तर्क और विद्रोह के पुरोधा : पेरियार
—गोलेन्द्र पटेल
भारतीय समाज का इतिहास केवल राजाओं, युद्धों और साम्राज्यों का इतिहास नहीं है; यह उन विचारों का भी इतिहास है जिन्होंने मनुष्य की चेतना को झकझोरा, समाज की जड़ताओं को चुनौती दी और बराबरी की नई संभावनाएँ निर्मित कीं। दक्षिण भारत में बीसवीं शताब्दी के दौरान एक ऐसा ही व्यक्तित्व उभरा जिसने धर्म, जाति, पितृसत्ता और सामाजिक वर्चस्व की संरचनाओं पर तीखा प्रहार किया। वह व्यक्तित्व था ई. वी. रामासामी ‘पेरियार’। पेरियार केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं थे, बल्कि वे एक वैचारिक आंदोलन के प्रतीक बन गए। उन्होंने समाज को यह प्रश्न पूछने के लिए विवश किया कि मनुष्य की गरिमा क्या है, जाति क्यों बनी हुई है, धर्म और सत्ता का संबंध क्या है तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई किन आधारों पर लड़ी जानी चाहिए। उनके विचारों से सहमति और असहमति दोनों संभव हैं, किंतु यह अस्वीकार नहीं किया जा सकता कि उन्होंने भारतीय समाज में बहस और प्रतिरोध की एक नई परंपरा को जन्म दिया।
पेरियार ई. वी. रामास्वामी का जन्म 17 सितम्बर 1879 को तमिलनाडु के इरोड में एक संपन्न परिवार में हुआ था। प्रारम्भिक जीवन में वे धार्मिक संस्कारों से परिचित थे और सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्होंने कांग्रेस के साथ भी कार्य किया। स्वाधीनता आंदोलन के दौरान उन्होंने कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई, किंतु शीघ्र ही उन्हें यह महसूस हुआ कि राजनीतिक स्वतंत्रता का प्रश्न सामाजिक समानता से अलग नहीं हो सकता। उनके अनुसार यदि जाति, ऊँच-नीच और सामाजिक भेदभाव कायम रहे, तो केवल अंग्रेजों के जाने से आम मनुष्य की मुक्ति संभव नहीं होगी। यही विचार आगे चलकर उन्हें कांग्रेस से अलग ले गया। पेरियार ने दक्षिण भारत में चल रहे गैर-ब्राह्मण आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने “आत्मसम्मान आंदोलन” के माध्यम से यह प्रतिपादित किया कि मनुष्य का सम्मान जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रम, बुद्धि और मानवीय गुणों से तय होना चाहिए। वे जाति व्यवस्था को भारतीय समाज की सबसे बड़ी त्रासदी मानते थे। उनका तर्क था कि जाति केवल सामाजिक विभाजन नहीं, बल्कि मानसिक गुलामी की व्यवस्था है, जो मनुष्य को जन्म के आधार पर ऊँचा और नीचा घोषित करती है। इसीलिए उन्होंने जाति-विरोध को अपने आंदोलन का केंद्र बनाया। पेरियार की सबसे बड़ी विशेषता उनका निर्भीक तर्कवाद था। उन्होंने अंधविश्वास, कर्मकांड और धार्मिक पाखंड की तीखी आलोचना की। उनका कहना था कि किसी भी विचार को केवल इसलिए स्वीकार नहीं किया जा सकता क्योंकि वह प्राचीन है या धार्मिक ग्रंथों में लिखा गया है। वे मनुष्य की बुद्धि और वैज्ञानिक दृष्टि को सर्वोपरि मानते थे। इसी कारण उन्होंने ईश्वर, धर्म और शास्त्रों की उन व्याख्याओं का विरोध किया जो सामाजिक असमानता को वैधता देती थीं।
उनके आलोचक उन्हें अत्यधिक आक्रामक और धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशील मानते रहे हैं। वास्तव में पेरियार की भाषा कई बार बेहद तीखी और उत्तेजक हो जाती थी। उन्होंने रामायण, मनुस्मृति और अनेक धार्मिक प्रतीकों की आलोचना करते हुए ऐसे वक्तव्य दिए जिनसे व्यापक विवाद उत्पन्न हुए। उनके समर्थकों का मानना था कि यह तीखापन उस सामाजिक क्रूरता के विरुद्ध था जिसने सदियों तक दलितों, स्त्रियों और वंचित समुदायों को अपमानित किया। दूसरी ओर, उनके विरोधियों ने इसे भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं पर हमला माना। यही कारण है कि पेरियार का व्यक्तित्व आज भी तीखी बहसों का विषय बना हुआ है। पेरियार और महात्मा गांधी के संबंध भी इसी जटिलता को प्रकट करते हैं। दोनों सामाजिक सुधार की बात करते थे, लेकिन उनके रास्ते अलग थे। गांधी धर्म और आध्यात्मिकता के भीतर रहकर परिवर्तन चाहते थे, जबकि पेरियार धर्म की संरचनाओं को ही सामाजिक असमानता का स्रोत मानते थे। गांधी अस्पृश्यता के विरोधी थे, परंतु पेरियार जाति व्यवस्था के संपूर्ण विनाश की बात करते थे। इस वैचारिक दूरी ने दोनों को अलग-अलग ध्रुवों पर खड़ा कर दिया। पेरियार का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष उनका स्त्री-विमर्श है। उन्होंने उस दौर में स्त्रियों की स्वतंत्रता, विवाह संस्था, विधवा-विवाह, तलाक, संपत्ति में अधिकार और जन्म नियंत्रण जैसे विषयों पर खुलकर लिखा, जब भारतीय समाज इन मुद्दों पर बात करने से भी कतराता था। वे मानते थे कि पितृसत्ता केवल पुरुषों का निजी व्यवहार नहीं, बल्कि सामाजिक संरचना का हिस्सा है। उन्होंने स्त्री को “परिवार की इज्जत” के रूप में देखने की मानसिकता का विरोध किया और स्त्री-पुरुष संबंधों में समानता तथा पारस्परिक सम्मान पर बल दिया।
उनके विचारों में प्रेम को भी उन्होंने सामाजिक यथार्थ से जोड़कर देखा। उनके अनुसार यदि संबंध बराबरी और सम्मान पर आधारित नहीं हैं, तो प्रेम केवल भ्रम बनकर रह जाता है। यही कारण है कि दक्षिण भारत में स्त्री-अधिकार आंदोलनों ने पेरियार को एक महत्त्वपूर्ण प्रेरणा स्रोत के रूप में देखा। पेरियार का प्रभाव केवल राजनीति तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने भाषा, संस्कृति और पहचान के प्रश्नों पर भी गहरी बहस छेड़ी। द्रविड़ आंदोलन के माध्यम से उन्होंने दक्षिण भारतीय भाषाओं और सांस्कृतिक अस्मिता को नई राजनीतिक शक्ति दी। तमिल समाज में उनका प्रभाव इतना व्यापक हुआ कि बाद के लगभग सभी बड़े राजनीतिक दल किसी न किसी रूप में उनकी वैचारिक विरासत से जुड़ते दिखाई देते हैं। आज तमिलनाडु में सामाजिक न्याय, आरक्षण और क्षेत्रीय अस्मिता की जो मजबूत राजनीतिक परंपरा दिखाई देती है, उसमें पेरियार की निर्णायक भूमिका रही है। हालाँकि, पेरियार के विचारों पर आलोचनाएँ भी लगातार होती रही हैं। कुछ विद्वानों और सामाजिक समूहों का आरोप रहा कि उनका आंदोलन कई बार “ब्राह्मण-विरोध” की अतिशयता में बदल गया। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उनकी शैली समाज में संवाद की जगह टकराव को बढ़ाती थी। उनके विरोधियों ने यह आरोप लगाया कि उन्होंने धार्मिक प्रतीकों की आलोचना करते हुए सामान्य आस्थावान लोगों की भावनाओं की उपेक्षा की। दूसरी ओर, उनके समर्थक कहते हैं कि किसी भी गहरे सामाजिक परिवर्तन के लिए स्थापित सत्ता-संरचनाओं को चुनौती देना आवश्यक होता है और पेरियार ने वही किया।
पेरियार के बारे में एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि उनकी औपचारिक शिक्षा बहुत सीमित थी। फिर भी उन्होंने जिस तरह समाज, राजनीति, धर्म और इतिहास पर गंभीर चिंतन किया, वह यह सिद्ध करता है कि ज्ञान केवल डिग्रियों का परिणाम नहीं होता। अनुभव, संघर्ष, अध्ययन और सामाजिक संवेदना भी मनुष्य को विचारक बना सकती है। इसी कारण उन्हें केवल एक नेता नहीं, बल्कि जनचेतना के निर्माता के रूप में देखा जाता है। भारतीय समाज में तर्कशीलता और वैज्ञानिक दृष्टि की परंपरा बहुत पुरानी रही है। तथागत बुद्ध, रैदास, कबीर से लेकर राहुल सांकृत्यायन, डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा रामस्वरूप वर्मा तक अनेक विचारकों ने अंधविश्वास और सामाजिक भेदभाव का विरोध किया। पेरियार इसी व्यापक परंपरा के एक महत्त्वपूर्ण प्रतिनिधि थे। उन्होंने समाज से यह आग्रह किया कि किसी भी व्यवस्था को केवल परंपरा के आधार पर स्वीकार न किया जाए, बल्कि उसे न्याय और मानवता की कसौटी पर परखा जाए। आज जब समाज में फिर से धार्मिक कट्टरता, मिथ्या गौरव और सामाजिक विभाजन की प्रवृत्तियाँ बढ़ती दिखाई देती हैं, तब पेरियार की विरासत नए प्रश्नों के साथ हमारे सामने उपस्थित होती है। उनके विचारों से असहमति हो सकती है, उनके कई वक्तव्यों की आलोचना भी की जा सकती है, लेकिन यह असंभव है कि उन्हें पूरी तरह अनदेखा कर दिया जाए। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को यह सिखाया कि सामाजिक न्याय केवल कानूनों से नहीं आता; उसके लिए समाज की चेतना में परिवर्तन आवश्यक है। पेरियार का जीवन इस बात का उदाहरण है कि विचार कभी निष्क्रिय नहीं होते। वे समाज को बदलते हैं, विवाद पैदा करते हैं, प्रतिरोध खड़ा करते हैं और नई पीढ़ियों को सोचने के लिए मजबूर करते हैं। इसलिए पेरियार को समझना केवल एक व्यक्ति को समझना नहीं, बल्कि भारतीय समाज की उन गहरी अंतर्विरोधी परतों को समझना है जिनमें समानता, आस्था, तर्क, परंपरा और विद्रोह लगातार टकराते रहते हैं।
पेरियार पर केंद्रित युवा कवि गोलेन्द्र पटेल की तीन कविताएँ:-
1).
पेरियार : विद्रोह की अग्निशिखा
इरोड की धरती से उगा क्रांतिसूर्य
धर्म के अंधे गलियारों में
जहाँ जाति का ज़हर इंसान को कुचल रहा था
जहाँ स्त्री की देह पर पितृसत्ता का पहरा था
वहाँ गूँजी एक ललकार— पेरियार!
नाम, जो पाखंड को चीरता है
चेहरा, जो असमानता को ध्वस्त करता है
विचार, जो शूद्र–दलित–स्त्रियों के लिए
आत्मसम्मान की मशाल बनता है।
यूनेस्को ने उन्हें कहा,
“नए युग का पैग़म्बर
दक्षिण-पूर्व एशिया का सुकरात
समाज सुधार आंदोलन का पिता
अंधविश्वास का शत्रु।”
और सचमुच, यही थे— ई.वी. रामास्वामी पेरियार।
गड़ेरिये कुल में जन्मा बालक
काशी के पाखंड से टूटा
और लौटा नास्तिक बनकर,
“ईश्वर को मानना मूर्खता है
ईश्वर को नकारना विद्रोह है!”
उसकी कलम तर्क की तलवार बनी
हर सवाल आग था
हर उत्तर क्रांति।
कांग्रेस की चमक से मोहभंग हुआ
वायकोम के आंदोलन में जेल गया
कांचीपुरम में आरक्षण की माँग उठाई
ब्राह्मणवाद के नकाब को उतारा
घोषणा की,
“भारत तब तक आज़ाद नहीं हो सकता
जब तक जाति और ब्राह्मणवाद का अंत न हो!”
और जन्मा
आत्म-सम्मान आंदोलन
काली कमीज़ें सड़कों पर उतरीं
नारा गूँजा,
“हम इंसान हैं!
हम बराबर हैं!
हम पर कोई मुहर नहीं लगेगी!”
स्त्रियों से कहा,
“हँसुली गुलामी है
सुहाग नहीं।”
“औरत न रसोइया है
न प्रजनन मशीन
न सजावटी गुड़िया
वह बराबरी का इंसान है।”
बाल विवाह तोड़ा
विधवाओं को जीने का अधिकार दिया
शिक्षा का द्वार स्त्रियों के लिए खोला
देवदासी प्रथा को चकनाचूर किया
उन्होंने बताया
पितृसत्ता और जातिवाद
एक ही ज़ंजीर के दो छल्ले हैं।
धर्म के बाज़ार को ललकारा,
“ईश्वर का आविष्कार मूर्खता है
उसका प्रचार धूर्तता
और उसकी पूजा जंगलीपन!”
मूर्तियाँ तोड़ीं
कहा, “इनमें प्राण नहीं!”
‘सच्ची रामायण’ लिखी
जिसने मनुवादी मिथकों की जड़ें हिलाईं
सत्ता ने प्रतिबंध लगाया
पर ललई सिंह यादव ने मशाल
उत्तर भारत में भी जलाई।
राजनीति ने ठुकराया
पर तमिलनाडु की धरती ने
उनके बीज से
डीएमके और एआईएडीएमके जैसे वृक्ष उगाए
हर पिछड़े, हर दलित की साँस में
आज भी गूँजता है
पेरियार का विद्रोह।
उन्होंने सवाल उठाए,
“क्यों जन्म से बँटा इंसान?
क्यों औरत बनी दासी?
क्यों देवता मंदिरों में अमर
और इंसान भूख से मृत?”
और उत्तर दिया,
“क्योंकि विवेक खो गया है
समय है सोचने का
समय है तोड़ने का
समय है गढ़ने का!”
94 बरस तक जिया यह ज्वालामुखी
हर साँस विद्रोह थी
हर शब्द चुनौती
हर कदम क्रांति
उसकी अंतिम वसीयत,
“जाति और पितृसत्ता का विनाश
अनिवार्य है
अगर तुम चुप हो
तो जान लो
तुम भी अन्याय के साझेदार हो।”
आज भी जब मनु के ग्रंथ घर-घर पढ़े जाते हैं
जब स्त्री की देह पर पहरा है
जब जाति के नाम पर खून बहता है
पेरियार की पुकार
पहले से भी ऊँची गूँजती है,
“उठो!
सोचो!
सवाल करो!
पाखंड को तोड़ो
जाति को जलाओ
मानवता को गढ़ो!”
पेरियार, तुम्हें नमन नहीं
विद्रोह का प्रण!
तुम्हारी मशाल से ही
हम उजाले की राह पाएँगे
क्रांति आएगी
आएगी जरूर!
★★★
आग के अक्षरों में लिखा एक नाम : पेरियार
वे कहते थे
ईश्वर नहीं है
और यह कहते समय
उनकी आवाज़ में
किसी मंदिर की घंटियाँ नहीं
एक भूखे मनुष्य की कराह थी
एक अपमानित जाति की चीख थी
एक स्त्री की टूटी हुई चूड़ियों की खनक थी
एक दलित बच्चे के फटे हुए बस्ते की धूल थी।
उन्होंने देवताओं से पहले
मनुष्य को देखा
और पूछा
यदि तुम्हारे भगवान इतने महान हैं
तो फिर
क्यों एक मनुष्य
दूसरे मनुष्य की छाया से भी डरता है?
दक्षिण की तपती हुई धरती पर
एक बूढ़ा आदमी
अपने शब्दों से
सदियों पुराने अंधेरों में
माचिस की तीली रगड़ रहा था
वह कहता था
जाति केवल नाम नहीं
मनुष्य की गर्दन में
पड़ी हुई लोहे की जंजीर है।
वह कहता था
धर्म यदि बराबरी नहीं देता
तो वह प्रार्थना नहीं
सत्ता का हथियार है
और लोग डरते थे उससे
क्योंकि वह
प्रश्न पूछता था
प्रश्न हमेशा
सिंहासन को डराते हैं।
वह कांग्रेस की गलियों से गुज़रा
स्वाधीनता के नारों के बीच चला
लेकिन उसने देखा
राजनीति के मंच पर
स्वतंत्रता की बातें करने वाले लोग
अपने घरों में
जाति के कुएँ अलग रखते हैं
उसने देखा
आज़ादी की मशाल लिए हाथ
अब भी
ऊँच-नीच की राख से सने हुए हैं
तब उसने रास्ता बदल लिया
उसने कहा
यदि समाज की आत्मा गुलाम है
तो झंडे बदलने से
मनुष्य आज़ाद नहीं होता।
उसके शब्द
कई बार आँधी जैसे थे
कई बार हथौड़े जैसे
कई बार इतने कठोर
कि लोग काँप उठते थे
उसने रामायण पढ़ी
तो उसमें देवता नहीं
राजनीति देखी
उसने इतिहास पढ़ा
तो उसमें
राजाओं की जय-जयकार नहीं
शूद्रों की चुप्पियाँ सुनीं।
उसने पूछा
क्यों मंदिर का दरवाज़ा
सबके लिए नहीं खुलता?
क्यों जन्म
भाग्य का कारागार बन जाता है?
उसके सवालों से
पुजारियों की नींद टूटती थी
सभाओं में बेचैनी भर जाती थी।
कुछ लोग उसे
विद्रोही कहते थे
कुछ नास्तिक
कुछ संस्कृति-विरोधी
कुछ उसे
दक्षिण का तूफ़ान कहते थे
लेकिन
उसके भीतर
एक ही आग जलती थी
मनुष्य को मनुष्य बनाने की आग।
जब भगत सिंह फाँसी पर चढ़े
तो उसने अपने शब्दों में
शोक नहीं
क्रोध लिखा
उसने लिखा
सत्ता हमेशा
उन युवाओं से डरती है
जो प्रश्न पूछते हैं
उसने स्त्रियों से कहा
तुम केवल
घर की दीवार नहीं हो
तुम्हारी इच्छाएँ भी
मनुष्य की इच्छाएँ हैं।
उसने कहा
विवाह यदि जेल है
तो उसे तोड़ दो
प्रेम यदि सम्मान नहीं देता
तो वह प्रेम नहीं
स्वामित्व है
उस समय
जब स्त्री की आवाज़
रसोई के धुएँ में दबा दी जाती थी
एक बूढ़ा आदमी
मंच से कह रहा था
स्त्री कोई संपत्ति नहीं।
उसकी आवाज़
कई पुरुषों को असहज करती थी
वह धर्म पर प्रहार करता था
लेकिन
उसका असली युद्ध
अन्याय से था
उसने देखा था
कैसे एक बच्चा
केवल जन्म के कारण
विद्यालय से बाहर कर दिया जाता है
कैसे एक स्त्री
सिंदूर के नाम पर
अपना जीवन खो देती है
कैसे एक मजदूर
मंदिर बना सकता है
पर मंदिर में प्रवेश नहीं पा सकता।
वह चिल्लाया
यह कैसा समाज है?
उसकी भाषा
अक्सर कठोर हो जाती थी
उसके विरोधी कहते
वह परंपरा का शत्रु है
उसके समर्थक कहते
वह सदियों के अपमान का उत्तर है।
सच शायद
इन दोनों के बीच कहीं था
क्योंकि
हर बड़ा विद्रोह
अपने भीतर
अतिशयोक्ति की आँधी भी रखता है
लेकिन यह भी सच है
उसने लाखों लोगों को
पहली बार
अपने भीतर मनुष्य होने का साहस दिया
उसने कहा
डिग्रियाँ ही ज्ञान नहीं होतीं
ज्ञान वह है
जो अन्याय को पहचान सके
उसने उन लोगों को आवाज़ दी
जो सदियों से
धीरे बोलना सीखाए गए थे।
उसने कहा
यदि कोई तुम्हें नीचा कहे
तो पहले
उस व्यवस्था को नकारो
जो ऊँचाई और नीचाई बनाती है
उसकी सभाओं में
सिर्फ भाषण नहीं होते थे
वहाँ
आत्मसम्मान जन्म लेता था
उसने जाति से कहा
मैं तुम्हें स्वीकार नहीं करता
उसने अंधविश्वास से कहा
मैं तुम्हें चुनौती देता हूँ
उसने सत्ता से कहा
तुम्हारी दीवारें
एक दिन गिरेंगी
और आज
जब फिर से
इतिहास को मिथकों की पालिश से चमकाया जा रहा है
जब प्रश्न पूछने वालों को
देशद्रोही कहा जाता है
जब तर्क की जगह
नारों का शोर बढ़ता जा रहा है
तब
दक्षिण की उस तपती हुई धरती से
एक आवाज़ फिर उठती है
मनुष्य को
भगवान से नहीं
मनुष्य से प्रेम करना सीखो
जाति की राख से बाहर निकलो
अपने भीतर
एक नया समाज बनाओ
जहाँ कोई ऊँचा न हो
कोई नीचा न हो
जहाँ मंदिर से पहले
भूखे बच्चे की रोटी जरूरी हो
जहाँ स्त्री की हँसी
किसी मर्यादा की कैदी न हो
जहाँ किताबें
प्रश्न पूछने से न डरें।
वह बूढ़ा आदमी
अब इस दुनिया में नहीं है
लेकिन उसकी आवाज़
अब भी
बहसों में जलती है
सभाओं में गूंजती है
विश्वविद्यालयों की दीवारों पर लिखी जाती है
और हर उस मनुष्य के भीतर जीवित है
जो अन्याय के सामने
चुप रहने से इंकार करता है।
पेरियार
शायद केवल एक नाम नहीं
एक बेचैन प्रश्न हैं
क्या मनुष्य
कभी सचमुच
मनुष्य बन पाएगा?
★★★
3).
उत्तर भारत के पेरियार : ललई
यह बौद्धिक क्रांति का ही नहीं
बल्कि जाति से मुक्ति के ऐलान का भी समय है
हमारा इतिहास लहूलुहान
भविष्य लिखने को हम खड़े
मिथकों की राख में दबे सच
अब अंगारों-सा जल उठे।
वे अंगारा हैं
ललई सिंह यादव के विचार
जिन्होंने जाति के अंधकार को
शब्दों की मशाल से चीर डाला
कठारा की मिट्टी से उगा पौधा
सेना की वर्दी में भी विद्रोही
जिन्होंने कहा,
“बलिदान सिंह का है
भेड़ों की तरह मरना नहीं।”
हर नारा, हर किताब
गोला-बारूद बनी
हर पन्ना
जंजीरें तोड़ने का विस्फोट।
शास्त्र पढ़े, पर इंसानियत न मिली
मिला केवल षड्यंत्र और दासता
तब कलम उठी तलवार बनकर,
“ब्राह्मणवाद मुर्दाबाद!”
इतिहास काँप उठा
दक्षिण से उठी पेरियार की आग
उत्तर में ललई के हाथ पहुँची
अनुवाद बना युद्ध-घोष— ‘सच्ची रामायण’
सरकार काँपी, धर्मठेकेदार बौखलाए
किताब जब्त हुई
पर अदालत ने कहा,
“सत्य पर प्रतिबंध असंभव है।”
यह जीत किताब की नहीं
स्वाभिमान और बौद्धिक क्रांति की थी।
उन्होंने घोषणा की,
“अब मैं केवल ललई हूँ
न यादव, न सिंह, न चौधरी
जाति की बेड़ियाँ तोड़कर
मनुष्य कहलाऊँगा।”
यह उद्घोष था
हजारों साल की गुलामी ठुकराने का
मानवता को धर्म मानने का।
उनकी कलम से गूँजे
शम्बूक वध, अंगुलीमाल, एकलव्य
नाग यज्ञ, संत माया बलिदान
हर रचना ने खोला
धार्मिक डकैती का सच
राजनीतिक डकैती का सच
सामाजिक विषमता का सच।
अशोक पुस्तकालय, सस्ता प्रेस
जहाँ से निकलती हर पुस्तक
बहुजन चेतना की बारूद थी
ललई ने कहा,
“सुधार नहीं, अलगाव चाहिए
शास्त्र नहीं, संविधान चाहिए
जाति नहीं, समता चाहिए।”
नागपुर की दीक्षा भूमि की गूँज
उनकी साँसों में धधकती रही
उनमें बुद्ध-कबीर-फुले-अंबेडकर-पेरियार प्रतिबिंबित होते रहें
वे बहुजनों से कहते रहे,
“संघर्ष करो, संगठित हो, शिक्षित बनो।”
ललई का जीवन पुकारता है,
“विद्रोह ही जीवन है
समता ही धर्म है
मानवता ही अंतिम सत्य है।”
आज हम शपथ लेते हैं
ब्राह्मणवाद की हर दीवार गिराएँगे
जाति की हर जंजीर तोड़ेंगे
संविधान को हथियार बनाएँगे
सत्य और समता की मशाल जलाएँगे।
जय भीम! जय पेरियार ललई!
क्रांति अब—क्रांति हमेशा!
★★★
नमो बुद्धाय। जय भीम। जय मूलनिवासी। जय मंडल। जय संविधान। जय भारत।
रचनाकार: गोलेन्द्र पटेल (पूर्व शिक्षार्थी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी।/मूलनिवासी बहुजन किसान कवि, जनपक्षधर्मी लेखक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक चिंतक)
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, तहसील-मुगलसराय, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com
[ तस्वीरें साभार: गूगल ]



No comments:
Post a Comment