Sunday, 28 April 2024

शिशु और शब्द (दो कविताएं)

प्रकृति-प्रेमी कवि गोलेन्द्र पटेल की दो कविताएँ

(डॉ० उदय प्रताप पाल भैय्या के सुपुत्र प्रिय अहिंसक जी के साथ खेलते हुए गोलेन्द्र पटेल)


1).

 हम बच्चे के साथ खेल रहे हैं

_____________________________________________


हम अनुभव से बुजुर्ग हैं 

पर, अभिव्यक्ति से जवान 


बच्चों के साथ खेलना 

खिलना ही नहीं, 

बल्कि बचपन की स्मृतियों से मिलना भी है

और कुछ खुलना भी!


शिशु के साथ खेलने में जो मज़ा है 

वह शब्दों के साथ खेलने में नहीं


हम बच्चे के साथ खेल रहे हैं 

हम बच्चे को खेला रहे हैं


हमारे खेल में हार-जीत नहीं है

सिर्फ़ पत्थर में प्राण फूँकने वाली स्मित मुस्कान है

जो बुद्ध की प्रतिमा में है

या फिर उन महापुरुषों की मूर्तियों में 

जो मानवीय मशाल हैं

बच्चे बुढ़ापे की

ढाल हैं

जैसे शब्द बुरे समय में!

***


2).

शिशु ही तो शब्द हैं!

_____________________________________________


पिता जब लेते हैं कंधे पर

पहाड़ के उस पार की धरती, आसमान, सागर दिखता है 


अभी तक मैंने सिर्फ़ और सिर्फ़ शिशु और शब्द से प्रेम किया है

क्योंकि यही दोनों सुखकर्ता और दुखहर्ता हैं


मैंने जब भी किसी शिशु को गोद लिया है 

मैंने महसूस किया है 

कि मैंने अपने समय का सबसे ताकतवर शब्द उठाया है 

वैसे ही जैसे माँ उठाती है शिशु को... 


जहाँ भाषा में निश्छल प्रेम 

पिता के मौन प्रगीत हैं

वहाँ वात्सल्यभूमि और भाव के बीच 

धूल से तर शिशु शब्द ही तो हैं!


शिशु लोरी की लय समझते हैं, शब्द नहीं!


शिशु और बूढ़े दोनों ही शब्दों के करीब हैं

बूढ़े बचपन की स्मृतियों के सहारे नये स्वप्न देखते हैं 

और शिशु ममता के सहारे वायु को उलट देते हैं— युवा!


बिहड़ में नंगे पाँव दौड़ने वाले बच्चे 

पक्की सड़कों पर 

कंकड़, कंक्रीट, गिट्टी से नहीं घबराते हैं 

ऐसे ही बच्चे गरीबी के गड्ढे लाँघ जाते हैं 

बहरहाल, बच्चों के साथ बच्चा होने में जो सुकून मिलता है

वह सुकून और कहीं नहीं मिलता?


मैं अपने भीतर के बच्चे को ज़िंदा रखा हूँ

मुझमें अनगढ़ता, अल्हड़ता और बचपना कूट-कूटकर भरा है 

मगर मुझमें अक्खड़ता, फक्कड़ता और घुमक्कड़ता भी ख़ूब हैं!


मैं प्रकृति-प्रेमी की गोद में शिशु होना चाहता हूँ

मुझे कविता को माँ और कहानी को नानी कहना अच्छा लगता है 

मैं माँ की गोद में हूँ पिता!


(©गोलेन्द्र पटेल / 28-04-2024)


संपर्क सूत्र :-

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com

Wednesday, 24 April 2024

बौद्ध महाविहार खजूरगाँव

 

"भारतीय दार्शनिक, सुधारक, सामाजिक वैज्ञानिक, बौद्ध धर्म के संस्थापक एवं प्रवर्तक गौतम बुद्ध (जन्म 563 ईसा पूर्व – निर्वाण 483 ईसा पूर्व) लगभग 533ई.पू. से 528 ई.पू. के बीच आषाढ़ की पूर्णिमा के दिन खजूरगाँव (प्राचीन नाम: शेरपुर) से होकर सारनाथ (प्राचीन नाम: मृगदाव, मृगदाय वन) पहुँचे, जहाँ उन्होंने वप्पा, भादिया, महानामा, कौण्डिण्य तथा अस्सागी इन पाँचों को सर्वप्रथम धर्मोपदेश दिया, जिसे बौद्ध इतिहास में धम्मचक्र प्रवर्तन कहते हैं, पाली भाषा में इसे ‘धम्मचक्क पबत्तन’कहा जाता है। महानामा, कौदन्ना, भद्दिया, वप्पा और अश्वजिता यही पाँचों ने बुद्ध का साथ तब छोड़ा था, जब बुद्ध ने आत्महिंसा वाली तपस्या पद्धति (तपस्चर्या) छोड़ी थी। खैर, महात्मा बुद्ध के दस प्रमुख शिष्यों में सारिपुत्र, मौद्गल्यायन, महाकाश्यप, सुभूति, पूर्ण मैत्रायणी-पुत्र, कात्यायन, अनुरुद्ध, उपालि, राहुल व आनन्द का नाम लिया जाता है और उनकी प्रमुख शिष्याएं हैं महाप्रजापति, यशोधरा, रानी खेमा, आम्रपाली आदि। उनके प्रमुख प्रचारक हैं, बिंबिसार, अजातशत्रु, प्रसेनजित, जीवक, अनाथपिडक, अंगुलिमाल, मिलिंद (यूनानी सम्राट), सम्राट अशोक, कुषाण राजा कनिष्क, ह्वेन त्सांग, फा श्येन, ई जिंग, हे चो, बोधिसत्व आदि। मौर्यकाल तक आते-आते भारत से निकलकर बौद्ध धर्म चीन, जापान, कोरिया, मंगोलिया, बर्मा, थाईलैंड, हिंद चीन, श्रीलंका आदि में फैल चुका था। इन देशों में बौद्ध धर्म बहुसंख्यक धर्म है। फिलहाल विश्व में लाओस, कम्बोडिया, भूटान, थाईलैण्ड, म्यानमार और श्रीलंका ये छह देश "अधिकृत" 'बौद्ध देश' है, क्योंकि इन देशों के संविधानों में बौद्ध धम्म को 'राजधर्म' या 'राष्ट्रधर्म' का दर्जा प्राप्त है। 20 से अधिक देश बौद्ध देश हैं, दुनिया में करीब 6900 विभिन्न भाषाएं बोली जाती हैं। दुनिया की लगभग सभी प्रमुख भाषाओं में धम्मपद का अनुवाद हुआ है, लगभग


600 से अधिक भाषाओं में। अतः बौद्ध धम्म (धर्म) दुनिया का पहला विश्व धम्म है और वैज्ञानिक धम्म भी। बहरहाल, 20वीं सदी में डाॅ० भीमराव रामजी सकपाल आम्बेडकर जी बौद्ध-दलित आंदोलन के रूप में जिस नवयान सम्प्रदाय की शुरूवात की थी, उसे नवबौद्ध सम्प्रदाय कहा जाता है। इस सम्प्रदाय के बौद्धिस्ट जन 'बौद्ध महाविहार खजूरगाँव' में बुद्ध पूर्णिमा (बुद्ध जयंती) के दिन महान पुरखों को याद करते हैं।"-गोलेन्द्र पटेल



 

Sunday, 14 April 2024

'ग्राम ज्ञान संस्थान' की कार्यकारी समिति

 "ग्राम ज्ञान संस्थान" (शिक्षा , स्वास्थ्य, सफाई, सेवाभाव) में आप सभी ग्रामवासियों का सादर स्वागत है।... जुड़ें और औरों को जोड़ें। धन्यवाद!🙏


“सबसे क़ीमती धन ज्ञान है 

विद्यार्थियों का, 

विद्यार्थियों के द्वारा, 

विद्यार्थियों के लिये 'ग्राम ज्ञान संस्थान' है 

शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, सेवाभाव इसकी पहचान है!-गोलेन्द्र पटेल


'ग्राम ज्ञान संस्थान' की कार्यकारी समिति :-

1. संरक्षक:-

2. संस्थापक:-

3.अध्यक्ष:-

4.उपाध्यक्ष:-

5. सह उपाध्यक्ष:-

6. महासचिवः-

7. सचिवः-

8. सहसचिव:-

9. उपसचिव:-

10. सह उपसचिव:-

11. कोषाध्यक्षः-

12. सहकोषाध्यक्षः-

13. संगठन मंत्री:-

14. व्यवस्था मंत्री:-

15. सूचना मंत्री:- 

16. आंतरिक लेखा परीक्षक:-

17. प्रेस-मीडिया प्रभारी:-

18. परामर्श मंडल प्रमुख:-

19. सलाहकार सदस्य:-

20. कार्यकारिणी सदस्य:-

21. कला पक्ष प्रमुख:-

22. संयोजक:-

23. सदस्यगण:-


* 'ग्राम ज्ञान संस्थान' विद्यार्थियों का, विद्यार्थियों के द्वारा, विद्यार्थियों के लिये है। यह संस्था अव्यावसायिक है। इस संस्था के सभी सदस्य अवैतनिक हैं। 

* कार्यकारी समिति के कुछ पद परिवर्तनीय हैं। इसमें प्रत्येक वर्ष संशोधन होगा।

* सर्वसम्मति से शीघ्र ही उन पदाधिकारियों का नाम घोषित किया जाएगा।

*संशोधन के साथ शीघ्र ही नये बैनर का लोकार्पण किया जाएगा, जिस पर नये पदाधिकारियों व नये सदस्यों की विशेष उपस्थित होगी।


संस्थापक संपर्क सूत्र:-

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com


YOUTUBE:-

https://youtube.com/@gramgyansansthan?si=rXnIz1n0rmPopRzu


Facebook Page:- https://www.facebook.com/profile.php?id=61556711291827


WhatsApp:- https://chat.whatsapp.com/DMIdnHBHMIl3AredWv97Qi


जागो और जगाओ, 

सीखो और सीखाओ,

पढ़ो और पढ़ाओ।

#ग्राम_ज्ञान_संस्थान

#graam_g

yaan_sansthaan

#gram_gyan_sansthan

#Village

Friday, 29 March 2024

कविता : फ़रज़ाना का अफ़साना

 

फ़रज़ाना का अफ़साना

ज़माना ख़राब है

क्या तुमने सुना है?
लाशों को लोरियाँ गाते हुए
या फिर दाउदी बोहरों की सफेद दाढ़ियों से
स्त्रियों के ख़तना पर
असभ्य-स्वर
यह कितना अश्क़िया-क्रूर रिवाज़ है!
इस अज़ाब से मुक्ति का क्या इलाज है?

क़ब्रिस्तान में क़ब्र से आती है आवाज़
वे कर्म नहीं,
जाति-धर्म को महत्त्व देते हैं
जो जीवन-मर्म नहीं समझते हैं

उनको धर्म की खेती करनी है
और काटनी है जाति की फ़सल
सवधान, राजनीति दंगा-फ़साद की जननी है
नफ़रत की नज़र से वंचित नहीं है वक्त

जीत का जश्न जारी है
विपक्ष में खड़ी नज़्म ज़ख़्मी है
क्योंकि वह सत्य का प्रवक्ता है

फ़रज़ाना फफकते हुए
सोच रही है कि कुछ लोगों के लिये चाँद
रोटी है
तो कुछ लोगों के लिये
सिक्का है
तो कुछ लोगों के लिये
रूपक है

इस वक्त
जब कि चारों ओर 'जय श्री राम' का नारा गूँज रहा है
मैं कैसे कहूँ 'अल्लाहु अकबर'
नमाज़ पढ़ने वाले मारे जा रहे हैं
सड़क पर शौहर मारे गए, अहबाब!

हिन्दू-मुस्लिम शोक में डूबे हैं
अल्लाह चुप है
उसकी चुप्पी चुभ रही है
ईश्वर चुप है
उसकी चुप्पी चुभ रही है
मंदिर-मस्जिद के चिराग़ बुझे हैं मन दु:खी है, अहबाब!

संतान जीने की हिम्मत होती है

बच्चों के बिना न ईद अच्छी लगती है
न बक़रीद अच्छी लगती है
न होली अच्छी लगती है
न दीवाली अच्छी लगती है

उधर ख़ून की नदी है इधर
उनकी स्मृति
सेवईं की तरह है
गोया अब्सार में इल्म की ईदी है
जहाँ आब-ए-चश्म अंतर्मन का आईना है
और अब्रू पर सर-ए-सबद
इज़्तिराब है, अहबाब!

मुझे अमीना की चिंता है,
उसके लिये
यह कितना कठिन समय है!
एक बच्चा आगे, एक गोद में और एक पेट में है
या ख़ुदा!
यह कैसा अन्याय है?
मेरी बच्ची के साथ, मेरे साथ
बिना पुरुष की स्त्री अनाथ हो जाती है न?
मैं अनाथ हो चुकी हूँ, अहबाब!

मुझे इंतज़ार है उस दिन का
जो मुझे मेरे हिस्से का सुकून दे सके
मुझे इंतज़ार है उस रात की
जो मुझे मेरे हिस्से की नींद दे सके
अल्लाह के बंदे इंतज़ार करने के सिवाय और क्या कर सकते हैं?
आफ़त में अल्लाह की याद आती है न?
अल्लाह मेरी इबादत कब सुनेंगे?
क्या दरगाह जाने से मेरा दुख दूर हो जाएगा?
मैं कुरान के किस अंश का पाठ करूँ
कि मेरा दुख पहाड़ से छोटा हो जाए!
बताओ न मौलवी साहब!

मेरी बेटी उदारवादी मुसलमान है
वह कुरान ही नहीं, बल्कि गीता का भी अध्येता है
उसने 'मुसलमान कवियों की कविता में हिन्दुत्व' पर शोध किया है
हे हिन्दू फ़कीर!
उसके अच्छे दिन कब आएंगे?

अहबाब, क्या तुम्हें पता है?
मैं एक राष्ट्रवादी मुस्लिम हूँ
मेरे जीवन का अफ़साना क़ौम का क़िस्सा है
यानी कि मैं तुम्हारी भी कहानी हूँ

अहबाब अमीना की तलाक़शुदा ख़ाला हैं
वे अफ़सुर्दा में अश्फ़ाक हैं!

(©गोलेन्द्र पटेल / 30-03-2024)

संपर्क सूत्र :-
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com

Wednesday, 20 March 2024

असली शराबी अच्छे इनसान होते हैं (Asali Sharabi Achchhe Inasan Hote Hain)

 

असली शराबी अच्छे इनसान होते हैं


असली शराबी अच्छे इनसान होते हैं


घीसू-माधव हों या महान ग़ालिब

इनकी कथाएँ कहती हैं,

शराब पीने से शरीर ख़राब होता है, मन नहीं।


मैं कोई नशा नहीं करता 

मैंने कभी नहीं किया कोई नशा

पर, जानता हूँ नशा से नृत्य निखरता है

नज़र निथरती है...


मैं पूरे होशोहवास में कह रहा हूँ

चाय की चुसकी और शराब का चषक

चीख और चुप्पी के पर्याय हैं 


यह सच है कि वे समुद्र से अधिक

शराब में डूबते हैं जिनके लिए

शराब अमृत है  

जो अधिक शराब पीते हैं

शराब उन्हें पीती है


यहाँ शराब का पर्याय समुद्र है


मैं आग की ओर नहीं,

आँसू की ओर इशारा कर रहा हूँ

क्योंकि उसकी एकता का नाम समुद्र है। खैर,


जिनका एक पैक में सिक्स पैक बन जाता है 

वे ख़ुद को टॉपों-टॉप में महसूस करते हैं

भले ही वे सबेरे का सूरज नहीं देखते हैं 

लेकिन आधी रात का चाँद उन्हें पहले से कुछ और सुन्दर नज़र आता है 

वे स्वप्न में भी शराब पीते हैं नये-नये ब्रांड

और ख़ास बात तो यह है 

कि उनका हर स्वप्न नया स्वप्न होता है

हर दिन नया दिन होता है 

हर यात्रा नयी यात्रा होती है 

और वे थोड़े से चढ़ने पर ख़ुद कुछ नया हो जाते हैं

अंत में एकदम नया मुसाफ़िर 


मदिरा मनुष्य को मनुष्य से जोड़ती है

जैसे मुहब्बत 

वह किसी से भेदभाव नहीं करती है

और पीने वालों को यह सीख देती है

कि वे किसी से भेदभाव न करें

वह मनुष्य को धर्म, जाति, अमीरी-गरीबी से ऊपर उठाती है 


वैद्य से पूछिए,

शराब एक बेहतर औषधि है कि नहीं 

अमुक बीमारी के लिए?

सरकारें भी जानती हैं

कि शराब से उनकी रीढ़ मज़बूत होती है 

शराब सरकार और शबाब के लिए ख़तरा तो नहीं है

फिर भी, कुछ लोग शराब को बेवजह बदनाम किये हैं 


जहाँ शराब बंद है

वहाँ कई साहित्यकार शराब पीते हैं 

जो शराब पीकर लिखते हैं 

वे धूम्रपान निषेध दिवस मनाते हैं

और इस वक्त शराब की पाबंदी पर चुप हैं 

  

मैं नहीं पीता हूँ

पर, मुझे महान शराबी पुरखे याद आ रहे हैं

क्या वे होते तो अपने यहाँ शराब बंद होती?


अब तो स्त्रियाँ भी पीती हैं शराब


मैंने स्त्रियों के मुँह से सुना है

कि मद्य सिर्फ़ मर्द के लिये नहीं है

किसी भी मदिरालय पर नहीं लिखा होता है

कि मरद-मेहरारू को दारू नहीं पीना चाहिए

भले ही लिखा होता है

कि शराब सेहत और समाज के लिये हानिकार है! 


©गोलेन्द्र पटेल (युवा कवि, आलोचक व संपादक)

संपर्क सूत्र :-

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com

asalee sharaabee achchhe inasaan hote hain

Saturday, 30 December 2023

कुछ रचनाकारों की माँ पर केंद्रित कुछ रचनाएँ / kuchh rachanaakaaron kee maan par kendrit kuchh rachanaen

कुछ रचनाकारों की माँ पर केंद्रित कुछ रचनाएँ :-

1).

लोक-रिश्ता

यह हर तरह के सामाजिक संबंध पर लिखने का समय है

कुँवारी लड़कियाँ बुआ कहलाती हैं
लेकिन कुँवारे लड़के फूफा नहीं
कुँवारे लड़के चाचा कहलाते हैं
लेकिन कुँवारी लड़कियाँ चाची नहीं

कुँवारे लड़के मामा होते हैं
लेकिन कुँवारी लड़कियाँ मामी नहीं

हाँ, दोनों कुँवारेपन में मौसी-मौसा हो सकते हैं।

कुँवारे लड़के अपने युवावस्था में कइयों के चाचा,
तो कइयों के दादा, तो कइयों के बुढ़ऊ बाऊ लगते हैं
जैसे हम अपने गाँव में।
खैर,
वे विवाहित स्त्रियाँ जो बच्चे पैदा करने में सक्षम नहीं हैं,
उन्हें समाज बाँझ की संज्ञा देता है
जो कि गलत है
क्योंकि वे मातृत्व से वंचित नहीं होती हैं
वे लोक में किसी न किसी की छुटकी या बड़की माई होती हैं
वे वात्सल्यपूर्ण आशीर्वाद देती हैं

धरती बंजर हो सकती है
पर, स्त्री बाँझ नहीं।

©गोलेन्द्र पटेल , संपर्क : डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।  पिन कोड : 221009


2).

मां

मां मेरी अलौकिक निधि,

जग जननी है मेरी।

भाग्य फैसला करने वाली,

अमूल्य धरोहर है मेरी।

     संस्कृति को बढ़ाने वाली,

     संसार को बसाने वाली।

      पुत्र हेतु चिंता करने वाली,

      दुखों को हरने वाली।

      मेरी अमूल्य माता है।

       मेरी भाग्य विधाता है।

ममता की करुणा निधि,

प्यास की तृप्ति करने वाली।

प्यार की संचित विधि,

गलती को माफ़ करने वाली।

मेरी अमूल्य माता है।


मेरी भाग्य विधाता है।


- दुर्गेश मोहन

समस्तीपुर(बिहार)


3).

माँ की याद


हृदय से  माँ की तस्वीर मिटती नहीं

घर में अब माँ  की आवाज गूंजती नहीं। 


छिप गई है माँ दूर बादलों के पार

निगाहें फिर भी माँ को ढूंढती है बार -बार। 


धुआंते चूल्हे पर खाना बनाती, आंखें पौंछती माँ

याद आती है बहुत, पर अब केवल तस्वीर वहां। 


जहां- जहां जाऊं माँ हमेशा साथ होती है

यह अनुभूति हमेशा मेरा साथ देती है। 


भावों से भरा भारी मन, क्लांत तन मेरा 

स्मरण करता हूँ तब सौम्य, धैर्यवान मुख तेरा। 


चल तो पड़ा हूँ शहर से गांव की ओर

लेकिन नदारद है वो अधीरता, वो लहू में जोर। 


-शेर सिंह

नाग मंदिर कालोनी, 

शमशी, कुल्लू, 

हिमाचल प्रदेश - 175126.


4).

आयला भी आकर चली गई,

लैला भी आकर चली गई,

वायु भी आकर चला गया,

अम्फन भी आकर चला गया,

हुए देश विदेश में बहुत नुकसान,

गई हजारों लाखों लोगों की जान,

लेकिन मैं बच गया,

क्योंकि मैं मां के गोद में था।

क्योंकि मैं मां के गोद में था।


-डी.सी.पी. दिनेश

कलकत्ता

5).
"" प्रेमलता ""
   ( प्रेममयी माँ )
*************

(1) " प्रे ", प्रेरणापुँज
               दिव्यस्वरूपा माँ
               करते प्रणाम आपको नमन  !
               आपसे पाते नित शक्ति ऊर्जा.....,
               करते आपका स्मरण हम प्रतिदिन !!

(2) " म ", ममतामयी
               प्रेमस्वरूपा माँ
               आप बसती हमारे ह्रदय  !
               नित देख आपकी सुंदर मूरत.....,
               बन आए दिवस हमारा आनंदमय !!

(3) " ल ", ललितकांता
                प्रेममयी माँ
                हमारे संस्कारों की कुँजी  !
                हो प्रेम वात्सल्य की देवी......,
                आप बनी हमारी असली पूँजी !!

(4) " ता ", तादात्म्य
                था शिवमय 
                माँ अद्भुत विलक्षण अप्रतिम  !
                आपकी वाणी में समायी वाग्देवी.......,
                हर शब्द बन आता था निरुपम  !!

(5) " प्रेमलता ", प्रेमलता
                        खिल-खिल आयी है
                        मेरे मन कानन में हरओर  !
                        नित रोज सवेरे कर लेता दर्शन......,
                        पाता मधु मकरंद जीवन में चहुँओर !!

¥¥¥¥¥¥¥¥¥¥¥¥¥¥

"" प्रेमलता""
    ( माँ )
***************

(1)"प्रे ", प्रेरणा की स्रोत रही सदा "माँ",
           जीवनभर कुछ ना कुछ सिखलाया !
           "माँ", थी अनुभव की अनंत आसमां...,
           जीवन जीने का गुर और पाठ पढ़ाया  !!

(2)"म ", ममता स्नेह दया प्रेम की मूरत
           था "माँ", का वात्सल्य बड़ा ही अप्रतिम !
           जीवन की हरेक कठिन परिस्थितियों में.,
           रहा "माँ", का सदा खिलता शुभानन !!

(3)"ल ", लगन धुन की पक्की थी "माँ",
              भरा धैर्य संतोष था उनमें अथाह  !
              सबसे मुस्कुराकर मिलती थी "माँ"..,
              कभी करती नहीं थी चिंता परवाह !!

(4)"ता ", ताउम्र बनी रहीं "माँ" सदा सक्रिय
           हर काम किया बड़ी मेहनत के संग-साथ !
           जीवन के हरेक उतार चढ़ाव को....,
           निभाया बड़ी ही सूझ-बूझ के साथ !!

(5)" प्रेमलता ", प्रेम लता सी "माँ", सदा लिपटी रहीं
           सभी में रहीं बांटती स्नेह प्यार  !
           जीवन में हमेशा मुस्कुराती रहीं.....,
           और लुटाया जी भरके अपना दुलार !!

(6) माँ " प्रेमलता ", की पावन स्मृति पर
         हम सभी विनम्रता से हैं श्रद्धावनत  !
         चढ़ाकर मधुर स्मृतियों के पुष्प सुमन...,
         कर रहे "माँ",को नमन प्रणाम शत-शत वंदन!!

-सुनीलानंद 
जयपुर,
राजस्थान

6).
माँ के दिल जैसा दुनियाँ में कोई दिल नहीं 

यदि हम वात्सल्य भाव की बात करते है तो उसमें माँ का प्रेम सर्वोपरि माना जाता है क्योंकि माँ सारे गुणों की खान होती हैं। बात यदि अपने बच्चों की आती है तो माँ कभी अनदेखा नहीं करती। 
उस दौर में मैंने कई माताओं को देखा वो सभी कम संसाधन में काफ़ी व्यवस्थित रूप से बच्चों का लालन-पालन करती थी। पहले मोहल्ले की गली में बैठ कर सारी माताएँ मिल कर बच्चों के लिए क्या सही क्या गलत सब की चर्चा करती थीं। बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन जो घर का बना होता था, उस पर बल देती थी, बाहरी सामान से होने वाले नुकसान-फ़ायदे सब बताया करती थी। बच्चों की नज़र उतारना, भाई-बहनों को परिवार के साथ बैठाना, एकता बनायें रखने की काफी सीख देती थी। अब तो मोबाइल उपकरण आने से ये सारी व्यवस्था ही बदल गई है, ना कोई माँ के साथ बैठता है और ना परिवार के साथ सामंजस्य बैठा पाते है बच्चे!
संस्कार आज भी हैं लेकिन सब बदल गया।
आधुनिक युग में फायदे की बात लिखूं तो आज की माँ पहले से ज्यादा शिक्षित हैं और घर-ऑफिस सब संभाल रही है, सुगमता से सारे कार्य घर के मशीन से करने लगी हैं। अपने फैसले लेने में सक्षम है माँ-बहनें। कुरीतियां समाप्त हो चुकी हैं। अच्छी शिक्षा-दीक्षा बच्चों को दे पा रही है, सपने साकार हो रहे है। अब अत्याचार और उत्पीड़न का उत्तर देने में सक्षम हैं। जो सुविधाएं माँ खुद के लिए नही जुटा पाई आज अपने बच्चों की छोटी से छोटी इच्छा पूर्ण करने में सक्षम हैं, वो भी अकेले।
मुझे गर्व हैं हर माँ पर वो अब अबला नहीं सबला बन चुकी है वो सारे कार्य जो पुरुष कर सकते हैं, एक एकल मदर भी कर लेती है।
शादी-विवाह समारोह में एक एकल मदर पूरी ज़िम्मेदारी निभा रही हैं, हर क्षेत्र में नारी शक्ति इज्जत कमा रही है।
लेकिन आजकल पैसे की चकाचौंध और सुनहरे भविष्य की चाह ने भारतीय बच्चों को विदेश में खींच लिया है और उसके पीछे छूट गई है उसकी मां। मां का अकेलापन क्या होता है, उनका यादों में लिपटा हुआ जीवन बहुत तकलीफदेह होता है। 
"मेरी आँखे रो पड़ी भीगा मां का आंचल। 
मन से मन की बात पढ़ जानी दिल की बात!"
आजकल यह लिखी हुई पंक्तियां भी कहीं धूमिल हो गई है। कितने साल गुजर जाते हैं एक बच्चे को पालने में मां के, उसके बाद पीढ़ी दर पीढ़ी सभी जवान हो जाते हैं और बदल जाता है उनका जीवन और उनकी जीवन शैली। आजकल बात करने के माध्यम, एक दूसरे की जानकारी के लिए भले ही इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध हो गई है फोन पर बात करना सरल हो गया हो और कई रिश्तें की भावना ने, संवेदना ने भले ही कई बार सांप की तरह केंचुली उतार ली हो, लेकिन मां-बेटे बेटियों का रिश्ता आज भी इस देश में गर्माहट के साथ मौजूद है। सभी की आकांक्षाएं और कामनाओं की लिस्ट बहुत लंबी है समय बहुत कम है और संघर्ष बहुत बड़ा। जीवन की परिभाषाओं में बहुत फेरबदल हुआ हो पर विदेश में बसा हुआ बेटा मां को बहुत याद करता है और कुछ बेटे अपनी मां को विदेश में बसने के बाद अकेला छोड़ दिए हैं। उनके पास अपनी मां के लिए वक्त ही नहीं। इतनी एडवांस तकनीक आने की वजह से कुछ नई संगत से बच्चों के व्यवहार भी बदल रहे है। बेटा और बेटियां कमाने के लिए बाहर चले जाते हैं अपने सपनों को पूरा करने के लिए, पैसे कमाने में उस मां को छोड़ जाते हैं। कुछ बच्चे वादा करते हैं कि वह लौटकर आएंगे और कुछ बच्चे विदेश में ही रहकर अपना घर बसा लेते हैं फिर वह भारत में रह रही मां के पास आना उचित भी नहीं समझते हैं। मां जिंदा है या मर गई है उन्हें परवाह भी नहीं होती है और बस डाक द्वारा पैसा भेज देते हैं यही बहुत होता है। कुछ बेटा-बेटियां रोजाना अपने मां के कांटेक्ट में रहते हैं और यह विश्वास दिलाते हैं कि अब हम आएंगे जरूर से आएंगे और मां तुम्हारा सपना हम पूरा करेंगे। 
एक मां बचपन से अपने बच्चों की हर तकलीफ को समझती है। बेटा क्या खाता है? क्या पीता है? उसे बचपन में क्या पसंद था जब रूठ जाया करता था तो वह उसे कैसे मनाती थी और मां दूसरे कामों को निपटा कर अपने बच्चे की परवरिश में लग जाती थी। बच्चे कब बड़े हो गए पता ही नहीं लगा और चले गए अपनी मंजिल पाने। आज भी भारत वर्ष में ऐसी कई माऐं हैं जिनके आंसू थम नहीं रहे। वह अपने बेटे की आने की प्रतीक्षा में रोती रहती है उनकी व्यथा को समझने वाला कोई नहीं होता है। मां परिवार में कितना भी सबके साथ हंस बोल ले, लेकिन एक तन्हाई अपने बच्चों के लिए जरूर से उसके मन में होती है। मां बीमार हो जाती है तब चिट्ठियां भेजी जाती है, तब बच्चों के फोन आते हैं। उसके बाद भी कुछ बच्चे ऐसे होते हैं जो यह कहते हैं कि किसी कारणवश नहीं आ पाएंगे मां। अपना ख्याल रखना। सोचो उस समय उस मां पर क्या बीतती होगी। अकेले रहने वाली मां कितने भी डॉक्टर के चक्कर लगा ले, लेकिन अपने बेटा-बेटियों का विछोह बर्दाश्त नहीं कर पाती है। 
कुछ बेटा-बेटी विदेश में अपनी मां को बहुत मिस करते हैं, उनके बनाए हुए खाने की याद उन्हें सताती है जब उन्हें विदेश में मां के जैसे बना हुआ भोजन नहीं मिलता है, तो वह अपनी मां को याद करते हैं और उन्हें हमेशा फोन करते रहते है। दिनभर की आपबीती वह अपनी मां से शेयर करते हैं और वीडियो कॉल करके अपनी मां को रूबरू देखते हैं, उनके लिए समय देते हैं जिससे मां को भी यह तसल्ली रहती है कि हमारे बच्चे जहां भी हैं सुरक्षित है और बेटा-बेटियों को भी तसल्ली हो जाती है कि हमारी मां किस हाल में है। कई बार ऐसा हुआ है कि त्यौहारों में बच्चे अपनी मां के पास नहीं आ पाते हैं, लेकिन जब भी आते हैं तो अपनी मां को गले से लगा लेते हैं, उनके सामने वही छोटे बच्चे बन जाते हैं और मां भी अपने बेटा-बेटियों को उनके मनपसंद का खाना खिलाती है जब तक वह घर में रहते हैं। 
एक मां को चिंता रहती है कि जब मेरे बच्चे बाहर रहते हैं तो वह क्या खाते पीते हैं? कैसे रहते होंगें? इसलिए बेटा-बेटियों के आते ही उनकी आवभगत में मां लग जाती है। बस मैं इतना कहना चाहती हूं जो बच्चे बाहर जाकर अपनी मां से अलग रह रहे हैं, वह अपनी मां के संपर्क में सदा रहे। अपने परिवार से कांटेक्ट बनाए रखें ताकि घर में रह रही मां अकेली ना पड़े। मां से अच्छा दोस्त कोई नहीं होता है, यह बात बच्चे समझ ले तो विदेश में भी मां-बेटा बेटियों को एक दूसरे से अलग ना होना पड़े। प्रेम की भाषा सभी समझते है अपनें प्रेम पर आस्था बनाए रखें। भावुकता की नदी में बहती हुई मां हमेशा बच्चों का भला चाहती है और अपना दिल कठोर करके बच्चों को बाहर भेजती है पढ़ने के लिए। बच्चे इसका दुरुपयोग ना करें, अच्छी संगति करें, अच्छे लोगों के बीच में रहे। जितना हो सके मां के लिए विदेश से नई-नई चीजें भेजते रहें ताकि आपके भेजे हुए उपहार में मां आपका प्रेम महसूस कर सके। सभी त्यौहारों में फोन लगाकर मां से हंस बोल कर बात कर लेने से मां को इतनी खुशी मिलेगी इसकी कल्पना जैसे स्वर्ग मिल गया हो एक मां को। बच्चे अपनी भारतीय संस्कृति ना भूले बीच-बीच में आकर अपनी मां की तकलीफ समझ कर उन्हें सुख प्रदान करें। छोटी-छोटी खुशियों में अपनी मां के साथ समय बिता लेना पर अपनी मां को कभी अकेला मत छोड़ना, क्योंकि मां की पीड़ा केवल मां ही जानती है, बस बच्चों को इसका एहसास होना अति आवश्यक है। यदि कार्य के कारण बच्चे व्यस्त हैं तो उससे ज्यादा वक्त अपने परिवार अपनी मां को दीजिए। दूर रहकर प्रेम की डोर को बांधे रखिए, तभी अपनी मां की पीड़ा को आप समझ पाएंगे! उनका प्रेम समझ पाएंगे। बस याद रखिए "सब पराये हो जाए, पर मां पराई कभी ना होए"! 

©पूजा गुप्ता
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)
7).
एक ग़ज़ल
----------------
दूर रहकर भी सदा पास रहा करती है
वो सिवा माँ के भला कौन हुआ करती है

बच गयी जब भी बलाओं से तो मुझको लगा यूँ
माँ ही तो है जो मेरे हक़ में दुआ करती है

उसका जादू है, हुनर है कि कोई शक्ति है जो
बात मन की मेरे माँ जान लिया करती है

उसको धरती कहूँ, नदिया कहूँ या पेड़ कहूँ
देने बस देने का ही काम किया करती है

घर की उठती हुई दीवार में बँटती रही माँ
फिर भी बेटों के लिए ही तो दुआ करती है

उसके कदमों में नवाते रहें हम शीष सदा
ईश का ख़ुद में जो प्रतिमान गढ़ा करती है

हम भी सेवा व समर्पण से रखें ख़ुश उसको
कुछ न कहकर भी यही चाह रखा करती है
--/////------
डाॅ. कविता विकास 
धनबाद, झारखंड

8).

माँ पर दोहा
========
माता  महा  यथार्थ  है, नहीं कथा या गल्प।
जननी का संसार में, मिलता नहीं विकल्प।।
     -रशीद अहमद शेख़ 'रशीद'

9).

ऐसी होती है मांँ

कौन कहता है
मेरी माँ मुझे छोड़कर चली गई
मैं कहता हूंँ 
वह मुझे टोले-मुहल्ले से जोड़ कर गई है
मांँ की देन है कि कोई चाची बन जाती है
और वह अपनत्व दिखाती है
अपने खाने से पहले मेरे आगे 
रोटी की थाली रख जाती है
कम नहीं होने देती कोई समान
कम नहीं होने देती कोई अरमान 
जिससे कहता हूंँ मैं कि 
मेरी माँ का वजूद बोलता है और,,,, और 
मेरे अंदर से मेरी मांँ का 
दूध बोलता है 
माँ की बदौलत बढ़ते जा रहा हूंँ मैं 
अपने जीवन-पथ में निरंतर 
जलाते जा रहा हूंँ अंधियारे में दीप निर्बाध 
ऐसी होती है माँ।

बीतती है जिंदगी फुटपाथ

मेरी कविता लिखकर तुम नाम कमा लिए
लेकिन हमारी जरूरत अभी भी बाकी है
रोटी अभी भी बाकी है कपड़े भी बाकी है 
बीतती है जिंदगी फुटपाथ पर घर बाकी है
अच्छे दिन आयेंगे कह कैमरे में समा लिए
लेकिन हमारी जरूरत अभी भी बाकी है।
उड़ाती धूल जाती है मोटर गाड़ियांँ हजार
उसकी होती है गर्मी उसका अपना बाजार
और सभी गलियां की बतियां बुझा दिए
जमीन मिलनी बाकी है बिस्तर बाकी है।

-विद्या शंकर विद्यार्थी
C/0- राजेश यादव (खटाल)
बंगाली टोला 
रामगढ़, (झारखण्ड)
पिनकोड -829122
10).
मां, क्या तुम बीमार हो?

मां तुमने ही दी हमें
ये ज़िन्दगी,ये सांसें
ये स्नेह-प्यार-दुलार
पाला तुमने हमें
संस्कारों से अपने
ममता की घनी छांव में।
मां, मैं जब भी
लिपटता तुमसे
यमदूत सरीखे 
आकर भैया
परे धकेल देते मुझे
और कहते
ये मां तो मेरी है
मैं रो पड़ता
और तुम 
हम दोनों को भर लेती
अपने स्नेह की बाहुपाश में
पर आज 
भैया कहते हैं
मां तेरी है...
मां, क्या तुम बीमार हो ?
         

-रशीद ग़ौरी, सोजत सिटी।
11).
खाना बनाने वाली बाई 
 
खाना बनाने वाली बाई 
खाने की सुगंध अपनी देह में लपेटे 
ले जाती है घर 
आवारा हवाओं से बचाते हुए 
बच्चे पूछते हैं- 
माँ आज क्या बनाई है?
माँ कहती है-शाही पनीर...
बच्चे चुपचाप उसके  स्वाद  के साथ 
खाना खाकर सो जाते हैं।
 
बच्चे जानते है- 
माँ है तो उम्मीद है 
माँ है तो सपने ज़िन्दा हैं…
बच्चे खुश हैं कि उनके 
गंध,एहसास,स्वाद और....दृष्टि ज़िन्दा है 
एक दिन माँ नहीं लौटी 
गंध चोरी के आरोप में जेल में बंद है!
भूखे बच्चे ताक रहे हैं आसमान.....।

-रमेश कुमार सोनी
रायपुर, छत्तीसगढ़

12).
माँ

न तुलना कभी की है
न करने का इरादा है 
 हाँ , वो माँ का प्यार ही है
जो दुनिया के किसी भी प्यार से 9 महीनों ज़्यादा है।

 दुनिया की सभी माँओं की एक ही परिभाषा है, 
सुखी रहें हमारे बच्चे,
बस यही सबसे बडी उनकी आशा है!!

-श्रवण सिंह राव, आहोर और जिला जालौर राजस्थान
13).
जब तरल सुबह, तपती बातें, मन उद्वेलित कर जाती हैं।
होठों पर स्मित सजल लिये, माँ मुझे बहुत याद आती है।।

       पक्षी कलरव और पत्तों संग,      
       जब सड़क सजी सुस्ताती   
       है।
       तब बांँट जोहती आँखो संग, 
       माँ मुझे बहुत याद आती    
       है।।

कोई शाख फलों का भार लिए, सर झुका नमन करती दिखती।
तब उचक देखती खिड़की से, माँ मुझे बहुत याद आती है।।

       रिश्तों के कच्चे धागों संग,       
       बातें बदरंगी उलझ पड़ें।
       तब अश्रु छिपाती, मुस्काती,    
       माँ मुझे बहुत याद आती    
       है।।

थकता,  बोझिल,  हर भाव लगे, कदमों की जब रफ्तार रूके।
लादे अनुभव की गठरी सी,  माँ मुझे बहुत याद आती    
है।।

       अब रच पाऊँगी सपन नहीं,     
       ये सोच आँख मुँद जाती है।
       बाँहें फैलाये जीवन सी..माँ    
       मुझे बहुत याद आती है।।

-रश्मि 'लहर'
इक्षुपुरी काॅलोनी
लखनऊ उत्तर प्रदेश
14).
जब एक माँ चूल्हा जलाती है

जब एक माँ चूल्हा जलाती है
मानों रोज यज्ञ करती है.
रोज अपने एक सपने की
आहुति देती है वह।

जब एक माँ, आँगन बुहारती है 
तो कुछ कुछ बुदबुदाती रहती है 
और बुरी बलाओ को ढूँढ
बुहार, बाहर फेंक देती है 
जब एक माँ पूजा करती है 
अपने दोनों हाथों से आँचल 
फैला, बच्चों की सलामती 
की दुआ माँगती है

जब एक माँ थककर बैठती है
बच्चों के लिये सपने बुनती रहती है
या फिर अच्छी यादों को सिलती रहती है

-मनोरमापंत, भोपाल

15).

ऐसी होती है मांँ

कौन कहता है
मेरी माँ मुझे छोड़कर चली गई
मैं कहता हूंँ 
वह मुझे टोले-मुहल्ले से जोड़ कर गई है
मांँ की देन है कि कोई चाची बन जाती है
और वह अपनत्व दिखाती है
अपने खाने से पहले मेरे आगे 
रोटी की थाली रख जाती है
कम नहीं होने देती कोई समान
कम नहीं होने देती कोई अरमान 
जिससे कहता हूंँ मैं कि 
मेरी माँ का वजूद बोलता है और,,,, और 
मेरे अंदर से मेरी मांँ का 
दूध बोलता है 
माँ की बदौलत बढ़ते जा रहा हूंँ मैं 
अपने जीवन पथ पर निरंतर।
ऐसी होती है माँ।

-विद्या शंकर विद्यार्थी
C/0- राजेश यादव (खटाल)
बंगाली टोला 
रामगढ़, (झारखण्ड)


👉माँ से संबंधित अभिव्यक्तियों का सभी विधाओं में आत्मिक अभिनंदन है। माँ से संबंधित आप अपनी अभिव्यक्ति अपनी तस्वीर के साथ मुझे निम्नलिखित पते पर भेज सकते हैं।🙏 

संपर्क :
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com









Wednesday, 27 December 2023

मैं हिन्दू हूँ (कविता) / main hindu hun

 


मैं हिन्दू हूँ

इस धरती की धड़कनें
सांस्कृतिक स्वर की ऊँची अनुगूँज हैं

अपनी सनातनी अर्थ-प्रक्रिया में
यह हिन्दुत्व के ध्वजोत्तोलन का समय है
मैं हिन्दू हूँ
मेरे आध्यात्मिक गुरु ऋषिचित्त हैं
मैं शैशवावस्था से शाकाहारी हूँ
माँ सरस्वती का भक्त हूँ
और माँ दुर्गा का भी
पर, मैंने सत्रह सालों तक शिव की उपासना की है
कई सालों तक कतकी नहायी है
मुझे जब से जानकारी है
तब से रोज़ हनुमान का ध्यान करता आ रहा हूँ
मैं उदार, उदात्त व धर्मनिरपेक्ष धार्मिक हूँ
क्योंकि मैं सभी धर्मों के शक्ति-स्रोतों को मानता हूँ
मंदिर-मस्जिद-गुरुद्वारा जाता हूँ !

मैं बुद्ध को ख़ूब पढ़ता हूँ
पर, मैं बौद्ध नहीं हूँ
मैं महावीर स्वामी को ख़ूब पढ़ता हूँ
पर, मैं जैन नहीं हूँ
मैं कबीर को भी ख़ूब पढ़ता हूँ
पर, मैं कबीरपंथी नहीं हूँ
मैं तुलसी को भी ख़ूब पढ़ता हूँ
पर, मैं रामनामी नहीं हूँ
न ही मैं भगवाधारी हूँ

मैं ग्रामदेवता को पूजता हूँ
प्रकृति की पूजा करता हूँ
माँ का पाँव छूता हूँ
पिता का पाँव छूता हूँ
गुरु का पाँव छूता हूँ
पुरखों का पाँव छूता हूँ
मैं वादियों का पढ़ता हूँ
पर, मैं वादी नहीं हूँ
सिवाय इसके कि मैं स्पष्टवादी हूँ
जो कहना होता है
वो मुँह पर कह देता हूँ

मैं अपनी दायीं आँख से जितना देखता हूँ
उतना ही बायीं आँख से
मेरी नज़र में
न कोई सिर्फ़ दायें पैर से लंबी यात्रा कर सकता है
न कोई सिर्फ़ बायें पैर से लंबी यात्रा कर सकता है
न ही कोई सिर्फ़ दायें हाथ से ताली बजा सकता है
न ही कोई सिर्फ़ बायें हाथ से ताली बजा सकता है

मैंने हिन्दू जीवन मूल्य को समझते हुए
यह महसूस किया है,
भारत में
सहल ही सहज है, सरस है, सरल है,
सुलभ है और सुंदर भी
जहाँ जाति से ऊपर
धर्म
भारतीयता के लिए
ज़रूरी चीज़ है
पर, इसकी कुत्सित राजनीति
सभी के लिए
घातक है
धर्म की राजनीति और राजनीति के धर्म में फ़र्क है न?

मैं भाषा के महारूपकों को जीता हूँ
पर, उनका अंध अनुसरण नहीं कर करता हूँ
अनुकरण तो कतई नहीं
मैं धार्मिक मिथकों के नये मतलब को समझने का प्रयास करता हूँ
मैं जन्म से हिन्दू हूँ
किसी शब्द के अनुस्वार या नुक़्ता या चन्द्रबिन्दु जैसा!

यदि मैं अपने बारे में यह कहूँ
कि मैं किसी का अंधभक्त नहीं हूँ,
तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं है

मेरा हिन्दू होना
असल में सहृदय मनुष्य होना है!

(©गोलेन्द्र पटेल / 28-12-2023)

 गोलेन्द्र पटेल (कवि व लेखक)

संपर्क :
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com




पेरियार पर केंद्रित कविताएँ : गोलेन्द्र पटेल

तर्क और विद्रोह के पुरोधा : पेरियार —गोलेन्द्र पटेल भारतीय समाज का इतिहास केवल राजाओं, युद्धों और साम्राज्यों का इतिहास नहीं है; यह उन विचार...