सत्य जब संघर्ष के बीज बोता है
तो बदलाव का अंकुर फूटता है
और जब विपक्ष कमज़ोर पड़ जाता है
तब संसद की सड़कों पर
विद्यार्थियों का प्रतिरोध गूँजता है!
दिल्ली की सड़कों पर
सिर्फ़ शोर नहीं
जनता के कुचले सपनों की आवाज़ है
सत्ता के बहरे दरबार में
सवालों का खुला आग़ाज़ है
किसान खेत में, मज़दूर कारख़ाने में
युवा बेरोज़गारी के वीराने में
आदिवासी अपनी ज़मीन बचाए
और सत्ता विकास के गीत सुनाए।
एक वोट से तख़्त बनता है
एक वोट से तख़्त हिलता है
फिर मतदाता का नाम कटे
तो जवाबदेही से कौन बचता है?
वोट न ख़ैरात, न सत्ता की जागीर
यह जनता की ताक़त, लोकतंत्र की लकीर
मतदाता सूची से मतगणना तक
पारदर्शिता हो, हर सवाल का उत्तर हो।
ज्ञानेश कुमार से जनता का सवाल
संदेहों पर कब होगा स्पष्ट संवाद?
जाँच हो निष्पक्ष, तथ्य हों उजागर
जवाबदेही से ही बचेगा जनादेश का आधार
चेहरे बदलना पर्याप्त नहीं
व्यवस्था का चरित्र बदलना होगा
सत्ता को जनता के आगे
हर हाल में जवाबदेह होना होगा।
सवाल उठे तो देशद्रोह
असहमति उठे तो षड्यंत्र
यह कैसा लोकतंत्र
जहाँ मौन को देशभक्ति
और प्रश्न को अपराध कहा जाए?
बेटी की सुरक्षा भाषण नहीं
उसकी स्वतंत्रता अधिकार है
किसान की मेहनत, मज़दूर का श्रम
आदिवासी की धरती
सब पर उनका पहला अधिकार है।
रोटी का कोई धर्म नहीं
पसीने की कोई जाति नहीं
नफ़रत की दीवारें खड़ी करके
भूख की सच्चाई छिपती नहीं
सत्ता सुन ले, विपक्ष भी समझे
जनता केवल चेहरा नहीं बदलना चाहती
वह न्याय, रोज़गार और सम्मान के साथ
व्यवस्था बदलना चाहती है।
संविधान कोई ग्रंथ-मात्र नहीं
जनता के अधिकारों का ऐलान है
न कुर्सी सर्वोपरि, न कोई शासक
जनता ही लोकतंत्र की असली पहचान है
लोकतंत्र केवल मतदान नहीं
जनता के सम्मान का नाम है
जहाँ भयमुक्त सवाल, निष्पक्ष चुनाव हों
वहीं संविधान जीवित और देश महान है।
आओ, ऐसी सुबह बनाएँ
जहाँ वोट बिके नहीं
बेटी डरे नहीं
किसान उजड़े नहीं
और सच बोलने वाला
सत्ता से भयभीत न हो
वोट हमारा, अधिकार हमारा
संविधान और लोकतंत्र आधार हमारा!
लोकतंत्र किसी एक दल की विरासत नहीं
न किसी शासक की निजी जागीर
यह जागरूक जनता की प्रतिज्ञा है
अन्याय के आगे झुकेंगे नहीं
अपने अधिकारों से हटेंगे नहीं।
—गोलेन्द्र पटेल
(युवा कवि-लेखक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चिंतक)
संपर्क सूत्र (डाक पता): ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, तहसील-मुगलसराय, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत। पिन कोड : 221009 मोबाइल नं. : 8429249326 ईमेल : corojivi@gmail.com
No comments:
Post a Comment