इसे आपने कैसे अर्जित किया। हमारे नए रचनाकारों को लेखन विषय संबंधी क्या जानकारी देना चाहेंगे।*


A. आपके इस सवाल का उत्तर चौथे सवाल के उत्तर में निहित है। खैर, रही बात नए रचनाकारों को लेखन विषय संबंधी जानकारी देने की, तो नये रचनाकारों को एक बात हमेशा ध्यान रखनी चाहिए कि उनमें धीरता और गंभीरता ये दो चीजें होनी चाहिए। उन्हें अपने लेखन से किसी को ख़ुश करने से बचना चाहिए। साथ में उन्हें परंपरा का भी ज्ञान होना चाहिए, इसके लिए उन्हें अपने समकालीन साहित्यकारों के साथ-साथ पुरखों को ख़ूब पढ़ना चाहिए। उन्हें पुरखों से प्रेरणा और प्रतिक्रिया एक साथ ग्रहण करनी चाहिए। उन्हें अपनी भाषा और संवेदना पर काम करना चाहिए तथा किसी बड़े रचनाकार के शिल्प को कॉपी करने से बचना चाहिए। यह तभी संभव हो पाएगा, जब आपका कोई साहित्यिक गुरु होगा, इसलिए एक अच्छे साहित्यिक गुरु की तलाश करें, जो आपके करीब भी हों, नहीं कि हमें लिखनी है कविता और हम कथाकार को गुरु बना लें।


*7.आपका लालन-पालन किन परिस्थितियों में हुआ। क्या लेखन कला और अन्य प्रतिभाओं का जन्म पारिवारिक परिवेश से हुआ।*


A. आपके इस प्रश्न का उत्तर पहले व दूसरे प्रश्न के उत्तर में दिया जा चुका है। लेकिन एक बात जो नहीं बतानी चाहिए, लेकिन मैं बता दे रहा हूँ, वह यह कि मेरा लालन-पालन विपरीत परिस्थितियों में हुआ है। शैशवावस्था में जब मैं दुधमुंहा शिशु था, तो मेरे पिता मेरी माँ को पाँच बरस के लिए वनवास भेज दिये थे। मामला दहेज-वहेज का था। माँ मुझे लेकर अपने मायके चली गयीं। उनके पिता व भाई पहाड़ों में काम करते थे, बोल्डर काटते थे व पटिया निकालते थे इसलिए मुझे बचपन में मेरे हाथों कलम की जगह छेनी-हौथी, चकधारा, टाँकी, गुट्ठा व घन आदि मिला। मेरी माँ बीमार थीं, उन्हें दूध नहीं होता था, तो माँ की सहेलियों ने मुझे अपना स्तनपान कराया। पड़ोसियों ने अपनी बकरी का दूध दिया। यहाँ सब कुछ बताना संभव नहीं है। मेरे बचपन के बारे में अधिक जानने के लिए माँ की सहेलियों, भौजाइयों और मेरे गाँव की औरतों से संपर्क करें।


*8.आपके लेखन से ऐसा लगता है कि आपके हाथों में करनी और हथौड़ी हमेशा रहती है जिससे आप समाज के हर तबके की बुराइयों को तराशते नजर आते हैं कोई खास वजह।*


A. माँ खेतों में काम करती थीं, तो विरासत में मेरे हाथों में कुदाल, फावड़ा व खुरपी मिलीं। माँ अभी भी खेतों में काम करती हैं। शहर में मैं लेबर बना, तो मेरे हाथों में करनी व बसूली मिलीं। हथौड़ी तो नाना-मामा से मिली है। इन्हीं हथियारों से अपने समय को तराशने की कला सीख रहा हूँ। मेरी आत्मा के संगतराश मेरे शब्द हैं।


 *9. आपका मन अंतस की पीड़ा को बहुत बारीकी के साथ पढ़ना जानता है शायद यही वजह है कि आपके काव्य में लाचारी पर बहुत अधिक लिखा गया है। हमारे पाठक जाना चाहते हैं कि लेखक बनने से पहले किन भावों  का अत्यधिक महत्व है।*


A. पीड़ा प्रबोधन की पंक्तियाँ जनविमुखव्यवस्था का प्रतिपक्ष होती हैं, जो मानवीय संवेदना के संघनित होने पर प्रोक्ति में तब्दील हो जाती हैं। ऐसी पंक्तियां अंतर्मन की आँख से पढ़ी जाती हैं। मेरे यहाँ काव्य में लाचारी, मनुष्य की लालसा की तरह है और उदासी उम्मीद की तरह, क्योंकि लाचारी, उदासी व पके हुए दुःख में जीवन की लय होती है, उदात्त जिजीविषा होती है। खैर, लेखक बनने से पहले उसकी भीतरी या सच्ची प्रवृत्ति-निवृत्ति को जागृत रखने वाले भावों का अत्यधिक महत्व है। लेखक को सामाजिक मन को उद्दीप्त करने वाले भावों को पहचानने की कला में सिद्धहस्त होना चाहिए। उसे उन भावों को शब्दबद्ध करना चाहिए, जो समाज को मनुष्यता की उच्च भूमि पर लेकर जाएं। इन्हीं भावों को लोकमंगल की भावना के अंतर्गत रखा जाता है। जब ऐसे उदात्त भाव से पाठक गुज़रते हैं, तो वे अपने संकुचित व कुंठित मानसिकता से मुक्त होते हैं और जो रचना अपने पाठक को कुंठित मानसिकता से मुक्त करती हुई उसे आनंद की अनुभूति कराती है, वह अच्छी रचना होती है।


*10. किन बातों से प्रेरित होकर अपने दिव्यंग सेवा संस्थान खोलने का निर्णय लिया।*


A. दरअसल 'दिव्यंग सेवा संस्थान' एक आभासी मंच है। जहाँ दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क में अध्ययन सामग्री उपलब्ध करायी जाती है। मेरे पिता रीढ़ से दिव्यांग हैं प्रेरणा तो उन्हीं से मिली है क्योंकि वे फक्कड़ स्वभाव के हैं बिलकुल कबीर की तरह लेकिन मैं उन्हें अमीर खुसरो कहता हूँ क्योंकि वे पहेलियाँ पूछते रहते हैं। बहरहाल, मेरे कई सहपाठी साथी नेत्रहीन हैं, उनके कहने पर ही 'दिव्यंग सेवा संस्थान' को खोला गया है। इस मंच पर कवि, लेखक, शिक्षक, प्रोफेसर, पत्रकार, वकील व समाजसेवी आदि सभी का वक्तव्य उपलब्ध कराया जाता है, जो हमारे पठन-पाठन से संबंधित होते हैं।


नाम : गोलेन्द्र पटेल

संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com

Friday, 21 July 2023

मणिपुर की घटना पर केंद्रित कविताएँ (manipur kee ghatana par kendrit kavitaen)

 मणिपुर की घटना पर केंद्रित कविताएँ : गोलेन्द्र पटेल


1).


पके हुए दुःख

 ________________________________


घटनाएँ उत्प्रेरक होती हैं,

जो दुःख की रचनात्मक क्रिया की गति को बढ़ाती हैं


पके हुए दुःख 

कला में उस क्षण उतरते हैं

जब कलाकार भीतर से द्रवित होता है!


अमानवीय घटनाएँ

संवेदनशील मनुष्य को झकझोरती हैं

ताकि वह अत्याचार पर मौनव्रत सरकार से सवाल करे

वह ऐसी घटनाओं पर आवाज़ उठाये

जो नफ़रत की राजनीति को जन्म देती हैं

जो मनुष्यता को शर्मसार करती हैं


यह देश के लिए दुखद है 

कि राज्य में ऐसी घटनाएँ राजधानी की देन हैं

दुर्नीति-निर्मित हैं


आए दिन ऐसी घटनाओं की ख़बरें देखकर 

मन बहुत दुखी है

जन! दुखी मन कल का राज्य कैसे रचे?

राष्ट्र कब रोता है? 

क्यों रोता है? 


देखो न! सुनो न! 

निर्वस्त्र नारियों का चीखना, चिल्लाना, चीत्कारना, चोकरना, चिंघाड़ना, सिसकना

गरियाना, गुर्राना, बर्राना और दर्द की चुप्पी

इस रचना में

राष्ट्र की रूह रो रही है न?


उनका दुःख हमारा दुःख है

हम उनके हैं

वे हमारे

हम उनके दुःख को भाषा के हवाले कर रहे हैं

क्योंकि भाषा से केंद्र की सत्ता तय होती है!

(रचना : 21 जुलाई 2023)

तसवीर साभार : गूगल

2).


लहूलुहान आत्मा

______________________________________


वीभत्स वीडियो है

पता नहीं कब से रौंदी जा रही हैं वे?


इस धरती पर

वे जो अपने पेट में तुम्हारा पुरुषार्थ ढोती हैं

और तुम्हारे हिस्से की धूप अपनी पीठ पर

और कंधे पर आसमान


उन्हें कभी लकड़ी समझ कर चूल्हे में जलाया जाता है

तो कभी खेत समझ कर जोता जाता है

तो कभी पत्थर में तब्दील कर दिया जाता है

तो कभी उनकी देह युद्धभूमि होती है

तो कभी वे जुए में हारी जाती हैं


अभी वे ख़ुद की ख़ुदी खोज कर रही हैं

अभी वहाँ उनकी हत्या हुई है

अभी यहाँ उनकी आत्मा लहूलुहान है

अभी वे यौन हिंसा और दरिंदगी के दुर्दांत खेल के ख़िलाफ़

अँधेरे में केवल जलती मशाल हैं


वे अन्याय के प्रति असहिष्णु हैं

उनकी रचनात्मक पीड़ा में उग्रता की गंध है

उनकी आँखों में आग है

उनकी भाषा में टीस है

उनके गीतों की टेक है—

“मर गया देश, 

अरे जीवित रह गए तुम!”

(रचना :  22 जुलाई 2023)

तसवीर साभार : गूगल

[नोट: अंतिम दो पंक्तियाँ मुक्तिबोध की हैं।]


3).


दो हरी पीड़ित पत्तियाँ 

______________________________________


चारों ओर शोर है


सन्नाटा बढ़ता जा रहा है

उफनी हुई नदी की स्याह लहरें

बातें कर रही हैं

आगामी सुनामी पर

जिन पर बोलना ज़रूरी है

वे सब चीज़ें अनुपस्थित हैं


एक नदी जब दीन होकर 

रोती है

तो कुछ गाँव, कुछ शहर डूबते हैं

लेकिन एक पत्ती की आँखों से 

जब ख़ून के आँसू टपकते हैं

तो पूरा देश डूबता है

और सारे पहाड़ धरती में धँस जाते हैं


जितने भी द्वीप डूबे हैं, देश डूबे हैं

वे सब के सब पत्तियों के आँसू में डूबे हैं

पर, वे दो हरी पत्तियों के आँसू में डूबे नहीं

क्योंकि अब कागज़ की नाव आँसू में गलती नहीं है

भँवर में डूबती नहीं है

वे उसी नाव में सवार हैं

उन्हें तकलीफ़ के तूफ़ान से भय नहीं है


जनतंत्र के जंगल में 

दोनों पीड़ित पत्तियाँ 

न्याय की गुहार किससे लगायें

पेड़ से?

प्रभु से?


दोनों पत्तियों का दुःख देश का दुःख है

क्योंकि देश पत्ती है!

(रचना :  21 जुलाई 2023)

तसवीर साभार : गूगल

4).


समाज इतना संवेदनहीन क्यों होता जा रहा है?

_________________________________________


नदियाँ तब उफनती हैं

जब उनके परिसर को लोग हथिया लेते हैं

इतना ही कागज़ पर लिखा था मैंने

कि मछलियों की आँखों से टपकीं 

आँसू की बूँदों ने पानी में डूबे हुए सूरज से पूछा,


यह जघन्य, घिनौना, निंदनीय व भयानक अपराध किसकी देन है?


पुरुषों का इतिहास गवाह है

कि स्त्रियाँ धर्म व जाति के नाम पर सबसे अधिक छली गयी हैं 


पहाड़ के पत्थर पर शर्म से लहूलुहान स्त्रियों के सजीव चित्र हैं

सुबह-शाम चेतना की चिरई पीड़ा का प्रगीत गाती है


आज फिर कुछ कलियों को रौंदा गया है

पेड़ की पत्तियों से हवा की तरह

भाषा आती है

जंगल की ख़बर से सनी सुगंध संसद में यह सवाल करती है

कि पुरुषप्रधान राजनीति स्त्रियों की इज़्ज़त कब की है!


अमानवीय षडयंत्रकारी घटनाओं के इतिहास में

एकैक अक्षरों के नीचे अनेक स्त्रियों की चीखें दबी हैं

अहिल्या के बलात्कार से लेकर द्रौपदी के चीरहरण तक 

और नंगेली के स्तन कटने से लेकर निर्भया कांड तक

इस तरह की तमाम घटनाओं की स्मृति मात्र से भीतर ज्वाला सी धधक उठी है

मन कर रहा है कि फूँक दूँ उन्हें

जिनकी राजनीति स्त्री की देह से होकर गुज़रती है

जिनकी विजययात्रा उसकी योनि में होती है


जिस देश को माता कहा जाता है—भारत माता

जहाँ स्त्रियाँ पूजी जाती हैं

वहाँ आरक्षण की आग में जल रही हैं जातियाँ

उजड़ रही हैं बस्तियाँ


मणिपुर में क्रिस्चन कुकी दो औरतों को नंगा घुमाना

राष्ट्रनायक की आत्मा का मरना है!


घुमाने वालों की ज़मीन मर चुकी है

उनकी माँएँ अपनी कोख को कोस रही हैं

उनकी रूह काँप गयी है

यह सोच कर कि कल कहीं उनके साथ ऐसा न हो जाए!


आख़िर समाज इतना संवेदनहीन क्यों होता जा रहा है?

इस घटना पर जनबुद्धजीवी चुप क्यों हैं?

क्या वे सत्ता के सिंहासन को हिलाने में असमर्थ हैं?


वे अंधे तो नहीं हैं, वे बहरे तो नहीं हैं

फिर वे बोल क्यों नहीं रहे हैं

उनके पक्ष में जिनको उनके साथ की ज़रूरत है


जो कमज़ोर के पक्ष में बोल रहे हैं 

उनकी बातें दबा दी जा रही हैं

मगर मज़ेदार बात यह है कि

सवाल करने वाले साहित्य को सत्ता जितनी अधिक दबाती है

वह उतनी अधिक दूरी तय करता है।

(रचना :  21 जुलाई 2023)


5).


मृत मणिपुर

________________________________


यह भाषा में स्याह संवेदना रचने का समय है


मणिपुर की मणि गायब है

वह अँधेरे में है

उसकी इन्सानियत मर गयी है

उसका पुर जल रहा है


बर्बर, बलात्कारी व हैवान पुरुषों की भीड़ द्वारा

वहाँ दो स्त्रियों का नग्न परेड कराया गया

लेकिन सब चुप रहे 


जो स्वयं को कलंकित कर रहे हैं

वे पूरी पुरुष-जाति को बदनाम कर रहे हैं


मृत मुल्क में न्याय की उम्मीद किससे है?

सरकार से?

जनता से?

(रचना :  21 जुलाई 2023)


6).


न्यायसंगत प्रतिरोध शक्ति

_________________________________________


तुम मसल सकते हो सभी कलियों को

रौंद सकते हो सभी फूलों को

मगर तुम सुगंध को आने से नहीं रोक सकते


यह उन मधुमक्खियों की निजी क्रांति है 

जिन्हें बोलने मात्र के लिए सज़ा होती रही है

जिनके पंख कुतरे जा रहे हैं


रंग के चुप रहने का मतलब यह तो नहीं 

कि तितलियों के भीतर कोई हलचल नहीं है! 


ये मधुमक्खियाँ और तितलियाँ 

रस के हक लिए

आभूषण नहीं, औज़ार लैस होना चाहती हैं


ये तुम्हारी जीभ पर अपने डंक से लिखना चाहती हैं

न्यायसंगत प्रतिरोध शक्ति!

(रचना :  21 जुलाई 2023)


संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com

Friday, 14 July 2023

स्त्री, औरत और महिला में क्या अंतर है? : गोलेन्द्र पटेल / stree, aurat aur mahila mein kya antar hai? : Golendra Patel

 स्त्री, औरत और महिला में क्या अंतर है?




हमारी भाषा में सच तो यही है कि

दो शब्द एक दूसरे के पर्यायवाची नहीं होते


स्त्री, औरत और महिला में क्या अंतर है?


नारीवादी दृष्टि में ‘स्त्री’ वह संज्ञा है

जो अपनी अस्मिता का अन्वेषण कर रही है

और वह अन्य दोनों संज्ञाओं को अपने में समेटी हुई है


‘महिला’ वह संवैधानिक शब्द है

जो सभ्य, शिष्ट और शिक्षित की ओर संकेत करता है

लेकिन ‘औरत’ वह साहित्यिक शब्द है

जो अनपढ़, असहाय और गँवई की ओर संकेत करता है

हालांकि वाचक और बोधक के बीच

ये संज्ञाएँ

अपने अलग-अलग अर्थ का बोध कराती हैं


ये संज्ञाएँ अपने अस्तित्व के लिए

संघर्षरत हैं


पुरुषों के व्याकरण में नारी का विलोम नर है

स्त्री का विलोम पुरुष है

और औरत का विलोम मर्द है 

पर, प्रश्न यह है, महिला का विलोम क्या है?

जबकि चारों शारीरिक संरचना में एक हैं!


(©गोलेन्द्र पटेल / 15-07-2023)

संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com

Saturday, 1 July 2023

हिन्दी कविता में स्तन : गोलेन्द्र पटेल / Breast in Hindi Poetry: Golendra Patel

हिंदी कविता में स्तन
—गोलेन्द्र पटेल

भारतीय साहित्य में मानव-शरीर का चित्रण केवल जैविक या दृश्य यथार्थ का प्रतिरूप नहीं है, बल्कि वह सांस्कृतिक स्मृति, सौंदर्यबोध, दार्शनिक चिंतन और भाव-अनुभूति का एक महत्त्वपूर्ण आधार भी है। वैदिक ऋचाओं से लेकर संस्कृत महाकाव्यों, नाटकों, पुराणों, आयुर्वेद, भक्तिकाव्य, रीतिकाव्य तथा आधुनिक भारतीय भाषाओं के साहित्य तक शरीर के प्रत्येक अंग को किसी न किसी प्रतीकात्मक अर्थ से जोड़ा गया है। स्त्री-शरीर के संदर्भ में 'स्तन' ऐसा ही एक बिंब है, जिसने समय, समाज और साहित्यिक प्रवृत्तियों के अनुसार निरंतर नए अर्थ ग्रहण किए हैं। कभी वह मातृत्व और जीवन-पोषण का स्रोत बनकर सामने आता है, कभी यौवन और सौंदर्य का प्रतीक बनता है, कभी वैराग्य और यथार्थ-बोध का माध्यम, तो कभी स्त्री-अस्तित्व, प्रतिरोध और सामाजिक विमर्श की सशक्त अभिव्यक्ति। संस्कृत भाषा में 'स्तन' के लिए केवल एक शब्द का प्रयोग नहीं हुआ। कवियों और आचार्यों ने प्रसंगानुसार पयोधर, कुच, उरोज, वक्षोज, स्तनकलश, उरसिज, पयोघर आदि अनेक पर्यायों का प्रयोग किया। इन शब्दों की विविधता यह संकेत करती है कि भारतीय काव्य-परंपरा में किसी अंग का वर्णन मात्र दृश्यात्मक नहीं था, बल्कि उसके साथ भाव, रस और सांस्कृतिक अर्थ भी जुड़े हुए थे। 'पयोधर' शब्द में जहाँ दूध धारण करने की क्षमता का बोध है, वहीं 'उरोज' वक्षस्थल पर उत्पन्न होने की स्थिति का संकेत देता है और 'कुच' शास्त्रीय काव्य की अलंकारिक परंपरा का प्रिय शब्द बन जाता है। भारतीय साहित्य में स्तन का सर्वप्रथम उल्लेख काम या शृंगार के रूप में नहीं, बल्कि जीवन-पोषण के प्रतीक के रूप में प्राप्त होता है। ऋग्वेद में सरस्वती की स्तुति करते हुए ऋषि प्रार्थना करता है—
“यस्ते स्तनः शशयो यो मयोभूर्येन विश्वा पुष्यसि वार्याणि।
यो रत्नधा वसुविद्यः सुदत्रः सरस्वति तमिह धातवे कः॥”
(ऋग्वेद १.१६४.४९)
यहाँ देवी के स्तन को समस्त जगत का पालन करने वाली शक्ति के रूप में देखा गया है। वह केवल मातृत्व का नहीं, ज्ञान, समृद्धि और जीवन-ऊर्जा का भी प्रतीक है। इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय चिंतन में स्तन का मूल अर्थ पोषण, संरक्षण और सृजन से जुड़ा रहा है। शास्त्रीय संस्कृत काव्य में प्रवेश करते ही यह बिंब सौंदर्यशास्त्र का महत्त्वपूर्ण अवयव बन जाता है। नख-शिख वर्णन की परंपरा में कवियों ने स्त्री-सौंदर्य का सूक्ष्म, कलात्मक और सांकेतिक निरूपण किया। इस वर्णन का उद्देश्य देह का स्थूल चित्रण नहीं था, बल्कि रसोत्पत्ति और सौंदर्यानुभूति का निर्माण करना था। इसी कारण स्तनों की तुलना कभी कनक-कलश से, कभी कमल-मुकुल से, कभी श्रीफल से, कभी गजकुम्भ से और कभी चक्रवाक-युगल से की गई। इन उपमानों में आकार की अपेक्षा पूर्णता, सममिति, कोमलता, सौभाग्य और जीवन-समृद्धि का बोध अधिक महत्त्वपूर्ण है। महाकवि कालिदास इस परंपरा के सर्वाधिक संतुलित और कलात्मक प्रतिनिधि हैं। उनके यहाँ स्त्री-सौंदर्य कभी अश्लील या उद्दीपक नहीं बनता, बल्कि प्रकृति के साथ एक गहरे सामंजस्य में विकसित होता है। कुमारसंभव में पार्वती के यौवनारंभ का वर्णन करते हुए वे लिखते हैं—
“अन्यामवस्थां प्रथमा प्रपन्ना
स्तनद्वयेनातिभरानतेन॥”

यहाँ कवि का ध्यान किसी मांसल विवरण पर नहीं, बल्कि किशोरावस्था से यौवन में प्रवेश करने वाली स्त्री के स्वाभाविक रूपांतरण पर है। उन्नत वक्षस्थल के भार से उत्पन्न हल्का झुकाव लज्जा, विनय और यौवन की प्रथम आहट का कलात्मक संकेत बन जाता है। इसी महाकाव्य में पार्वती के स्तनों की निकटता का वर्णन करते हुए कालिदास कहते हैं—
“मृणालसूत्रान्तरमप्यलभ्यम्।”

अर्थात् दोनों के मध्य इतना भी स्थान नहीं था कि कमल-नाल का एक सूक्ष्म तंतु भी समा सके। यहाँ उपमा शरीर की उत्तेजक प्रस्तुति नहीं, बल्कि प्रकृति और सौंदर्य के सूक्ष्म सामंजस्य का उदाहरण है। यही कारण है कि कालिदास की काव्य-दृष्टि भारतीय सौंदर्यशास्त्र में आदर्श मानी जाती है। अभिज्ञानशाकुन्तलम् में भी शकुन्तला का सौंदर्य वन की सहजता और निष्कलुषता के साथ जुड़ा हुआ है। जब वह वल्कल धारण कर आश्रम के वृक्षों का सिंचन करती है, तब दुष्यन्त के मन में विचार आता है—
“पयोधराभ्यान्तरवर्ति वल्कलम्...”

वल्कल की कठोरता और शरीर की कोमलता के बीच उत्पन्न यह विरोधाभास ही दृश्य का सौंदर्य रचता है। यहाँ स्त्री-देह का वर्णन किसी भोगवादी दृष्टि से नहीं, बल्कि प्रकृति, सरलता और यौवन के सम्मिलित बिंब के रूप में किया गया है। कालिदास के अतिरिक्त संस्कृत साहित्य में अनेक कवियों ने स्तनों को सौंदर्य का उपमान बनाया, किन्तु भर्तृहरि ने उसी परंपरा के भीतर उसका दार्शनिक पुनर्मूल्यांकन किया। वैराग्यशतक का प्रसिद्ध श्लोक—
“स्तनौ मांसग्रन्थी कनककलशावित्युपमितौ।”
भारतीय काव्य-परंपरा के आत्मालोचन का उत्कृष्ट उदाहरण है। भर्तृहरि कहते हैं कि जिन्हें कवि स्वर्ण-कलश कहकर अलंकृत करते हैं, वे वस्तुतः मांस की ग्रंथियाँ ही हैं। यह कथन सौंदर्य का निषेध नहीं, बल्कि मनुष्य को मोह और आसक्ति से ऊपर उठाकर यथार्थ की ओर ले जाने का प्रयास है। इस प्रकार एक ही प्रतीक कालिदास के यहाँ सौंदर्य का, तो भर्तृहरि के यहाँ वैराग्य का माध्यम बन जाता है। संस्कृत साहित्य में स्तन का अर्थ केवल यौवन और शृंगार तक सीमित नहीं रहता। मातृत्व और वात्सल्य के प्रसंगों में वही बिंब पूर्णतः भिन्न अर्थ ग्रहण करता है। रघुवंश में नंदिनी गौ के थनों से प्रवाहित दूध को जीवनदायी करुणा और मातृ-स्नेह का रूप माना गया है। भागवत पुराण में बालकृष्ण का यशोदा के स्तनों से दुग्धपान करना वात्सल्य-रस का सर्वोच्च उत्कर्ष बन जाता है। वहाँ स्तन शारीरिक सौंदर्य का नहीं, प्रेम, पोषण और आत्मीयता का अक्षय स्रोत है। इसी कारण भारतीय परंपरा में 'पयोधर' शब्द विशेष अर्थपूर्ण है, क्योंकि उसमें पोषण की अवधारणा अंतर्निहित है। संस्कृत साहित्य के समानांतर आयुर्वेद ने भी स्तनों का वर्णन वैज्ञानिक दृष्टि से किया। चरकसंहिता और सुश्रुतसंहिता में स्तन्य, स्तन-रचना तथा स्तन-रोगों का विशद विवेचन मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय ज्ञान-परंपरा में स्तन केवल काव्य का विषय नहीं, चिकित्सा-विज्ञान का भी महत्त्वपूर्ण अंग था। इसी प्रकार गरुड़पुराण में स्त्री के शुभ-लक्षणों का वर्णन करते हुए कहा गया है—"अरोमशौ स्तनौ पीनौ घनौ अविषमौ शुभौ।" यहाँ सौंदर्य का संबंध संतुलन और स्वास्थ्य से जोड़ा गया है।
संस्कृत की यह बहुआयामी परंपरा आगे चलकर भारतीय भाषाओं के साहित्य में नए अर्थों के साथ विकसित हुई। तमिल महाकाव्य शिलप्पदिकारम् में कण्णगी अपने निर्दोष पति की हत्या पर क्रुद्ध होकर अपना बायाँ स्तन उखाड़कर मदुरै पर फेंक देती है और नगर के विनाश का शाप देती है। यहाँ स्तन न सौंदर्य का प्रतीक है, न मातृत्व का; वह न्याय, सतीत्व और प्रतिरोध की ज्वाला का रूप ग्रहण कर लेता है। संगमकालीन पुरनानूरु की एक प्रसिद्ध कविता में वीर-माता यह घोषणा करती है कि यदि उसका पुत्र युद्धभूमि से पीठ दिखाकर भागा होगा तो वह उन स्तनों को काट देगी जिन्होंने उसे दूध पिलाया है। जब उसे ज्ञात होता है कि पुत्र के वक्ष पर वीरगति का घाव है, तब वही स्तन गौरव और मातृ-स्वाभिमान के प्रतीक बन जाते हैं। बांग्ला साहित्य में मध्यकालीन वैष्णव कवियों चंडीदास और विद्यापति ने राधा के यौवन और दिव्य शृंगार के प्रसंगों में स्तनों की तुलना कनक-शिखरों और श्रीफल से की, जबकि आधुनिक युग में महाश्वेता देवी की प्रसिद्ध कहानी ‘स्तनदायिनी’ ने इसी बिंब को सामाजिक शोषण की करुण कथा में रूपांतरित कर दिया। जशोदा नामक पात्र अपने स्तनों के माध्यम से अनेक बच्चों का पालन करती है और अंततः उसी प्रक्रिया का शिकार होकर स्तन-कैंसर से मृत्यु को प्राप्त होती है। यहाँ स्तन स्त्री-देह के आर्थिक दोहन और मातृत्व के बाजारीकरण का प्रतीक बन जाता है। मराठी संत साहित्य में यह बिंब पुनः वात्सल्य और भक्ति की ओर लौटता है। संत ज्ञानेश्वर और संत तुकाराम विठ्ठल को 'माऊली' अर्थात् माँ कहकर संबोधित करते हैं। जिस प्रकार माता शिशु को स्तनपान कराकर तृप्त करती है, उसी प्रकार ईश्वर अपने भक्तों को कृपा और प्रेम से पोषित करता है। दूसरी ओर केरल की नंगेली की ऐतिहासिक-लोककथा स्तन को सामाजिक विद्रोह का प्रतीक बना देती है। 'मुलक्करम्' अर्थात् स्तन-कर के विरोध में अपने स्तनों का बलिदान देने वाली नंगेली भारतीय सामाजिक इतिहास में देह-अधिकार और मानवीय गरिमा की अद्वितीय मिसाल बन गई। कन्नड़ वचन-साहित्य की महान संत अक्का महादेवी ने स्त्री-देह को पुरुष-दृष्टि से देखने की प्रवृत्ति का तीखा प्रतिरोध किया। उनके वचनों में स्तन शरीर की पहचान नहीं, बल्कि उस सामाजिक दृष्टि पर प्रश्नचिह्न हैं जो स्त्री को केवल देह तक सीमित कर देती है। उनके लिए आध्यात्मिक प्रेम देह की सीमाओं से कहीं अधिक व्यापक है।
हिंदी साहित्य ने संस्कृत की इस परंपरा को ग्रहण करते हुए उसे अपने युगानुकूल अर्थ प्रदान किए। भक्तिकाल में सूरदास के यहाँ यशोदा का स्तनपान वात्सल्य-रस की चरम अभिव्यक्ति बनता है। रीतिकाल में बिहारी, देव, घनानंद और अन्य कवियों ने नख-शिख वर्णन की परंपरा में कुच, उरोज और पयोधर के लिए कनक-कलश, श्रीफल और गजकुम्भ जैसे उपमानों का प्रयोग किया। आधुनिक हिंदी कविता में यह दृष्टि बदलती है। अब स्तन केवल सौंदर्य का नहीं, स्त्री-अनुभव, मातृत्व, बीमारी, स्मृति और अस्तित्व का प्रतीक बन जाता है। पवन करण की कविता 'स्तन' स्तन-कैंसर के अनुभव के माध्यम से प्रेम, वियोग और देह की असुरक्षा को व्यक्त करती है, जबकि समकालीन कवयित्रियाँ स्त्री-देह को पुरुष-केंद्रित दृष्टि से मुक्त कर उसकी आत्मानुभूति और स्वायत्तता पर बल देती हैं। इस प्रकार भारतीय साहित्य की दीर्घ परंपरा यह प्रमाणित करती है कि 'स्तन' का साहित्यिक अर्थ किसी एक रस, विचार या दृष्टिकोण तक सीमित नहीं है। वैदिक साहित्य में वह जीवन-पोषण का प्रतीक है; संस्कृत महाकाव्यों में सौंदर्य और यौवन का; भर्तृहरि के यहाँ वैराग्य का; पुराणों और भक्तिकाव्य में मातृत्व का; तमिल साहित्य में न्याय और प्रतिरोध का; आधुनिक भारतीय भाषाओं में स्त्री-अस्तित्व, सामाजिक यथार्थ और देह-राजनीति का। यही बहुआयामी अर्थ-समृद्धि भारतीय साहित्य को अद्वितीय बनाती है, जहाँ एक ही प्रतीक विभिन्न युगों में बदलते हुए समाज, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का दर्पण बन जाता है।

साहित्य, संगीत, सिनेमा और ललित कलाओं में स्तनों के प्रति सम्मानपूर्ण एवं संवेदनशील दृष्टि विकसित करना आवश्यक है। स्तन केवल स्त्री-शरीर का एक अंग नहीं हैं; वे स्त्रीत्व, मातृत्व, ममता, स्नेह, प्रेम, प्रजनन, पोषण और अस्मिता के बहुआयामी प्रतीक हैं। भारतीय साहित्यिक परंपरा ने उन्हें सृजनात्मक शक्ति, जीवन-ऊर्जा और सौंदर्य-बोध के रूप में भी प्रतिष्ठित किया है। यही कारण है कि विभिन्न युगों और साहित्यिक प्रवृत्तियों में उनका स्वरूप बदलता रहा है, कहीं वे वात्सल्य और करुणा के आलोक में चित्रित हुए हैं, तो कहीं श्रृंगार और काम-भावना की अभिव्यक्ति के माध्यम बने हैं। प्रेम का वास्तविक स्वरूप सदैव मौन, गंभीर और आत्मानुभूतिपरक होता है। वह जितना कोमल है, उतना ही दृढ़; जितना सूक्ष्म है, उतना ही विराट। अपनी उदात्तता में प्रेम अहंकार का विसर्जन और आत्मा का विस्तार है। आज प्रेम की चर्चा तो बहुत है, परंतु उसके जीवन-मूल्य क्रमशः क्षीण होते प्रतीत होते हैं। प्रेम बाह्य प्रदर्शन का विषय नहीं, बल्कि अंतःकरण की अनुभूति है। उसका संबंध केवल देह से नहीं, मन और आत्मा से है। आत्म-समर्पण की पराकाष्ठा में वही प्रेम भक्ति का रूप धारण कर लेता है। उसमें ऐसी रूपांतरणकारी शक्ति निहित है, जो अवगुणों को गुण तथा असुंदर को सुंदर बना देती है। इसलिए प्रेम व्यक्ति से अधिक उसके व्यक्तित्व का आलोक है। कवि मूलतः मानवीय सौंदर्य का उपासक होता है। वह शरीर में भी आत्मा की झलक खोजता है और रूप में भी भाव का आलोक देखता है। संस्कृत साहित्य की यह उदात्त सौंदर्य-दृष्टि हिंदी कविता में भी निरंतर प्रतिध्वनित होती रही है। इस परंपरा के सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि महाकवि कालिदास हैं। हिंदी कविता में स्तनों की साहित्यिक उपस्थिति को समझने के लिए कालिदास से बेहतर प्रारंभ-बिंदु दूसरा नहीं हो सकता। मेघदूत में वे लिखते हैं—
“छन्‍नोपान्तः परिणतफलद्योतिभिः काननाम्रै-
स्त्वय्यारूढे शिखरमचलः स्निग्धवेणीसवर्णे।
नूनं यास्यत्यमरमिथुनप्रेक्षणीयामवस्थां
मध्ये श्यामः स्तन इव भुवः शेषविस्तारपाण्डुः॥”

इस अनुपम उपमा में कालिदास ने प्रकृति का मानवीकरण किया है। वर्षा-मेघ से आच्छादित पर्वत-शिखर उन्हें पृथ्वी के श्यामल स्तन के समान प्रतीत होता है, जबकि उसके चारों ओर फैला हुआ पीताभ भूभाग स्तन के परिवेश का बिंब निर्मित करता है। यहाँ 'स्तन' किसी कामोत्तेजक संकेत के रूप में नहीं, बल्कि प्रकृति की जीवंतता, उर्वरता और सौंदर्य के कलात्मक प्रतीक के रूप में उपस्थित है। कालिदास की काव्य-दृष्टि की यही विशिष्टता है कि वे मानवीय शरीर और प्रकृति के बीच अद्भुत सामंजस्य स्थापित कर देते हैं। कविता में स्तनों की चर्चा का अर्थ केवल मांसलता का वर्णन नहीं है, बल्कि मानवीय सौंदर्य-बोध, प्रेमानुभूति और सांस्कृतिक प्रतीकों की व्याख्या भी है। हिंदी साहित्य की प्रारंभिक प्रेमधारा, विशेषतः आदिकालीन प्रेमाख्यानों में, शरीर-सौंदर्य का वर्णन प्रेम की स्वाभाविक अभिव्यक्ति के रूप में मिलता है। अनेक प्रेमकाव्यों में नायिका के उरोजों और अन्य अंगों का वर्णन अलंकारिक एवं सौंदर्यपरक शैली में किया गया है। इन वर्णनों का उद्देश्य तत्कालीन काव्य-परंपरा के अनुरूप प्रेम, आकर्षण और श्रृंगार-रस की अनुभूति का सृजन करना था। अतः उन्हें केवल दैहिक उद्दीपन के रूप में नहीं, बल्कि अपने समय के सौंदर्यशास्त्र, काव्य-रूढ़ियों और रस-सिद्धांत के व्यापक परिप्रेक्ष्य में समझना अधिक समीचीन होगा। जीवन का प्रेम और सौंदर्य से अविच्छिन्न संबंध है। प्रेम के रंग और सौंदर्य की सुगंध ही जीवन के वास्तविक रंग और गंध हैं। देह प्रेम की प्रथम अनुभूति का आधार है; प्रेम और सौंदर्य की आरंभिक अभिव्यक्तियाँ इसी के माध्यम से आकार ग्रहण करती हैं। मानवीय संवेदनाएँ, आकर्षण, अनुराग और सौंदर्य-बोध शरीर से ही अपनी पहली भाषा पाते हैं। देह में वासना के अंकुर भी फूटते हैं और आत्मीयता के पुष्प भी खिलते हैं। इसी से भावावेगों को उद्दीप्त करने वाली प्रेम-कविताएँ जन्म लेती हैं और मानवीय संबंधों का सौंदर्य अपना काव्यात्मक रूप ग्रहण करता है। यदि प्रेम देवत्व का रूप है, तो स्त्री-देह उसके सौंदर्य का पावन मंदिर है। उसकी आभा पुरुष के भीतर यौवन, आकर्षण और जीवनानंद की अनुभूति जगाती है। संभवतः इसी कारण प्रेम का सच्चा कवि आयु से नहीं, संवेदना से सदैव युवा बना रहता है। रीतिकालीन काव्यधारा में केशवदास का व्यक्तित्व इसका रोचक उदाहरण प्रस्तुत करता है। पाण्डित्य और अलंकार-वैभव के बीच भी उनका रसिक मन वृद्धावस्था को सहज स्वीकार नहीं कर पाता। जब युवतियाँ उन्हें 'बाबा' कहकर संबोधित करती हैं, तब वे विनोदपूर्ण व्यथा के साथ कहते हैं—
“केसव केसनि अस करी बैरिहु जस न कराहिं।
चंद्रबदन मृगलोचनी 'बाबा' कहि-कहि जाहिं।।”
यहाँ कवि के लिए वृद्धावस्था का सबसे बड़ा संकेत शारीरिक जर्जरता नहीं, बल्कि प्रेम-दृष्टि से वंचित हो जाना है। इसीलिए यह दोहा केवल हास्य नहीं, बल्कि मानवीय मनोविज्ञान का भी सूक्ष्म उद्घाटन है। भारतीय काव्य-परंपरा में स्त्री की सत्ता केवल उसके रूप तक सीमित नहीं रही; वह प्रेम, प्रेरणा, सृजन और जीवन-सौंदर्य की केंद्रस्थ शक्ति के रूप में प्रतिष्ठित है। फिर भी विभिन्न युगों के साहित्य में तत्कालीन सौंदर्य-बोध के अनुरूप स्त्री-अंगों के विविध आदर्श निर्मित हुए। अपभ्रंश साहित्य के महत्त्वपूर्ण कवि हेमचंद्र के यहाँ एक रोचक प्रसंग मिलता है। उनकी नायिका अपने अल्प-विकसित स्तनों के कारण स्वयं को प्रिय के प्रेम से वंचित अनुभव करती है। अनेक प्रयत्नों के उपरांत जब उसके स्तन अत्यंत उन्नत हो जाते हैं, तब वही उसके मिलन में बाधा बनने लगते हैं और वह अपने ही अंगों को उलाहना देती है—
“अइ तुगत्तणु जंग थणहं, सो छेदउ, न हु लाहु।
सहि जइ केम्वइ, तुडि-वसेण अहरि पहुच्चइ नाहु।।”

यह प्रसंग वस्तुतः तत्कालीन सौंदर्य-कल्पना की अतिशयोक्तिपूर्ण प्रवृत्ति का परिचायक है, जहाँ शारीरिक सौंदर्य को काव्यात्मक विस्तार देने के लिए कल्पना अपनी चरम सीमा तक पहुँच जाती है। प्रेम और सौंदर्य का संबंध शाश्वत है। सौंदर्य प्रेम का प्राण है और मनुष्यता उसकी आत्मा। दोनों मिलकर मानवीय चेतना के ऐसे उज्ज्वल आयाम निर्मित करते हैं, जिनसे साहित्य की संवेदनात्मक भूमि उर्वर होती है। प्रेम और रूप-सौंदर्य के अद्वितीय चितेरे मैथिल-कोकिल विद्यापति ने नायिका के अंग-सौंदर्य का वर्णन करते हुए उसके पीन पयोधरों को प्रकृति के विराट बिंबों से जोड़ दिया है। वे लिखते हैं—
“पीन पयोधर दूबरि गता।
मेरू उपजल कतक-लता।।
ए कान्हु ए कान्हु तोरि दोहाई।
अति अपूरूप देखलि साईं।।”

यहाँ दुबली-पतली नायिका के उन्नत स्तनों की तुलना मेरु पर्वत पर उगी हुई लता से की गई है। इस उपमा में शरीर की मांसलता से अधिक उसकी सौष्ठवपूर्ण संरचना और सौंदर्य का काव्यात्मक विस्तार निहित है। विद्यापति सद्यःस्नाता नायिका के सौंदर्य-वर्णन में विशेष सिद्धहस्त माने जाते हैं। स्नान से अभी-अभी निकली नायिका के रूप का चित्रण करते हुए वे लिखते हैं—
“कामिनि करत सनाने। हेरितहि हृदय हनय पंचबाने।।
चिकुर गरए जलधारा। जनि मुख ससि डर रोअए अंधकारा।।
कुचजग चारु चकेवा। निज कुल मिलि आन कौन देवा।।
ते शंका भुज पासे। बांधि धएल उडि जाएत अकासे।।”

इस चित्रण में भी कवि का उद्देश्य स्थूल देह-वर्णन नहीं, बल्कि स्नान के उपरांत प्रकृति और नायिका के रूप के बीच अद्भुत सामंजस्य स्थापित करना है। जल से भीगे केश, चंद्रमुख, चक्रवाक-युगल की उपमा से विभूषित कुच और उन्हें बाँहों में समेट लेने की कल्पना‌। ये सभी मिलकर शृंगार-रस की ऐसी सौंदर्यपरक संरचना निर्मित करते हैं, जिसमें प्रकृति, प्रेम और मानवीय रूप एक-दूसरे में विलीन हो जाते हैं। यही विद्यापति की काव्य-कला की विशिष्टता है कि उनके यहाँ रूप-वर्णन केवल दृश्य नहीं रहता, बल्कि संवेदना, संगीत और सौंदर्य का समन्वित अनुभव बन जाता है। प्रेमानुभूति से आलोकित नेत्रों में प्रिय का रूप सदैव असाधारण दीप्ति के साथ उभरता है। प्रेम जब काव्य बनता है, तब सौंदर्य केवल दृश्य नहीं रहता, बल्कि अनुभूति का विस्तार बन जाता है। भक्तिकाल के महान सूफ़ी कवि मलिक मोहम्मद जायसी ने पद्मावत में पद्मावती के नख-शिख वर्णन के माध्यम से इसी सौंदर्य-दृष्टि का अत्यंत कलात्मक निर्वाह किया है। उनके यहाँ नायिका के उन्नत वक्षस्थल का चित्रण प्रत्यक्षता से अधिक उपमानों और रूपकों के सहारे सम्पन्न होता है। वे पद्मावती के कुचों की तुलना कभी अनार और अंगूर की सुषमा से करते हैं, तो कभी उन्हें हृदयरूपी थाल में रखे स्वर्ण-लड्डुओं के समान कल्पित करते हैं—
“हिया थार कुच कंचन लाडू।
कनक कचोर उठे करि चाडू॥”
इस उपमा में देह-वर्णन से अधिक मध्यकालीन काव्य-सौंदर्य की कल्पनाशीलता और अलंकारिक वैभव का परिचय मिलता है। भारतीय काव्य-परंपरा में नख-शिख वर्णन केवल शारीरिक संरचना का विवरण नहीं, बल्कि सौंदर्यशास्त्रीय अभिव्यक्ति की एक विशिष्ट विधा है। विभिन्न भाषाओं के कवियों ने अपनी-अपनी काव्य-दृष्टि और सांस्कृतिक संवेदना के अनुरूप नायिका के केश, ललाट, नेत्र, अधर, बाहु, वक्षस्थल, त्रिवली, नाभि, रोमावली, नितम्ब, जंघा, चरण तथा अन्य अंगों का चित्रण किया है। इनमें वक्षस्थल विशेष रूप से आकर्षण, यौवन और स्त्री-सौंदर्य का प्रमुख बिंब बनकर उभरता है। संभवतः इसी कारण भारतीय काव्य-परंपरा में स्तनों को स्त्री-सौंदर्य की पूर्णता और गरिमा के महत्त्वपूर्ण प्रतीकों में गिना गया है। रीतिकालीन काव्य का अध्ययन करते हुए मुझे बार-बार यह अनुभव हुआ है कि उस युग की नायिकाएँ यथार्थ से अधिक कल्पना की सृष्टि हैं। अतिशयोक्ति वहाँ केवल अलंकार नहीं, बल्कि काव्य-शिल्प का स्वाभाविक उपकरण है। विरह में वे इतनी क्षीण हो जाती हैं कि उनकी उँगली की अँगूठी बाँह से सरकती हुई कमर तक पहुँच जाती है; श्वासों के उतार-चढ़ाव से उनका शरीर कई हाथ आगे-पीछे होता हुआ प्रतीत होता है। दूसरी ओर संयोग अथवा यौवन-वर्णन में वही नायिकाएँ ऐसी दीप्तिमयी दिखाई देती हैं कि उनके अंग-अंग से मानो प्रकाश फूट रहा हो। इस प्रकार रीतिकालीन कविता में देह केवल शरीर नहीं, बल्कि कल्पना के आलोक से प्रकाशित एक सौंदर्य-बिंब है। घनानंद ने प्रेम की तीव्रता और यौवन की आभा को जिस भाव-सघनता से चित्रित किया है, वह रीतिकालीन काव्य की विशिष्ट उपलब्धि है। उनके यहाँ छलकते यौवन का उल्लेख केवल रूप-वर्णन नहीं, बल्कि प्रेम की आंतरिक व्याकुलता का भी संकेत है। किंतु यदि स्तनों के कलात्मक चित्रण की बात की जाए, तो बिहारी का स्थान निःसंदेह अद्वितीय है। जहाँ फ़ारसी और उर्दू काव्य में वक्षस्थल के लिए 'गुंबद' जैसे उपमान मिलते हैं, वहीं बिहारी उसे पर्वत-शिखरों की ऊँचाई और गरिमा से जोड़ते हैं। उनका प्रसिद्ध दोहा है—
“कुचगिरि चढ़ि अति थकित ह्वै चली डीठि मुँह चाड़।
फिरि न टरी, परि रहि गई, परी चिबुक की गाड़।।”

यहाँ कवि ने दृष्टि को मानवीकृत करते हुए उसे स्तनरूपी पर्वत पर चढ़ने वाली पथिका के रूप में चित्रित किया है, जो थककर अंततः ठोड़ी के समीप ठहर जाती है। यह रीतिकालीन अलंकार-योजना और कल्पना-वैभव का अत्यंत प्रभावशाली उदाहरण है। ऐसे काव्य-वर्णनों का अपना ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सौंदर्यशास्त्रीय संदर्भ है। उन्हें उनके समय और काव्य-परंपरा के भीतर समझना आवश्यक है। फिर भी एक शोधार्थी और पाठक के रूप में मेरे मन में अनेक प्रश्न उठते हैं। जब विद्यार्थी—विशेषकर छात्राएँ—इन वर्णनों का अध्ययन करती होंगी, तब वे इन्हें किस दृष्टि से ग्रहण करती होंगी? क्या वे इन्हें केवल काव्य-सौंदर्य के रूप में पढ़ती हैं, या इनके भीतर निहित पुरुष-केंद्रित दृष्टि पर भी विचार करती हैं? क्या हमारे पाठ्यक्रमों के निर्माण में महिला विदुषियों और अध्यापिकाओं की पर्याप्त सहभागिता सुनिश्चित होती है? क्या काव्यशास्त्रीय परंपरा के साथ-साथ स्त्री-दृष्टि, आधुनिक आलोचना और समकालीन संवेदनाओं को भी समान महत्त्व दिया जाता है? ऐसे प्रश्न किसी साहित्यिक विरासत को अस्वीकार करने के लिए नहीं, बल्कि उसे अधिक व्यापक, बहुआयामी और समावेशी दृष्टि से समझने के लिए आवश्यक हैं। साहित्य का दायित्व केवल परंपरा का संरक्षण नहीं, बल्कि समयानुकूल पुनर्पाठ की संभावनाओं को भी जीवित रखना है। नायिकाओं के गोपनीय अंगों का बार-बार किया गया वर्णन पाठक की कल्पना में उनकी दृश्यात्मक उपस्थिति निर्मित करता है। साहित्य-मनोविज्ञान की दृष्टि से यह स्वाभाविक है कि शब्दों से निर्मित बिंब पाठक के मानस पर प्रभाव डालते हैं। इसी कारण मैं ऐसे अनेक वर्णनों को 'पोर्नोग्राफिक इमेजरी' की श्रेणी में रखता हूँ, जहाँ स्त्री का व्यक्तित्व पीछे छूट जाता है और उसका शरीर ही दृष्टि का केंद्र बनकर रह जाता है। ऐसे पाठों को पढ़ते समय अनेक बार यह अनुभव होता है कि बाज़ारवादी संस्कृति ने स्त्री को मनुष्य से अधिक उपभोग की वस्तु में रूपांतरित कर दिया है। साहित्यिक कल्पना के साथ-साथ समकालीन दृश्य-संस्कृति की अनेक छवियाँ भी अनायास स्मृति में उभर आती हैं, जहाँ लोकप्रियता और त्वरित प्रसिद्धि की आकांक्षा में स्त्री-देह का प्रदर्शन एक सांस्कृतिक प्रवृत्ति का रूप ले चुका है।

व्यक्तिगत रूप से मैं ऐसे वर्णनों से यथासंभव दूरी बनाए रखना पसंद करता हूँ। संभव है, मेरी यह दृष्टि कुछ लोगों को अत्यधिक संवेदनशील अथवा एकांगी प्रतीत हो; किन्तु मुझे वह सौंदर्य अधिक आकर्षित करता है जो संकेत, मर्यादा और आंतरिक गरिमा से निर्मित हो। उदाहरण के लिए, वर्षा में भीगी हुई किसी नायिका का ऐसा चित्रण, जिसमें उसके अंतरंग अंगों को अनावश्यक रूप से उभारकर प्रस्तुत किया जाए, मुझे कलात्मक सौंदर्य की अपेक्षा देह-केंद्रित आकर्षण का उपकरण अधिक प्रतीत होता है। साहित्य की छवियाँ केवल पृष्ठों तक सीमित नहीं रहतीं; वे पाठक की स्मृति और कल्पना में भी लंबे समय तक जीवित रहती हैं। इसी संदर्भ को आगे प्रगतिवादी कवि केदारनाथ अग्रवाल के काव्य के माध्यम से समझा जा सकता है। स्वकीय और परकीय प्रेम की अनुभूतियों को प्रत्येक युग के कवियों ने अपनी-अपनी संवेदना और काव्य-दृष्टि के अनुरूप व्यक्त किया है। केदारनाथ अग्रवाल रूप-सौंदर्य और प्रकृति के अनन्य उपासक कवि हैं। उनकी कविता में स्त्री का शारीरिक सौंदर्य अनेक स्थलों पर अत्यंत सजीव और मांसल रूप में व्यक्त हुआ है—
“जहाँ कुएँ की जगत पर
मेरे घर के सामने
पानी भरने आती थीं
गोरी-साँवरि नारि अनेकों
गोरी रूप कमान समान तने तनवाली
प्रबल प्रेम की करती दृढ़ टंकार थी
और जहाँ मैं रात में
सपने के संसार में
दिन में जिन्हें कुमारी कहता और रात में प्रेमिका
जिन्हें अकेला सोता पाकर
मैं बाहों में कस लेता था
ओठों और कपोलों पर चुम्बन लेता था
अपना नाम कुचों पर जिनके
मीठे चुम्बन से लिखता था
जिनकी छाती बड़े से धक्-धक् करने लग जाती थी।”

इन पंक्तियों में प्रेम की निजी अनुभूति, स्मृति और शारीरिक आकर्षण का घनिष्ठ मेल दिखाई देता है। निस्संदेह, इनका सौंदर्यबोध अनेक पाठकों को प्रभावित कर सकता है; किंतु साथ ही यह प्रश्न भी उठता है कि जब ऐसे पाठ विद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के समक्ष रखे जाते हैं, तब उनकी ग्रहण-प्रक्रिया किन मानसिक और सांस्कृतिक प्रभावों से होकर गुजरती होगी। यह प्रश्न साहित्य की अभिव्यक्ति पर नहीं, बल्कि उसके अध्यापन और पाठकीय संदर्भ पर भी विचार करने की अपेक्षा रखता है। इसी प्रकार नब्बे के दशक के प्रकृतिप्रेमी कवि निलय उपाध्याय अपनी कविता 'ताजमहल' में बेड़न स्त्रियों के स्तनों की तुलना गुंबद से करते हुए लिखते हैं—
“गुंबदों के निर्माण में दक्ष कारीगर,
टर्की... बेड़न औरतों के स्तन पर बाहर से पड़ी नज़र,
अब तक रचित गुंबद नक्काशी में छोटे हो चुके थे।”
यह उपमा स्थापत्य और स्त्री-शरीर के बीच एक कलात्मक संबंध स्थापित करने का प्रयास करती है, किंतु इसके साथ यह प्रश्न भी जुड़ता है कि क्या स्त्री की देह को बार-बार उपमानों और रूपकों का विषय बना देना उसकी मानवीय अस्मिता को पर्याप्त स्थान देता है? समकालीन साहित्यिक आलोचना विशेषतः स्त्रीवादी विमर्श इसी प्रश्न को गंभीरता से उठाता है। वस्तुतः स्तनों का साहित्यिक वर्णन भारतीय काव्य-परंपरा में दो प्रमुख प्रवृत्तियों के रूप में विकसित हुआ है। एक ओर वात्सल्य, मातृत्व और जीवन-पोषण का भाव, तो दूसरी ओर शृंगार और देह-सौंदर्य का आलंबन। समस्या वहाँ उत्पन्न होती है जहाँ शृंगार की अभिव्यक्ति स्त्री के व्यक्तित्व को विस्मृत कर केवल उसके शरीर तक सीमित हो जाती है। ऐसी स्थिति में सौंदर्य का उत्सव धीरे-धीरे वस्तुकरण की प्रक्रिया में परिवर्तित होने लगता है। यही कारण है कि आधुनिक नारीवादी आलोचना केवल रीतिकालीन कवियों की ही नहीं, बल्कि उन समकालीन रचनाकारों की भी समीक्षा करती है, जिनकी रचनाओं में स्त्री-देह का चित्रण उसकी चेतना, अनुभव और स्वायत्त अस्तित्व की अपेक्षा अधिक प्रमुख होकर उपस्थित होता है। साहित्य का उद्देश्य यदि मनुष्य की गरिमा का विस्तार है, तो स्त्री-सौंदर्य का चित्रण भी उसी गरिमा, संवेदनशीलता और मानवीय सम्मान के साथ किया जाना चाहिए। छायावाद मूलतः प्रेम, करुणा, वेदना और आत्मानुभूति का काव्य है। इस युग के कवियों ने शृंगार को स्थूल देह-चित्रण के स्थान पर सूक्ष्म भाव-जगत और आध्यात्मिक संवेदना से जोड़ने का प्रयास किया। फिर भी, जहाँ-जहाँ नारी-सौंदर्य का चित्रण हुआ है, वहाँ उसकी देह भी सांकेतिक रूप से उपस्थित हुई है। जयशंकर प्रसाद ने कामायनी के 'श्रद्धा' सर्ग में श्रद्धा के सौंदर्य का चित्र उपस्थित करते हुए लिखा है—
“नील परिधान बीच सुकुमार,
खुल रहा मृदुल अधखुला अंग।
खिला हो ज्यों बिजली का फूल,
मेघवन बीच गुलाबी रंग।।”

इन पंक्तियों की अनेक व्याख्याएँ संभव हैं। छायावादी काव्य की सांकेतिकता को ध्यान में रखते हुए इसे केवल देह-वर्णन मान लेना उचित नहीं होगा; फिर भी अभिधात्मक स्तर पर यह नायिका के आंशिक रूप से उद्घाटित सुकुमार अंगों का बिंब उपस्थित करता है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता पाठक की कल्पना को सक्रिय करती है। प्रत्येक पाठक अपनी संवेदना, संस्कार और सौंदर्य-दृष्टि के अनुरूप इन पंक्तियों का अर्थ ग्रहण करता है। साहित्य की शक्ति भी इसी में निहित है कि वह प्रत्यक्ष से अधिक अप्रत्यक्ष और संकेत से अधिक अनुभूति का संसार रचता है। प्रसाद की इस अभिव्यक्ति की तुलना यदि रीतिकालीन कवि पद्माकर की इन पंक्तियों से की जाए—
“अधखुली कंचुकी उरोज अध-आधे खुले,
अधखुले वेष नख-रेखन के झलकैं।”

—तो दोनों युगों की काव्य-दृष्टि का स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। पद्माकर का वर्णन प्रत्यक्ष, देहप्रधान और मांसल है, जबकि प्रसाद का चित्रण ध्वन्यात्मक, सांकेतिक और सौंदर्यबोध से अनुप्राणित है। दोनों कवि नारी-सौंदर्य का चित्रण करते हैं, किन्तु उनकी काव्य-भाषा और अभिव्यक्ति की प्रकृति भिन्न है। भारतीय काव्य-परंपरा में नायिका के सौंदर्य और उसके यौवन के साथ उरोजों का उल्लेख प्रायः जुड़ा रहा है। यौवनारूढ़ नायिका के उन्नत वक्षस्थल को रूप-माधुर्य और आकर्षण का संकेत माना गया, जबकि आयु के परिवर्तन के साथ वही सौंदर्य समय की स्वाभाविक गति के अधीन रूपांतरित होता है। वस्तुतः रूप का आकर्षण भी मनुष्य के जीवनानुभवों के साथ बदलता है। परिपक्वता के साथ सौंदर्य की अवधारणा बाह्य रूप से आगे बढ़कर व्यक्तित्व, संवेदना और आत्मिक गुणों तक पहुँचती है। भारतीय दार्शनिक परंपरा में यही परिवर्तन आसक्ति से विरक्ति और भोग से बोध की यात्रा के रूप में भी देखा गया है। विश्व-साहित्य की भाँति हिंदी साहित्य में भी नायिका की विविध अवस्थाओं के अनुरूप उसके रूप-वर्णन की समृद्ध परंपरा रही है। आदिकाल में विद्यापति ने यौवन और प्रेम के सौंदर्य को अत्यंत कलात्मक ढंग से व्यक्त किया, जबकि रीतिकाल में बिहारी ने मुक्तक काव्य के माध्यम से नारी-सौंदर्य के अनेक सूक्ष्म बिंब रचे। इसी संदर्भ में एक विद्यार्थी ने मुझसे विनोदपूर्ण ढंग से प्रश्न किया था—“बिहारी की कविता में कितने प्रकार के स्तनों का वर्णन मिलता है?” पहली दृष्टि में यह प्रश्न हास्यपूर्ण प्रतीत होता है, किंतु साहित्यिक दृष्टि से यह विचारणीय भी है। भारतीय काव्यशास्त्र ने नायिका के अनेक भेद निर्धारित किए हैं। नाट्यशास्त्र में भरतमुनि ने वासकसज्जा, विरहोत्कंठिता, स्वाधीनपतिका, कलहांतरिता, खंडिता, विप्रलब्धा, प्रोषितभर्तृका और अभिसारिका—ये आठ प्रकार बताए हैं। अग्निपुराण में स्वकीया, परकीया, पुनर्भू और सामान्या आदि भेदों का उल्लेख मिलता है। ये वर्गीकरण नायिका की मनःस्थिति, सामाजिक स्थिति और व्यवहारगत विशेषताओं पर आधारित हैं; इनमें उसके शरीर के अंगों का पृथक् वर्गीकरण नहीं किया गया है। हाँ, आधुनिक चिकित्सा-विज्ञान और शरीर-विज्ञान स्तनों की बनावट एवं आकार के आधार पर विभिन्न प्रकारों का उल्लेख अवश्य करते हैं, किंतु वह साहित्यिक नहीं, चिकित्सकीय वर्गीकरण है। अतः उसे काव्यशास्त्रीय विमर्श से जोड़ना उचित नहीं होगा।

बिहारी जैसे मुक्तक-कवि का उद्देश्य भी किसी शारीरिक वर्गीकरण का प्रतिपादन नहीं था। वे नायिका के मनोभाव, यौवन, संकोच, अनुराग और रूप-सौंदर्य को अलंकारिक भाषा में व्यक्त करते हैं। उनके दोहों में उरोजों का स्वरूप किसी निश्चित श्रेणी का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि प्रत्येक प्रसंग में वह नायिका की तत्कालीन अवस्था, भाव-दशा और काव्य-परिस्थिति के अनुरूप रूपायित होता है। इसीलिए बिहारी की कविता को शरीर-विज्ञान की कसौटी पर नहीं, बल्कि काव्य-सौंदर्य, ध्वनि, रस और अलंकार की दृष्टि से पढ़ना अधिक उपयुक्त है। स्त्री और पुरुष दोनों अपनी-अपनी अपूर्णताओं में एक-दूसरे के पूरक हैं। यही अपूर्णता उन्हें परस्पर आकर्षित करती है और उनके संबंधों को अर्थवत्ता प्रदान करती है। स्त्री अपने व्यक्तित्व की संभावनाओं को पुरुष के सहचर्य में विस्तृत करती है, तो पुरुष भी स्त्री की संवेदना, करुणा और सृजनात्मक ऊर्जा से अपने अस्तित्व को अधिक पूर्ण अनुभव करता है। इस प्रकार प्रेम केवल दो व्यक्तियों का भावनात्मक संबंध नहीं, बल्कि परस्पर पूरकता की वह प्रक्रिया है, जो परिणय के पथ पर दोनों को व्यापक मानवीय पूर्णता की ओर अग्रसर करती है। विडंबना यह है कि दीर्घकाल तक पितृसत्तात्मक समाज ने स्त्री के बहुआयामी व्यक्तित्व को उसकी देह तक सीमित कर दिया। परिणामस्वरूप उसकी बुद्धि, संवेदना, सृजनशीलता और वैचारिक सामर्थ्य की अपेक्षा उसके शारीरिक रूप पर अधिक बल दिया गया। अलंकार जिस प्रकार स्त्री को सुशोभित करते हैं, उसी प्रकार उसकी देह, विशेषतः वक्षस्थल, पुरुष-कवि की दृष्टि का प्रमुख केंद्र बन गया। यही कारण है कि पुरुष-प्रधान साहित्य, चित्रकला, मूर्तिकला और चलचित्रों में स्त्री-देह का चित्रण बार-बार दिखाई देता है। अनेक रचनाओं में स्तन केवल शारीरिक अंग नहीं, बल्कि यौवन, आकर्षण, मातृत्व और भाव-संचार के बहुस्तरीय प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित हुए हैं। आदर्श प्रेम का मूल स्वर त्याग और समर्पण है। सौंदर्य का सच्चा उपासक केवल देह का नहीं, उसके भीतर स्पंदित आत्मीयता का भी साधक होता है। प्रेम अपनी रागात्मक ऊर्जा से जीवन और सृष्टि दोनों को सींचता है। वह स्वभावतः मुक्त है; उसमें बंधन की अपेक्षा विश्वास और स्वीकृति का अधिक स्थान है। लौकिक प्रेम का प्रारंभ भले ही देह से होता हो, पर उसकी पूर्णता आत्मिक संवाद में निहित रहती है। इसलिए देह प्रेम का अंतिम लक्ष्य नहीं, उसके अनुभव का प्रारंभिक माध्यम है। भारतीय कथा-साहित्य, नाटक और उपन्यासों में भी प्रेम की इस यात्रा को विविध रूपों में अभिव्यक्ति मिली है। अनेक रचनाकारों ने स्त्री-सौंदर्य के वर्णन में वक्षस्थल को आकर्षण, लज्जा, आत्मविश्वास और प्रेम के संकेतक के रूप में रूपायित किया है। यह रूपक कभी नायक के आकर्षण का कारण बनता है, तो कभी मानवीय संबंधों की जटिलता का। इतिहास और साहित्य दोनों इस तथ्य के साक्षी हैं कि स्त्री-सौंदर्य ने केवल प्रेम-कथाओं को ही नहीं, अनेक संघर्षों और त्रासदियों को भी जन्म दिया है। अतः सौंदर्य यहाँ मात्र रूप का विषय नहीं, बल्कि मानवीय इतिहास और मनोविज्ञान का भी एक महत्त्वपूर्ण पक्ष है। इसी संदर्भ में कन्नड़ के सुप्रसिद्ध नाटककार गिरीश कारनाड के नाटक हयवदन का एक गीत उल्लेखनीय है—
“दोनों स्तनों पर एक-एक शीश,
दोनों आँखों के लिए एक-एक पुतली।
दोनों बाँहों से दोनों का
अलग-अलग आलिंगन,
जिसकी मुझे न लज्जा है, न चिंता।
धरती के अंतर में रक्त बरसता है,
आकाश में गीत की कोंपलें फूटती हैं।”

यह गीत केवल देह का चित्रण नहीं करता, बल्कि प्रेम, इच्छा, स्वामित्व, पहचान और मानवीय द्वंद्व की जटिलताओं को प्रतीकात्मक रूप में व्यक्त करता है। हयवदन का पूरा कथानक इसी प्रश्न के इर्द-गिर्द घूमता है कि मनुष्य की वास्तविक पहचान शरीर में है, बुद्धि में है या संवेदना में। प्रेम-काव्य की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह प्रेम के अनेक स्तरों को अभिव्यक्त करता है। कहीं वह उन्मुक्त यौवन का उत्सव है, कहीं वैयक्तिक अनुभूतियों का मधुर संगीत और कहीं आत्मा की गहन साधना। जब यही प्रेम अपनी सीमित देहात्मकता का अतिक्रमण कर श्रद्धा और समर्पण का रूप धारण करता है, तब वह भक्ति में परिणत हो जाता है। आचार्य रामचंद्र शुक्ल का यह प्रसिद्ध कथन—“श्रद्धा और प्रेम के योग का नाम भक्ति है”—भारतीय काव्य-परंपरा के इसी रूपांतरण की ओर संकेत करता है। सूरदास, रसखान और मीराबाई का काव्य इस सत्य का सशक्त प्रमाण है, जहाँ प्रेम अंततः आध्यात्मिक अनुभव का पर्याय बन जाता है। लौकिक प्रेम की जटिलताओं को हयवदन जैसे नाटकों में भी गहन मनोवैज्ञानिक दृष्टि से प्रस्तुत किया गया है। देवदत्त, कपिल और पद्मिनी का त्रिकोणात्मक संबंध केवल प्रणय-कथा नहीं, बल्कि शरीर, बुद्धि और मन के अंतर्विरोधों का रूपक है। प्रेम यहाँ आकर्षण जितना ही आत्मविनाश की संभावना भी बन जाता है। दूसरी ओर इतिहास ऐसे प्रसंगों का भी साक्षी है, जहाँ स्त्री ने अपनी देह को ही प्रतिरोध का माध्यम बनाया। केरल की नंगेली का प्रसंग इसका मार्मिक उदाहरण है। उन्नीसवीं शताब्दी में त्रावणकोर की अमानवीय 'स्तन-कर' व्यवस्था के विरोध में उन्होंने अपने स्तनों का बलिदान देकर मानवीय गरिमा और स्त्री-अधिकार की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जो भारतीय सामाजिक इतिहास में प्रतिरोध का अमिट प्रतीक बन चुकी है। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में स्तनों का संबंध मुख्यतः दो प्रमुख आयामों से जोड़ा गया है—प्रेम और मातृत्व। प्रेम में वे आत्मीय निकटता का प्रतीक हैं, जबकि मातृत्व में जीवन-पोषण और वात्सल्य का। साहित्य ने इन दोनों आयामों को अपने-अपने ढंग से अभिव्यक्त किया है। आधुनिक हिंदी कविता में शमशेर बहादुर सिंह ने इस संवेदना को अत्यंत सूक्ष्म और कलात्मक बिंबों में रूपायित किया है—
“आँखें अनझिप
खुलीं
वक्ष में।
स्तन
पुलक बन
उठते और
मुँदते।”

इसी प्रकार उनकी कविता 'गीली मुलायम लटें' में स्त्री-देह और प्रकृति का अद्भुत सामंजस्य दिखाई देता है—
“गीली मुलायम लटें,
आकाश,
साँवलापन रात का गहरा सलोना,
स्तनों के बिंबित उभार लिए
हवा में बादल
सरकते चले जाते हैं,
मिटाते हुए
जाने कौन-से कवि को...”

शमशेर की इन पंक्तियों में देह का चित्रण स्थूल या उद्दीपक नहीं, बल्कि प्रकृति और मानवीय संवेदना के गहन सामंजस्य का सौंदर्यपूर्ण रूपक है। यही वह बिंदु है जहाँ आधुनिक कविता स्त्री-शरीर को मात्र आकर्षण का विषय न बनाकर अनुभूति, सौंदर्य और कलात्मक प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित करती है। वात्सल्य की भूमि पर पहुँचते ही ‘स्तन’ का अर्थ और उसका सांस्कृतिक आशय एकदम बदल जाता है। यहाँ वह न सौंदर्य का विषय रह जाता है, न शृंगार का; वह जीवन-पोषण, करुणा और मातृत्व का सबसे मार्मिक प्रतीक बन उठता है। मेरा आग्रह उन स्तनों की ओर है जो दारिद्र्य की कठोर मार से उघड़े, सूखे और समय से पहले मुरझा गए हैं; जो छाती पर त्वचा की ढीली थैली-से लटकते दिखाई देते हैं, फिर भी अपनी समस्त रिक्तता के भीतर एक भूखे शिशु के लिए असीम स्नेह सँजोए रहते हैं। उनमें दूध भले न बचा हो, किंतु ममता कभी समाप्त नहीं होती। ऐसी माँ अपने नवजात को दूध से अधिक सांत्वना पिलाती है; वह उसे अपनी छाती से लगाकर भूख से लड़ने का साहस देती है, और अंततः शिशु उसी ममता की गोद में भूखा ही सो जाता है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ ने निर्धन भारतीय मातृत्व की इसी करुण यथार्थ-छवि को अत्यंत मार्मिक शब्द दिए हैं—
“पर, शिशु का क्या हाल, सीख पाया न अभी जो आँसू पीना?
चूस-चूस सुखा स्तन माँ का, सो जाता रो-विलप नगीना।”
इन पंक्तियों में स्तन केवल जैविक अंग नहीं, बल्कि अभाव और करुणा के बीच झूलते मातृत्व का जीवंत प्रतीक बन जाता है। माँ की असहायता और शिशु की निरीह भूख का यह चित्र हिंदी कविता के सबसे मर्मस्पर्शी बिंबों में गिना जा सकता है। वास्तव में श्रमशील और निर्धन माताएँ ही इस देश की जीवन-रेखा हैं। वे अपने श्रम, त्याग और वात्सल्य से समाज का भविष्य गढ़ती हैं। संसार की प्रत्येक माँ अपनी संतान के लिए समान रूप से पूजनीय है, क्योंकि शिशु को देखते ही उसके हृदय में ममता की नदी उमड़ पड़ती है। उसके स्तनों से केवल दूध ही नहीं, जीवन, विश्वास और प्रेम का अमृत प्रवाहित होता है। इसलिए भारतीय संस्कृति ने मातृत्व को देवत्व का दर्जा दिया है। माँ रूप-रंग में कैसी भी हो सकती है, किंतु उसका मातृत्व कभी कुरूप नहीं होता। इसी भाव को लोक में यह उक्ति व्यक्त करती है कि माता कुमाता नहीं होती। रामायण की कैकेयी भी अंततः राम की दृष्टि में माँ ही रहती हैं, घृणा की पात्र नहीं। प्रकृति और कोमल मानवीय संवेदनाओं के कवि सुमित्रानंदन पंत ने अपनी कविता ‘अप्सरा’ में मातृत्व की इसी दिव्यता को अत्यंत मधुर शब्दों में अंकित किया है—
“शैशव की तुम परिचित सहचरि,
जग से चिर अनजान।
नव-शिशु के संग छिप-छिप रहती,
तुम, माँ का अनुमान;
डाल अँगूठा शिशु के मुँह में
देती मधु-स्तन-दान,
छिपी थपक से उसे सुलाती,
गा-गा नीरव-गान।”
यहाँ ‘मधु-स्तन-दान’ केवल स्तनपान का उल्लेख नहीं है; वह माँ के निष्काम समर्पण और जीवनदायिनी करुणा का काव्यात्मक रूपक है। पंत के लिए मातृत्व प्रकृति की सबसे पवित्र और मौन अभिव्यक्ति है। यदि हिंदी साहित्य में वात्सल्य रस की पराकाष्ठा किसी कवि के यहाँ दिखाई देती है, तो वे सूरदास हैं। उनके काव्य में माता यशोदा और बालकृष्ण का संबंध केवल माता-पुत्र का नहीं, बल्कि अनंत प्रेम का शाश्वत प्रतीक बन जाता है। यशोदा अपने आँचल की ओट में कृष्ण को स्तनपान कराती हैं; इस दृश्य में मातृत्व, संरक्षण और आत्मीयता एकाकार हो उठते हैं—
“किलकत कान्ह घुटुरुवनि आवत।।
मनिमय कनक नंद कैं आँगन, बिम्ब पकरिबैं धावत॥
कबहुँ निरखि हरि आपु छाँह कौं, कर सौं पकरने चाहत।
किलकि हँसत राजत द्वै दतियाँ, पुनि-पुनि तिहिं अवगाहत॥
कनक-भूमि पर कर-पग छाया, यह उपमा इक राजति।
करि-करि प्रतिपद प्रतिमनि बसुधा, कमल बैठकी साजति।।
बाल-दसा-सुख निरखि जसोदा, पुनि-पुनि नंद बुलावति।
अँचरा तर लै ढाँकि, सूर के प्रभु को दूध पियावति॥”
इस दृश्य में स्तन मातृत्व का परम पवित्र प्रतीक बनकर उपस्थित है। यशोदा का आँचल केवल शरीर नहीं ढँकता, वह वात्सल्य की मर्यादा, सुरक्षा और स्नेह का भी आवरण है। सूरदास की दृष्टि में स्तनपान जैविक क्रिया नहीं, बल्कि प्रेम का वह अद्वितीय संस्कार है जिसके माध्यम से माँ अपने अस्तित्व का अंश शिशु में प्रवाहित करती है। इसी कारण वात्सल्य-काव्य में स्तन का बिंब शृंगार से सर्वथा पृथक होकर करुणा, पोषण और जीवन के उत्सव का प्रतीक बन जाता है। निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि भारतीय साहित्य में ‘स्तन’ का बिंब केवल शारीरिक सौंदर्य का विषय नहीं, बल्कि समय, समाज और साहित्यिक दृष्टियों के परिवर्तन का सशक्त सांस्कृतिक संकेतक है। वैदिक साहित्य में यह पोषण और मातृत्व, संस्कृत तथा रीतिकाव्य में सौंदर्य और शृंगार, भक्ति साहित्य में वात्सल्य, आधुनिक साहित्य में स्त्री-अस्मिता, श्रम, पीड़ा और प्रतिरोध का प्रतीक बनकर उभरता है। अतः इसका मूल्यांकन किसी एक दृष्टि से नहीं किया जा सकता। साहित्य की मानवीय कसौटी यही है कि वह स्त्री को केवल देह नहीं, बल्कि संवेदना, सृजन, आत्मसम्मान और जीवनदायिनी चेतना के रूप में प्रतिष्ठित करे। यही भारतीय साहित्य की व्यापक मानवीय दृष्टि और उसकी स्थायी सांस्कृतिक उपलब्धि है।
★★★
निबंधकार: गोलेन्द्र पटेल (युवा कवि-लेखक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चिंतक)
संपर्क सूत्र :-
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, तहसील-मुगलसराय, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com