Tuesday, 6 September 2022

रविशंकर उपाध्याय स्मृति युवा कविता पुरस्कार से सम्मानित कवि गोलेन्द्र पटेल की 30 कविताएँ

 



रविशंकर उपाध्याय स्मृति युवा कविता पुरस्कार से सम्मानित कवि गोलेन्द्र पटेल की 30 कविताएँ :-

1).

जँगरैत स्त्रियाँ
_______________________________________

जँगरैत स्त्रियाँ
भोरहरी में उठती हैं
और तब तक खटती रहती हैं
जब तक कि चेहरे पर बारह नहीं बज जाता

जैसे ही बजता है बारह
बीत चुकी होती है
आधी रात

नींद के विरुद्ध
आँखों से टपकती हैं बूँदें
बहता है हरहराकर आँसू
और उनकी बेचैनी
स्वप्न में बड़बड़ाती है
दुःख की बात

उन्हें लगता है
कि सूरज आ चुका है
चूल्हे के पास
उनका चाँद डूब रहा है
उदास

उनकी ऋतुएँ
जाड़ा-गरमी-बरसात
उनके साथ
उनकी तरह रोती हैं

वे चैन से नहीं सोती हैं किसी भी दिन
उन्हें डर है कि कहीं उन्हें उजाले में शौच न लग जाय
कहीं उनकी पड़ोसी सखियाँ
उन्हें छोड़कर चली न जायँ
खेतों की ओर
जहाँ वे अक्सर अपना दुख-सुख साझा करती हैं

जब वे लौटती हैं चूल्हानी
तो पहले पकाती हैं भात
फिर सब्जी
फिर सेंकती हैं रोटियाँ
और याद करती हैं
बचपन के खेल
इतना पानी घघो रानी
चोटियाँ और गोटियाँ

आह! आज है
उनकी आँखों में सागर से अधिक पानी!

घर के सभी देवगण
थाली लेकर उपस्थित हैं
वे परोस रही हैं पकवान अपने भगवान को
जो अक्सर उन्हें जँगरचोर की संज्ञा देते हैं
और कहते हैं कि "अबला जीवन हाय,
तुम्हारी यही कहानी,
आंचल में है दूध
और आंखों में पानी।"

वे अपनी भूख को काबू करने की कला में सिद्धहस्त हैं
इसका गवाह हैं
वे जली हुई रोटियां और कड़ाही के मसाले
जिन्हें वे अंत में खाती हैं
पानी के सहारे

पानी की पहचान दरअसल उनकी पीड़ा की पहचान है
जिसे गुप्त जी ने महसूस किया था कभी
और कुछ अन्य लोगों ने भी

चौका बरतन करना इतना आसान नहीं है
जितना आसान है बाहर जाना
और कमाना

अरे श्रेष्ठ देवताओ!
एक दिन घरेलू कार्य करके तो देखो
तुम्हें तुम्हारी नानी न याद आ गयी
तो फिर कहना कि
तुम्हारी जोरू जँगरैत नहीं है!

2).

गोड़िन
_______________________________________

कुओं की भरकुंडी प्यास रही हैं

चोर खोल ले जा रहे हैं चपाकल
नलकूपों को नगद चाहिए पैसे 

गोड़िन का गोड़ भारी है
गला सूख रहा है!

निःशुल्क है नदी का पानी

भरसाँय झोंक रही है भूख
आग पी रही हैं आँखें

कउरनी कउर रही है कविता 

जो दाने ममत्व पाना चाहते हैं
उछल उछल कर जा रहे हैं आँचल में

और जो उचक उचक कर देख रहे हैं माथे पर पसीना
वे गिर रहे हैं कर्ज़ की कड़ाही में
मेरा मक्का मटर भुन गया है
चना चावल बाकी है!

कोयरी टोला में कोई टेघर गया है
अर्थी का पाथेय -
लाई भून रही हैं

जिसे छिड़कने हैं अंतिम सफ़र में
भूख के विरुद्ध!

सभी दाना भुनाने वाले जा रहे हैं कोयरीटोला
आदमी जवान है
डेढ़ बरस और तीन बरस की बच्चियाँ देह से लिपट कर रो रही हैं
चीख रही हैं चिल्ला रही हैं कह रही हैं उठा पापा जागा पापा.....

उसकी औरत को एक वर्ष पहले ही डँस लिया था साँप
हे देवी-देवताओ!
देहात का देहांत दृश्य देख दिल दहल गया

आह विधवा व्यथा!
गोड़ भी छोड़ गया है गर्भ में प्यार की निशानी
गोड़िन के नयन से निकली है गंगा
प्यासी पथराई उम्मीदों के विरुद्ध
इस कोरोना समय में!

3).

थ्रेसर
_______________________________________

थ्रेसर में कटा मजदूर का दायाँ हाथ
देखकर
ट्रैक्टर का मालिक मौन है
और अन्यात्मा दुखी
उसके साथियों की संवेदना समझा रही है
किसान को
कि रक्त तो भूसा सोख गया है
किंतु गेहूँ में हड्डियों के बुरादे और माँस के लोथड़े
साफ दिखाई दे रहे हैं

कराहता हुआ मन कुछ कहे
तो बुरा मत मानना
बातों के बोझ से दबा दिमाग
बोलता है / और बोल रहा है
न तर्क , न तत्थ
सिर्फ भावना है
दो के संवादों के बीच का सेतु
सत्य के सागर में
नौकाविहार करना कठिन है
किंतु हम कर रहे हैं
थ्रेसर पर पुनः चढ़ कर -

बुजुर्ग कहते हैं
कि दाने-दाने पर खाने वाले का नाम लिखा होता है
तो फिर कुछ लोग रोटी से खेलते क्यों हैं
क्या उनके नाम भी रोटी पर लिखे होते हैं
जो हलक में उतरने से पहले ही छिन लेते हैं
खेलने के लिए

बताओ न दिल्ली के दादा
गेहूँ की कटाई कब दोगे?

4).

डोमिन
_______________________________________

सवत्स सत्य सुनो , डोम में छुपा ओम
शव के साथ शुरू--जिन्दगी , शव के साथ खत्म होती है!

संवेदनाओं के श्मशान पर चेतना की चिता को
इंद्र भी बुझा नहीं सके बरसात में
फिर मर्दमेघ मड़रा रहे हैं क्यों?

शिव! सुबह से शाम तक शवाग्नि सोख रहे हैं सूर्य

चिलम खींच रहे हैं डोम , व्योम पी रहे हैं धूम
चिता की अधजली लकड़ी , चूल्हे में जल रही है
डकची में पक रहा है डोड़हा
ड्योढ़ी पर बैठी डोमिन , डिबरी जला बुन रही है चावल से कंकड़ व कीड़ें
भूखे बच्चे सो रहे हैं
कुत्ते अँधेरे में रो रहे हैं

जगी बेटी पूछ रही है
पिता की पगड़ी से क्यों आ रही है गंध मुर्दों की

माँ! उत्तर देती है
तुम्हारे पिता मसान से आ रहे हैं

माँ! हमारे पिता को सब डोम राजा कहते हैं
तो फिर हम क्यों सोते हैं भूखे

डोमिन उत्तर देती है-
ऐसे प्रश्न से अक्सर आँखें डबडबा जाती हैं
और अबोध बच्चियाँ ढूँढ लेती हैं उत्तर
चमकती मौन मोतियों में!

कभी कभी डोम के दरवाज़े पर स्वतः बजता है डमरू
लोकतंत्र की डगर से आते हैं देवगण
मोक्ष देने वाले को मोक्ष देने

उनका स्वार्थ जब पहुँचता है पास
तब परमार्थ में परिवर्तित हो जाता है

राजा हरिश्चंद्र बन जाते हैं देवगण
जिसे देख कर गंगा गाने लगती है
रोहित की माता तारा का करुणगीत

और अनेक अनुश्रुतियाँ दोहराती हैं
दुधमुंही के दिन खदकते चावल की बुदबुदाहटें

अंत में डोमिन कहती है
अब सो जा बिटिया सवेरा हो रहा है!

5).

चुड़िहारिन 
_______________________________________

बूढ़ी पत्तियाँ हर वर्ष
नयी पत्तियों को अपनी जगह देती हैं सहर्ष

आकाश का शासक शिकारी है
टहनियों पर चुपचाप बैठी हैं चिड़ियाँ

चुड़िहारिन चिल्ला रही है
संसद की सड़क पर 
चूड़ी ले लो....!

चुचकी चूचुक चूस रहा है शिशु
खोपड़ी का खून पी रही हैं जूँ

चमचमाती धूप चमड़ी जला रही है
चौंधियाई आँखें अचकचा रही हैं
टोकरी में जीवन का बोझ ढो रही हैं
लोकतंत्र की लोकल लड़की....!

सफ़र अभी शेष है
अँतड़ी में आँधी चल रही है
सूरज ढल रहा है , रात्रि आ रही है

खटिया के खटमल जाग रहे हैं

विश्राम कहाँ करें कर्षिता -
हे बाज़! चहक कर पूछ रही हैं चुप्पी चिड़ियाँ
उत्तर दो!!

6).

मजदूर थककर हो गए हैं चूर
_______________________________________

मैं अपनी एक लुंगी पहनता हूँ
और एक ओढ़ता हूँ
और उसी से बाँधता हूँ पगड़ी
जब उससे टपकता है
श्रम का शहद
और गमकती है
जिंदगी की गंध
तब सब कहते हैं
कि रब ने बनाया है मुझे मजदूरों का कवि
और मेरी कविता प्रस्तुत करती है
शोषितों की छवि
जिसमें उन्हें हँसती हुई दिखाई देती है
हाशिए पर खड़ी नयी पीढ़ी
अचानक उनकी दृष्टि की सृष्टि कंपित होती है
और दीवार से फिसलने लगती है सीढ़ी
फिसलने वाले गाने लगते हैं
कि हर बार फिसलने पर सहारा देती है
शब्द की सत्ता
इस बार भी देगी

निर्भयता से बाँस की सड़ी सीढ़ी पर
कोई गिट्टी की भरी तगाड़ी
तो कोई बालू की झउआ लेकर चढ़ रहा है
कोई लोक रहा है
तो कोई नीचे से ऊपर फेंक रहा है ईंट
कोई मिला रहा है अढ़ाई एक कऽ मसाला
तो कोई करनी चला रहा है तेजी से
कोई बतिया रहा है साहुल-सूत के भाषा में
तो कोई खिसिया रहा है अपनी खिंचाई होते देखकर
ढलाई हो रही है ताबड़तोड़
जीतोड़ काम करने के बाद एक मजदूर दुःख की गठरी खोल रहा है
उसके चेहरे का रंग बोल रहा है
कि मजदूरी कम देने के लिए कमरतोड़ दाँव लगा रहे हैं साहब

सारे मजदूर थककर हो गए हैं चूर
हिसाब हो रहा है
पगड़ी में पोंछकर आँसू थाम रहे हैं पैसे
ऐसे लोगों का कैसे चलेता है परिवार
जो रोज़ कुआँ खोदकर पानी पीते हैं
क्या बताऊँ कि उनके बच्चे अक्सर भूखे सोते हैं
तो साहब दे देंगे पैसे?

7).

जोंक

रोपनी जब करते हैं कर्षित किसान ;
तब रक्त चूसती हैं जोंक!
चूहे फसल नहीं चरते
फसल चरते हैं
साँड और नीलगाय.....
चूहे तो बस संग्रह करते हैं
गहरे गोदामीय बिल में!
टिड्डे पत्तियों के साथ
पुरुषार्थ को चाट जाते हैं
आपस में युद्ध कर
काले कौए मक्का बाजरा बांट खाते हैं!
प्यासी धूप
पसीना पीती है खेत में
जोंक की भाँति!
अंत में अक्सर ही
कर्ज के कच्चे खट्टे कायफल दिख जाते हैं
सिवान के हरे पेड़ पर लटके हुए!
इसे ही कभी कभी ढोता है एक किसान
सड़क से संसद तक की अपनी उड़ान में!

8).

उम्मीद की उपज
_______________________________________

उठो वत्स!
भोर से ही
जिंदगी का बोझ ढोना
किसान होने की पहली शर्त है
धान उगा
प्राण उगा
मुस्कान उगी
पहचान उगी
और उग रही
उम्मीद की किरण
सुबह सुबह
हमारे छोटे हो रहे
खेत से….!

9).

बारिश के मौसम में ओस नहीं आँसू गिरते हैं
_______________________________________

एक किसान
बारिश में
बाएं हाथ में छाता थामे
दाएं में लाठी 
मौन जा रहा था 
मेंड़ पर

मेंड़ बिछलहर थी

लड़खड़ाते-संभलते...
अंततः गिरते ही देखा एक शब्द
घास पर पड़ा है

उसने उठाया
और पीछे खड़े कवि को दे दिया

कवि ने शब्द लेकर कविता दी
और उसने कविता को
एक आलोचक को थमा दिया

आलोचक ने उसे कहानी कहकर
पुनः किसान के पास पहुँचा दिया

उसने उस कहानी को एक आचार्य को दिया
आचार्य ने निबंध कहकर वापस लौटा दिया

अंत में उसने उस निबंध को एक नेता को दिया
नेता ने भाषण समझ कर जनता के बीच दिया

जनता रो रही है
किसान समझ गया
ये आकाश से गिरे
पूर्वजों के आँसू हैं
जो कभी इसी मेंड़ पर भूख से तड़प कर मरे हैं

बारिश के मौसम में ओस नहीं
आंसू गिरते हैं!

10).

गड़ेरिया
_______________________________________

१)
एक गड़ेरिये के
इशारे पर
खेत की फ़सलें
चर रही हैं
भेड़ें
भेड़ों के साथ

मेंड़ पर
वह भयभीत है
पर उसकी आँखें खुली ताक रही हैं
दूर
बहुत दूर
दिल्ली की ओर

२)
घर पर बैठे
खेतिहर के मन में
एक ही प्रश्न है
इस बार क्या होगा?

हर वर्ष
मेरी मचान उड़ जाती है
आँधियों में
बिजूकों का पता नहीं चलता
और
मेरे हिस्से का हर्ष
नहीं रहता
मेरे हृदय में
क्या
इसलिए कि मैं हलधर हूँ

३)
भेड़ हाँकना आसान नहीं है
हलधर
हीरे हिर्य होरना
बाँ..बाँ..बायें...दायें
चिल्लाते क्यों हो
तुम्हारे नाधे
बैलें
समझदार हैं

४)
मेरी भेड़ें भूल जाती हैं
अपनी राह
मैं हाँक रहा हूँ
सही दिशा में
मुझे चलने दो
गुरु
मैं गड़ेरिया हूँ
भारत का !

11).

रोपनहारिन माँ
_______________________________________

१).
जब आकाश से गिरते हैं
पूर्वजों के संचित आँसू
तब खेतिहर करते हैं मजबूत
अपनी मेंड़

मेंड़ तो मजबूत नहीं हुई
पर फरसी-फरसा लाठी-लाठा झोटी-झोटा मारी-मारा उठा-पटक....
अंत में थाने!

२).
रोपनी के समय
रोटी के लिए
संडा जब कबारते हैं मजदूर
तब रक्त चूसती हैं - जोंक

दोहरे दोहित दलित दुबली पतली देह थककर
विश्राम जब करती हैं बिस्तरे पर
तब शेष शोणित - खटमल

३).
मेंड़ पर सोए शिशु को च्यूँटे काट रहे हैं
चीख सुन रहे हैं मालिक मौन
उन्हें क्या फर्क पड़ता है कि वह कौन है?
मजदूरनी माँ कहती है शांत रह लल्ला
अभी एक पैड़ा और बचा है
रोप लेने दे

बच्चे के पास पहुंचा तो देखा
एक दोडहा , दो तीन बिच्छुएँ और एक केकड़ा थोड़ी दूरी पर हैं

पैर में काट लिया है बर्र
मैं शिशु को घिंनाते-घिंनाते उठाया
क्योंकि वह अपने मल-मूत्र से तरबतर था

तुरंत बर्रों के मंत्रों का पाठ किया
फिर अपनी चाची को बुलाया -
बिच्छू झाड़ी-फूँकी
चमरौटी से बुलाया बुढउ दादा को
जो दोडहा झाड़े-फूँके
वे हर तरह के किरा झारते हैं
जैसे - साँप, करइत, गूँगी व दोडहा इत्यादि

बिच्छू-दोडहा तो तसल्ली के लिए झाड़ा गया
गाँव में सभी को पता है कि मैं कुछ मंत्र जानता हूँ
जैसे - बर्र, भभतुआ, थनइल, नज़र व रेघनी इत्यादि
सीखा तो बिच्छू-साँप का भी था
पर उसे तभी भूल गया जब विज्ञान का विद्यार्थी था
जो स्मृतियों में जीवित हैं उसे भी भूल गया हूँ
ऐसा कहता हूँ सभी से

मंत्रों से आँखें कचकचाई हैं
होठों की हँसी हृदय में हर्ष से हहराई है
फूँकने पर केश लहराएँ हैं
कर्षित कली की मेंड़ पर

आज मुझे लग रहा है मंत्र सीखना सार्थक रहा
हे समय!
इस महामारी में मंत्र से मेडिकल तक की यात्रा जारी है
पर, यह यात्रा कब रुकेगी?

12).

लकड़हारिन
(बचपन से बुढ़ापे तक बाँस)
_______________________________________

तवा तटस्थ है चूल्हा उदास
पटरियों पर बिखर गया है भात
कूड़ादान में रोती है रोटी
भूख नोचती है आँत
पेट ताक रहा है गैर का पैर

खैर जनतंत्र के जंगल में
एक लड़की बिन रही है लकड़ी
जहाँ अक्सर भूखे होते हैं
हिंसक और खूँखार जानवर
यहाँ तक कि राष्ट्रीय पशु बाघ भी
 
हवा तेज चलती है
पत्तियाँ गिरती हैं नीचे
जिसमें छुपे होते हैं साँप बिच्छू गोजर
जरा सी खड़खड़ाहट से काँप जाती है रूह
हाथ से जब-जब उठाती है वह लड़की लकड़ी
मैं डर जाता हूँ...!

13).

मूर्तिकारिन
_______________________________________

राजमंदिरों के महात्माओं
मौन मूर्तिकार की स्त्री हूँ

समय की छेनी-हथौड़ी से
स्वयं को गढ़ रही हूँ

चुप्पी तोड़ रही है चिंगारी!

सूरज को लगा है गरहन
लालटेनों के तेल खत्म हो गए हैं

चारों ओर अंधेरा है
कहर रहे हैं हर शहर

समुद्र की तूफानी हवा आ गई है गाँव
दीये बुझ रहे हैं तेजी से
मणि निगल रहे हैं साँप

और आम चीख चली -
दिल्ली!

14).

श्रम का स्वाद 
_______________________________________

गाँव से शहर के गोदाम में गेहूँ?
गरीबों के पक्ष में बोलने वाला गेहूँ
एक दिन गोदाम से कहा
ऐसा क्यों होता है
कि अक्सर अकेले में अनाज
सम्पन्न से पूछता है
जो तुम खा रहे हो
क्या तुम्हें पता है
कि वह किस ज़मीन की उपज है
उसमें किसके श्रम का स्वाद है
इतनी ख़ुशबू कहाँ से आई?
तुम हो कि
ठूँसे जा रहे हो रोटी
निःशब्द!

15).

उर्वी की ऊर्जा 
_______________________________________

उम्मीद का उत्सव है
उक्ति-युक्ति उछल-कूद रही है
उपज के ऊपर

उर है उर्वर
घास के पास बैठी ऊढ़ा उठ कर
ऊन बुन रही है
उमंग चुह रही है ऊख
ओस बटोर रही है उषा

उल्का गिरती है
उत्तर में
अंदर से बाहर आता है अक्षर
ऊसर में
स्वर उगाने

उद्भावना उड़ती है हवा में
उर्वी की ऊर्जा
उपेक्षित की भरती है उदर
उद्देश्य है साफ
ऊष्मा देती है उपहार में उजाला
अंधेरे से है उम्मीद।

16).

ऊख 
_______________________________________

(१)
प्रजा को
प्रजातंत्र की मशीन में पेरने से
रस नहीं रक्त निकलता है साहब!

रस तो
हड्डियों को तोड़ने
नसों को निचोड़ने से
प्राप्त होता है

(२)
बार बार कई बार
बंजर को जोतने-कोड़ने से
ज़मीन हो जाती है उर्वर

मिट्टी में धँसी जड़ें
श्रम की गंध सोखती हैं
खेत में
उम्मीदें उपजाती हैं ऊख

(३)
कोल्हू के बैल होते हैं जब कर्षित किसान
तब खाँड़ खाती है दुनिया
और आपके दोनों हाथों में होता है गुड़!

17).

ईर्ष्या की खेती
_______________________________________

मिट्टी की मिठास को सोख
जिद की ज़मीन पर
उगी है
इच्छाओं की ईख

खेत में
चुपचाप चेफा छिल रही है
चरित्र
और चुह रही है
ईर्ष्या

छिलके पर  
मक्खियाँ भिनभिना रही हैं
और द्वेष देख रहा है
मचान से दूर
बहुत दूर
चरती हुई निंदा की नीलगाय !

18).

किसान है क्रोध 
_______________________________________

निंदा की नज़र
तेज है
इच्छा के विरुद्ध भिनभिना रही हैं
बाज़ार की मक्खियाँ

अभिमान की आवाज़ है

एक दिन स्पर्द्धा के साथ
चरित्र चखती है
इमली और इमरती का स्वाद
द्वेष की दुकान पर
और घृणा के घड़े से पीती है पानी

गर्व के गिलास में
ईर्ष्या अपने
इब्न के लिए लेकर खड़ी है
राजनीति का रस

प्रतिद्वन्द्विता के पथ पर

कुढ़न की खेती का
किसान है क्रोध !

19).

जवानी का जंग
_______________________________________

बुरे समय में
जिंदगी का कोई पृष्ठ खोल कर
उँघते उँघते पढ़ना
स्वप्न में
जागते रहना है

शासक के शान में
सुबह से शाम तक
संसदीय सड़क पर सांत्वना का सूखा सागौन सिंचना
वन में
राजनीति का रोना है

अंधेरे में
जुगनूँ की देह ढोती है रौशनी
जानने और पहचानने के बीच बँधी रस्सी पर
नयन की नायिका का नींदी नृत्य करना

नाटक की नाव का
नदी से
किनारे लगना है

फोकस में
घड़ी की सूई सुख-दुख पर जाती है बारबार
जिद्दी जीत जाता है
रण में
जवानी का जंग

समस्या के सरहद पर खड़े सिपाही
समर में
लड़ना चाहते हैं
पर, सेनापति के आदेश पर देखते रहते हैं
सफ़र में
उम्र का उतार-चढ़ाव

दूरबीन वही है
दृश्य बदल रहा है
किले की काई संकेत दे रही है
कि शहंशाह के कुल का पतन निश्चित है
दीवारे ढहेंगी
दरबार खाली करो

दिल्ली दूह रही है
बिसुकी गाय
दोपहर में

प्रजा का देवता श्रीकृष्ण नाराज हैं
कवि की भाँति!

20).

सफ़र

सरसराहट संसद तक बिन विश्राम सफ़र करेगी
_______________________________________

तिर्रियाँ पकड़ रही हैं
गाँव की कच्ची उम्र
तितलियों के पीछे दौड़ रही है
पकड़ने की इच्छा
अबोध बच्चियों की!

बच्चें काँचे खेल रहे हैं
सामने वृद्ध नीम की डाल पर बैठी है
मायूसी और मौन  

मादा नीलकंठ बहुत दिन बाद दिखी है
दो रोज़ पहले मैना दिखी थी इसी डाल पर उदास
और इसी डाल पर अक्सर बैठती हैं 
चुप्पी चिड़ियाँ!

कोयल कूक रही है
शांत पत्तियाँ सुन रही हैं
सुबह की सरसराहट व शाम की चहचहाहट चीख हैं
क्रमशः हवा और पाखी की

चहचहाहट चार कोस तक जाएगी
फिर टकराएगी चट्टानों और पर्वतों से
फिर जाएगी ; चौराहों पर कुछ क्षण रुक
चलती चली जाएगी सड़क धर
सरसराहट संसद तक बिन विश्राम किए!

21).

चिहुँकती चिट्ठी 
________________________________________

बर्फ़ की कोहरिया साड़ी
ठंड की देह ढंक
लहरा रही है लहरों-सी

स्मृतियों की डार पर
हिमालय की हवा
नदी में चलती नाव का घाव है

सहलाती हुई
होंठ चूमती है चुपचाप

क्षितिज
वासना के वैश्विक वृक्ष पर
वसंत का वस्त्र
हटाता हुआ देखता है

बात-बात में
चेतन से निकलती है
चेतना की भाप

पत्तियाँ गिरती हैं नीचे
रूह काँपने लगती है

खड़खड़ाहट खत रचती है
सूर्योदयी सरसराहट के नाम
समुद्री तट पर

एक सफेद चिड़िया उड़ान भरी है
संसद की ओर
गिद्ध-चील ऊपर ही
छिनना चाहते हैं
ख़ून का खत

मंत्री बाज का कहना है
गरुड़ का आदेश आकाश में
विष्णु का आदेश है

आकाशीय प्रजा सह रही है
शिकारी पक्षियों का अत्याचार
चिड़िया का गला काट दिया राजा ने

रक्त की छींटे गिर रही हैं
रेगिस्तानी धरा पर

अन्य खुश हैं
विष्णु का आदेश सुन कर
मौसम कोई भी हो
कमजोर....
सदैव कराहते हैं
कर्ज की चोट से

इससे मुक्ति का एक ही उपाय है
अपने एक वोट से
बदल दो लोकतंत्र का राजा
शिक्षित शिक्षा से
शर्मनाक व्यवस्था

पर वास्तव में
आकाशीय सत्ता तानाशाही सत्ता है
इसमें वोट और नोट का संबंध धरती-सा नहीं है

चिट्ठी चिहुँक रही है
चहचहाहट के स्वर में सुबह-सुबह
मैं क्या करूँ?

22).

मुसहरिन माँ 
________________________________________

धूप में सूप से
धूल फटकारती मुसहरिन माँ को देखते
महसूस किया है भूख की भयानक पीड़ा
और सूँघ मूसकइल मिट्टी में गेहूँ की गंध
जिसमें जिंदगी का स्वाद है

चूहा बड़ी मशक्कत से चुराया है
(जिसे चुराने के चक्कर में अनेक चूहों को खाना पड़ा जहर)
अपने और अपनों के लिए

आह! न उसका गेह रहा न गेहूँ
अब उसके भूख का क्या होगा?
उस माँ का आँसू पूछ रहा है स्वात्मा से
यह मैंने क्या किया?

मैं कितना निष्ठुर हूँ
दूसरे के भूखे बच्चों का अन्न खा रही हूँ
और खिला रही हूँ अपने चारों बच्चियों को

सर पर सूर्य खड़ा है
सामने कंकाल पड़ा है
उन चूहों का
जो विष युक्त स्वाद चखे हैं
बिल के बाहर
अपने बच्चों से पहले

आज मेरी बारी है साहब!

23).

कोहारिन काकी की कला 
________________________________________

लटक रहा है
मानस के सिकहर पर
मक्खन से भरा
मथुरा का मार्मिक मटका

इस पर उत्कीर्ण है
कोहारिन काकी की कला।

गंध सूँघ रहा है बन-बिलार
बिल्ली थक कर बैठी है नीचे

मक्खियाँ भिनभिना रही हैं
चूहे चढ़ कर चाट रहे हैं मक्खन

अंततः बन-बिलार फोड़ दिया घर का घड़ा।

पूर्वजों ने ठीक ही कहा है
कला का महत्व मनुष्य जानते हैं
जानवर नहीं।

जानवर तो अपना ही जोतते रहते हैं

काकी ठीक कहती हैं
भूख कला को जन्म देती है।

कुछ भी हो
बन-बिलार बलवान के साथ-साथ चतुर भी है
क्योंकि वह मक्खन और चूहे को एकसाथ खा रहा है।

24).

सब ठीक होगा
________________________________________

धैर्य अस्वस्थ है
रिश्तों की रस्सी से बाँधी जा रही है राय
दुविधा दूर हुई
कठिन काल में कवि का कथन कृपा है
सब ठीक होगा
अशेष शुभकामनायें!

प्रेम ,स्नेह व सहानुभूति सक्रिय हैं
जीवन की पाठशाला में
बुरे दिन व्यर्थ नहीं हुए
कोठरी में कैद कोविद ने दिया
अंधेरे में गाने के लिए रौशनी का गीत

आँधी-तूफ़ान का मौसम है
खुले में दीपक का बुझना तय है
अक्सर ऐसे ही समय में संसदीय सड़क पर
शब्दों के छाते उलट जाते हैं
और छड़ी फिसल जाती है

अचानक आदमी गिर जाता है

वह देखता है जब आँखें खोल कर
तब किले की ओर
बीमारी की बिजली चमक रही होती है
और आश्वासन की आवाज़ कान में सुनाई देती है

गिरा हुआ आदमी ख़ुद खड़ा होता है
और अपनी पूरी ताकत के साथ
शेष सफ़र के लिए निकल पड़ता है!!

25).

देह विमर्श
________________________________________

जब
स्त्री ढोती है
गर्भ में सृष्टि
तब
परिवार का पुरुषत्व
उसे श्रद्धा के पलकों पर
धर
धरती का सारा सुख देना चाहता है
घर ; 

एक कविता
जो बंजर जमीन और सूखी नदी की है
समय की समीक्षा-- 'शरीर-विमर्श'
सतीत्व के संकेत
सत्य को भूल
उसे बाँझ की संज्ञा दी।

26).

नदी बीच मछुआरिन
________________________________________

जलदेवी की तपस्या से
मछुआरे को मिल गया है मोक्ष
नदी बीच स्थिर है नाव
मछुआरिन फेंकती है जब जाल
तब केकड़े काट देते हैं

मछलियाँ कहती हैं
माता मुझे अभी मुक्ति नहीं चाहिए-
नदी से!

27).

👁️आँख👁️
________________________________________

1.
सिर्फ और सिर्फ देखने के लिए नहीं होती है आँख
फिर भी देखो तो ऐसे जैसे देखता है कोई रचनाकार
2.
दृष्टि होती है तो उसकी अपनी दुनिया भी होती है
जब भी दिखते हैं तारे दिन में, वह गुनगुनाती है आशा-गीत
3.
दोपहरी में रेगिस्तानी राहों पर दौड़ती हैं प्यासी नजरें
पुरवाई पछुआ से पूछती है, ऐसा क्यों?
4.
धूल-धक्कड़ के बवंडर में बचानी है आँख
वक्त पर धूपिया चश्मा लेना अच्छा होगा
यही कहेगी हर अनुभव भरी, पकी उम्र
5.
आम आँखों की तरह नहीं होती है दिल्ली की आँख
वह बिल्ली की तरह होती है हर आँख का रास्ता काटती
6.
अलग-अलग आँखों के लिए अलग-अलग
परिभाषाएँ हैं देखने की क्रिया की
कभी आँखें नीचे होती हैं, कभी ऊपर
कभी सफेद होती हैं तो कभी लाल !

28).

गुढ़ी
________________________________________

लौनी गेहूँ का हो या धान का
बोझा बाँधने के लिए - गुढ़ी
बूढ़ी ही पुरवाती है
बहू बाँकी से ऐंठती है पुवाल
और पीड़ा उसकी कलाई !

29).


घिरनी
________________________________________

फोन पर शहर की काकी ने कहा है
कल से कल में पानी नहीं आ रहा है उनके यहाँ

अम्माँ! आँखों का पानी सूख गया है
भरकुंडी में है कीचड़
खाली बाल्टी रो रही है
जगत पर असहाय पड़ी डोरी क्या करे?

आह! जनता की तरह मौन है घिरनी
और तुम हँस रही हो।

30).
मेरे मुल्क का मीडिया
________________________________________

बिच्छू के बिल में
नेवला और सर्प की सलाह पर
चूहों के केस की सुनवाई कर रहे हैं-
गोहटा!

गिरगिट और गोजर सभा के सम्मानित सदस्य हैं
काने कुत्ते अंगरक्षक हैं
बहरी बिल्लियाँ बिल के बाहर बंदूक लेकर खड़ी हैं

टिड्डे पिला रहे हैं चाय-पानी

गुप्तचर कौएं कुछ कह रहे हैं
साँड़ समर्थन में सिर हिला रहे हैं
नीलगायें नृत्य कर रही हैं

छिपकलियाँ सुन रही हैं संवाद-समीक्षा
सेनापति सर्प की
मंत्री नेवला की
राजा गोहटा की....

अंत में केंचुआ किसान को देता है श्रधांजलि
खेत में
और मुर्गा मौन हो जाता है
जिसे प्रजातंत्र कहता है मेरा प्यारा पुत्र
मेरे मुल्क का मीडिया!
संक्षिप्त परिचय :-

नाम : गोलेन्द्र पटेल

मूल नाम : गोलेंद्र ज्ञान
जन्म : 5 अगस्त, 1999 ई.
जन्मस्थान : खजूरगाँव, साहुपुरी, चंदौली, उत्तर प्रदेश।
शिक्षा : बी.ए. (हिंदी प्रतिष्ठा) व एम.ए. (अध्ययनरत), बी.एच.यू.।
भाषा : हिंदी व भोजपुरी।
विधा : कविता, नवगीत, कहानी, निबंध, नाटक, उपन्यास व आलोचना।
माता : उत्तम देवी
पिता : नन्दलाल

पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशन :

कविताएँ और आलेख -  'प्राची', 'बहुमत', 'आजकल', 'व्यंग्य कथा', 'साखी', 'वागर्थ', 'काव्य प्रहर', 'प्रेरणा अंशु', 'नव निकष', 'सद्भावना', 'जनसंदेश टाइम्स', 'विजय दर्पण टाइम्स', 'रणभेरी', 'पदचिह्न', 'अग्निधर्मा', 'नेशनल एक्सप्रेस', 'अमर उजाला', 'पुरवाई', 'सुवासित' ,'गौरवशाली भारत' ,'सत्राची' ,'रेवान्त' ,'साहित्य बीकानेर' ,'उदिता' ,'विश्व गाथा' , 'कविता-कानन उ.प्र.' , 'रचनावली', 'जन-आकांक्षा', 'समकालीन त्रिवेणी', 'पाखी', 'सबलोग', 'रचना उत्सव', 'आईडियासिटी', 'नव किरण' आदि प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रमुखता से प्रकाशित।

विशेष : कोरोनाकालीन कविताओं का संचयन "तिमिर में ज्योति जैसे" (सं. प्रो. अरुण होता) में मेरी दो कविताएँ हैं और "कविता में किसान" (सं. नीरज कुमार मिश्र एवं अमरजीत कौंके) में कविता।

ब्लॉग्स, वेबसाइट और ई-पत्रिकाओं में प्रकाशन :-

गूगल के 100+ पॉपुलर साइट्स पर - 'कविता कोश' , 'गद्य कोश', 'हिन्दी कविता', 'साहित्य कुञ्ज', 'साहित्यिकी', 'जनता की आवाज़', 'पोषम पा', 'अपनी माटी', 'द लल्लनटॉप', 'अमर उजाला', 'समकालीन जनमत', 'लोकसाक्ष्य', 'अद्यतन कालक्रम', 'द साहित्यग्राम', 'लोकमंच', 'साहित्य रचना ई-पत्रिका', 'राष्ट्र चेतना पत्रिका', 'डुगडुगी', 'साहित्य सार', 'हस्तक्षेप', 'जन ज्वार', 'जखीरा डॉट कॉम', 'संवेदन स्पर्श - अभिप्राय', 'मीडिया स्वराज', 'अक्षरङ्ग', 'जानकी पुल', 'द पुरवाई', 'उम्मीदें', 'बोलती जिंदगी', 'फ्यूजबल्ब्स', 'गढ़निनाद', 'कविता बहार', 'हमारा मोर्चा', 'इंद्रधनुष जर्नल' , 'साहित्य सिनेमा सेतु' , 'साहित्य सारथी' , 'लोकल ख़बर (गाँव-गाँव शहर-शहर ,झारखंड)', 'भड़ास', 'कृषि जागरण' ,'इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट', 'सबलोग पत्रिका', 'वागर्थ', 'अमर उजाला', 'रणभेरी', 'हिंदुस्तान', 'दैनिक जागरण' इत्यादि एवं कुछ लोगों के व्यक्तिगत साहित्यिक ब्लॉग्स पर कविताएँ प्रकाशित हैं।

प्रसारण : 'राजस्थानी रेडियो', 'द लल्लनटॉप' एवं अन्य यूट्यूब चैनल पर (पाठक : स्वयं संस्थापक)

अनुवाद : नेपाली में कविता अनूदित

काव्यपाठ : अनेक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय काव्यगोष्ठियों में कविता पाठ।

सम्मान : अंतरराष्ट्रीय काशी घाटवॉक विश्वविद्यालय की ओर से "प्रथम सुब्रह्मण्यम भारती युवा कविता सम्मान - 2021" , "रविशंकर उपाध्याय स्मृति युवा कविता पुरस्कार-2022" और अनेक साहित्यिक संस्थाओं से प्रेरणा प्रशस्तिपत्र।

मॉडरेटर : 'गोलेन्द्र ज्ञान' , 'ई-पत्र' एवं 'कोरोजीवी कविता' ब्लॉग के मॉडरेटर और 'दिव्यांग सेवा संस्थान गोलेन्द्र ज्ञान' के संस्थापक हैं।

संपर्क :
डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।
पिन कोड : 221009
व्हाट्सएप नं. : 8429249326
ईमेल : corojivi@gmail.com

■■■★★★■■■

--Golendra Patel
BHU , Varanasi , Uttar Pradesh , India

धन्यवाद!

■■★★■■

(दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए अनमोल ख़ज़ाना)

SUBSCRIBE
LIKE
FOLLOW














Thursday, 1 September 2022

कोरोजयी बिंबात्मक प्रतीक || कोरोजीवी कविता और प्रेम : काव्य में राग के क्षेत्र का विस्तृत फलक - गोलेन्द्र पटेल

 

कोरोजीवी कविता और प्रेम : काव्य में राग के क्षेत्र का विस्तृत फलक - गोलेन्द्र पटेल

लिंक : https://golendragyan.blogspot.com/2022/08/blog-post_31.html

कोरोजयी बिंबात्मक प्रतीक 


काव्य के अनेक तत्व होते हैं। उन्हीं तत्व में से बिम्ब और प्रतीक होते हैं। ये कविता के अनिवार्य अंग हैं। यदि भारतीय आलोचना ने अलंकार को महत्त्व दिया गया है, तो पाश्चात्य आलोचना ने बिम्ब को। बिंब और अलंकार एक दूसरे से गूँथे हुए होते हैं। अलंकार कविता में भाव और वस्तु से जुड़ा होता है। मतलब, अलंकार काव्य में कला-पक्ष से संबंधित होता है। बिंब अलंकार से गहरे जुड़े होने की वजह से काव्य में विषयवस्तु और कला पक्ष से संबंधित होता है। बिंब शब्द मानस-प्रतिमा का पर्याय है।  जीवन और जगत की अनुभूति हमें बाह्य संवेदनों से प्राप्त विभिन्न बिंबों के रूप में ही होती है। बिंब को समझने के लिए अलंकार को समझना होगा। आचार्य दण्डी ने अलंकार के संदर्भ में कहा - "काव्य शोभा कारण् धर्मान अलंकारन् प्रचक्षते।" (आचार्य दण्डी : काव्यादर्श, अध्याय-2, कारिका-1) और हिंदी के आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने लिखा है कि 'भावों का उत्कर्ष दिखाने और वस्तुओं के रूप, गुण और क्रिया का अधिक तीव्र अनुभव कराने में कभी-कभी सहाय्य होने वाली युक्ति अलंकार है।' व्यक्ति-मानस एक ऐसा फलक है। जहाँ बाह्य परिवेश के सन्नीकर्ष से निरंतर बिम्बों को ग्रहण किया जाता है। हमारे चिंतन के मूल में बिम्ब निहित होते हैं। बिम्ब का सौंदर्य सार्थक प्रतीक से होता है। बिंब और प्रतीक एक दूसरे के पूरक होते हैं। भ्रम वश कभी-कभी लोग इन्हें एक भी मान लेते हैं लेकिन दोनों में रूप व प्रभाव की दृष्टि से भेद है। ये दोनों काव्याभिव्यक्ति के साधन हैं। दोनों की प्रस्तुति मनुष्य की कल्पना से होती है।  'प्रतीक' शब्द संस्कृत के 'प्रतिअंच' शब्द से उत्पन्न हुआ है। जिसका मतलब है -"एक वस्तु के लिए किसी अन्य वस्तु की स्थापना।" (मृदुल जोशी : नयी कविता में बिंब विधान, पृष्ठ-85) दूसरा विचार है कि 'प्रति' में 'इक' प्रत्यय के युग्म से 'प्रतीक' शब्द उत्पन्न हुआ है। खैर, हमें इसकी उत्पत्ति और परिभाषा में नहीं पड़ना है। प्रतीक का व्युत्पत्ति परक अर्थ है वह वस्तु जो किसी अन्य वस्तु का बोध कराये, अर्थात् "प्रतीयते प्रत्येति का इति प्रतीक।" प्रतीक बिंब का सबसे निकटवर्ती शब्द है। प्रत्येक प्रतीक अपने मूल में बिंब होता है लेकिन प्रत्येक बिंब प्रतीक नहीं। अतीन्द्रिय यथार्थ को उद्बुद्ध करने में प्रतीक जितना सहायक हो सकता है, उतना अन्य माध्यम नहीं। मोरिस वेट्ज के अनुसार, "जब कवि किसी बिंब के विशेष अर्थ को प्रकट करता हुआ या उस अर्थ को भाव के लिए व्याख्यायित करता हुआ उस बिंब पर विशेष बल देता है, तब इस प्रमुखता के कारण ही वह प्रतीक बन जाता है।" (डॉ. धर्मशीला भुवालका : काव्य बिंब और कामायनी की बिंब योजना, पृ-32) बिंब और प्रतीक के इस संबंध को रेखांकित करते हुए डॉ. नगेन्द्र ने लिखा है ’’प्रतीक एक प्रकार से रूढ़ उपमान का ही दूसरा नाम है।’’ (डॉ. नगेन्द्र : आस्था के चरण, पृ-132) अर्थात् उपमान जब किसी पदार्थ विशेष के लिए रुढ़ हो जाता है, तब वह प्रतीक बन जाता है। प्रतीक के विषय में कोरोजयी कवियों ने गंभीरता से विचार किया है। इनके प्रतीक अनेकार्थ सूचक हैं।


कल्पना शक्ति से बिंब का निमार्ण होता है और बिंब से प्रतीक का। कोरोजीवी कल्पना में यथार्थ प्रत्यक्षाप्रत्यक्ष शामिल है। कोरोजीवी कविता में प्रतीक के आगामी सभी भेदों को देखा जा सकता है - भावोत्प्रेरक प्रतीक, विचारोत्पादक प्रतीक , वैयक्तिक प्रतीक , परम्परागत प्रतीक , परम्परामुक्त प्रतीक , भावपरक प्रतीक , व्याख्यात्मक प्रतीक , प्रतीकपरक प्रतीक एवं अन्य। कोरोजयी कवियों ने अपनी कविता में विविध प्रकार के प्रतीकों का उपयोग किया है। उनके काव्य में आए हुए प्रतीकों का संबंध प्रकृति, मनोविज्ञान, समाज, राजनीति, धर्म, दर्शन, पुराण व मिथक आदि विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ जाता है। लेकिन अपनी नवीनता के साथ। कोरोजीवी कविता में प्रकृति से संबंधित प्रतीकों की संख्या सर्वाधिक है। पेड़, पौधे, घास, पशु, पंक्षी, नदी, द्वीप, सागर, तट, पर्वत, पहाड़, पठार, घर, द्वार, आँगन, डगर, पगडंडी, सड़क, खेत, रेत, आकाश, सूर्य, धूप, धूल,फल, फूल, तारे, बादल, इंद्रधनुष, शिशिर, शिशु, धूलिकण, नाव, तिनका, बूँद, किरणें, भोर, रात, दिन, घाट व पाट आदि प्रकृती से संबंधित प्रतीकों का प्रयोग अलग-अलग  संदर्भों में हुआ है। ये सभी प्रतीक लोक के रंग में रंगे हुए हैं और मानवीय महक में सने हुए हैं। दुनिया के काव्य में को देखा जाए, तो नदी और सागर दो सबसे बड़े प्रतीक के रूप में प्रयोग हुए हैं। इन्हीं प्रतीकों का सबसे अधिक प्रयोग हुआ है। आप उदाहरण के रूप में सागर को लें। कोरोजयी कवियों ने सागर को अनेक प्रतीकाशयों का सागर बना दिया है। सागर में धीरता है, शांति है। वह अनेक रत्नों की खान है। सागर धमनियों की आग है, लहू का स्पंदित राज है, साथ ही मेघ, ज्वार, निदाघ, रावण, कीट, गरुड़ व राम भी है। कोरोजीवी कविता में धूलिकण एवं तिनका लघुता का तथा भोर व सवेरा आशा और उल्लास के प्रतीक हैं। मोर, कोइलिया ,काक, फुलसुंघनी से लेकर कचकचिया तक में उम्मीद का उजास है। अर्थात् चिड़ियों में चेतना की चमक है। ये मनुष्य के स्वप्नों, आशाओं एवं आदर्शों के प्रतीक हैं। क्रौंच तो आदिकाव्य से लेकर आज तक की कविता में प्रेम की सृजनात्मकता, सर्जक, कलाकार एवं प्रेमियों का प्रतीक है। कोरोजीवी कविता में गुलमोहर, अड़उल, गुड़हल, गुलाब, गेंदा, टेसू, बबलू, पंचमुख, कचनार, पलास, चमेली, चम्पा, जूही, शेफाली, मालती व धूल के फूल आदि पुष्पों की प्रतीकात्मक स्थिति देखी जा सकती है। इन प्रतीकों के माध्यम से जीवन-सत्य को स्वर दिया गया है। अतः कोरोजीवी कविता प्रतीक विधान की दृष्टि से सफल काव्य है।


प्रतीक काव्य अभिव्यंजना का सशक्त साधन है। परिस्थिति के अनुसार प्रतीक के अर्थ बदल जाते हैं। परंतु प्रतीकों का निर्माण कवि प्रतिभा का मूलधार है। काव्य में प्रतीकों के प्रयोग का इतना अधिक महत्त्व है कि इसके आधार पर कविता की श्रेष्ठता का मूल्यांकन किया जाता है। लेकिन याद रहे कि सभी प्रतीक कविता नहीं होते हैं। इस संदर्भ मुझे  डाॅ. रामस्वरूप चतुर्वेदी का कथन स्मरण हो रहा है– ’कविता के लिए शाब्दिक प्रतीक होना एक आधारभूत शर्त है पर हर शाब्दिक प्रतीक कविता नहीं होता।’ कोरोजीवी कविता के प्रतीकों में एक तरह की पीड़ा-प्रेषणीयता की प्रतिध्वनि है, प्रतिबिम्ब है। मानवीय संवेदनाओं के सभी पक्षों को छूने की क्षमता है। इनके ऐन्द्रिय-प्रतीकों में प्रकृति के तमाम बिंब प्रतिबिंबित होते हैं। रूप, रंग, रव, गंध, स्पर्श, स्वाद, रस और राग से संबंधित प्रतीकों का कोरोजयी कवियों ने संश्लिष्ट प्रयोग किया है। प्रतीक-संवेदना की दृष्टि से कोरोजीवी कविता अद्भुत है और अद्वितीय है। 


©गोलेन्द्र पटेल

कवि : गोलेन्द्र पटेल

🙏संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com


'देवता' और 'लेवता' में अंतर || 'God' and 'Levata' By Golendra Patel

'देवता' और 'लेवता' में अंतर



'देवता' और 'लेवता'

अभिधा में 'लेवता' का मतलब है लेने वाला और 'देवता' का मतलब है देने वाला। दूसरे शब्दों में, लेवता वह है जो लेता,बदले में कुछ देता नहीं है जबकि देवता वह है जो देता, बदले में कुछ लेता नहीं है।


या

       देवता का शाब्दिक अर्थ देने वाला है और लेवता का अर्थ लेने वाला।


स्पष्टीकरण : जो किसी को कुछ भी चीज़ देता है, वह देने वाला देवता है और जो किसी की दी हुई चीज़ को लेता है, वह लेने वाला लेवता है। जब आपकी 'वृत्ति' में बहुतों के 'कल्याण' करने की भावना स्थायी होने लग जाये, तो आप समझ लीजिएगा कि आप 'लेवता' से 'देवता' बनने की ओर गतिमान हैं। लेकिन कविता में 'देवता' और 'लेवता' दोनों व्यंग्यार्थ की ओर संकेत करते हैं।


प्रयोग : देने वाले को ही देवता कहते हैं और पर्यावरण से बड़ा कोई देवता नहीं है। अर्थात् प्रकृति सबसे बड़ी देवी है। जो देवता के नाम से आपसे फल-फूल, धन-दौलत और प्रसाद-चढ़ावा लेते हैं, वे देवता नहीं, वे लेवता होते हैं। - गोलेन्द्र पटेल


'God' and 'Levata' By Golendra Patel


🙏संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com



Wednesday, 31 August 2022

कोरोजीवी कविता और प्रेम : गोलेन्द्र पटेल (corojivi Poetry and Love: Golendra Patel)

 

कोरोजीवी कविता और प्रेम


मानव स्वभाव से रागी होता है। उसका रागात्मक संबंध ही व्यापक तौर पर प्रेमानुभूति का जनक है। वह जिस देशकाल में जन्म लेता है। उससे उसका रागात्मक संबंध होता है। अतः इस अर्थ में प्रेम सहज, स्वाभाविक एवं सनातन मानव-प्रवृत्ति है। मनुष्य के रागात्मक संबंध की व्यापकता पूरी दुनिया में, सभी दिशाओं में विद्यमान है। इसकी व्यापकता व्यक्ति की रागात्मकता से जुड़ी है। व्यक्ति के रागात्मक संबंध समाज में अनेक रूपों में विद्यमान है। जैसे व्यक्ति और व्यक्ति के बीच को ही लें, तो इसके अनेक रूप सामने आते हैं। पति-पत्नी, माता-पिता, भाई-भाई, बहन-बहन, भाई-बहन, पिता-पुत्र, गुरु-शिष्य व प्रेमी-प्रेमिका के बीच जो रागात्मक संबंध उत्पन्न होता है, उसे प्रेम की संज्ञा दिया जाता है। पेड़, पौधे, पशु, पक्षी, पहाड़, नदी, झील, सागर व प्रकृति से मानव के संबंध में भी प्रेम तत्व है। जब रागात्मक संबंध सामाजिक हो जाता है, तब प्रेम का फलक व्यापक हो जाता है। वह समाज या राष्ट्र प्रेम का रूप ग्रहण कर लेता है। जिसे साहित्य में मातृभूमि प्रेम, देश-प्रेम व देशभक्ति आदि कहा जाता है। काव्य में राग का क्षेत्र प्रिय-प्रिया तक ही सीमित न होकर विस्तृत फलक पर प्रसारित है। यही प्रेम भाषा में अभिव्यक्ति की शक्ति है और इसकी रागात्मकता की सीमा समाज, राष्ट्र, मानवता, प्रकृति, आत्मा एवं काल तक फैली हुई है। आदिछंद के सृजन में करुणामय प्रेम की अहम भूमिका है। आरंभिक काव्य से लेकर अधुनातम काव्य में प्रेमानुभूति एक अविच्छिन्न-धारा के रूप में प्रवाहित हो रही है। संत व सूफी कवियों के यहाँ यह अलौकिक रूप में है, तो रीतिकालीन कवियों के यहाँ दैहिक आकर्षक के रूप में। कुछ एक अपवादों को छोड़कर। आधुनिक काल में स्त्री और पुरुष के सहज आकर्षक से उत्पन्न प्रेम या प्यार की गहन व सूक्ष्म अभिव्यक्ति हमें देखने को मिलती है। संभवतः सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला पहले कवि हैं जिन्होंने अपनी बेटी के सौंदर्य का वर्णन किया है। इस संदर्भ में आप उनकी कविता 'सरोज स्मृति' को देख सकते हैं। इस कविता में पिता और बेटी की प्रेमानुभूति महान रागात्मकता की कसौटी पर वत्सलता है। इसी क्रम में आप बाबा नागार्जुन की कविता 'यह दंतुरित मुस्कान' को भी देखा सकते हैं।आप सच्चिदानन्द हीरानन्द वात्स्यायन 'अज्ञेय' से लेकर शमशेर बहादुर सिंह तक की कविताओं में प्रेम के विविध रूप देख सकते हैं। प्रेम में आत्मीयता जरूरी है। मैत्री के रिश्ते में प्रेम का विकास आजकल विचारणीय है क्योंकि यौन-चेतना की तीक्ष्णता का चित्र सामने आते रहते हैं और आधुनिक विपरीत लैंगिक मैत्री-संबंध की मूल आवश्यकता 'सेक्स' के साथ गहरे अर्थों में जुड़ी हुई है। रीतिकालीन कवियों से लेकर आज तक के कवियों की कविताओं में नारी के विषय में यौन-चेतना को अभिव्यक्त किया गया है। कहीं प्रकृति को आलंबन बनाकर भी चित्रण किया गया है, तो कहीं सीधे-सीधे। 


प्रेम ही एक ऐसा तत्व है जो सांसारिक दुःख-दर्द से पीड़ित व्यक्ति के लिए शरण-स्थल है। वासना से ऊपर की चीज़ है प्रेमानुभूति। वासना के स्वरूप और प्रेम की शक्ति को कविगण अच्छी तरह से पहचानते हैं। किन्तु याद रहे कि प्रेम का पथ सीधा नहीं होता, वह ब्लेड की धार पर चलने जैसा है। प्रेम और वासना व्यक्ति के साथ अनंतकाल से जुड़े हुए हैं। जिस प्रकार शब्द से उसके अर्थ जुड़े हुए हैं। कविता में प्रेम का दर्शन व्यापक है। प्रेम किया नहीं जाता, वह हो जाता है। महामारी के दौर में प्रेम अपने उदत्ता रूप में हमारे सामने साहित्य और सिनेमा के माध्यम से आया है। बीमारी में प्रेम की जीत को कवियों ने कविता में दर्शाया है। युद्ध की कविता में बुद्ध की अहिंसा के जो रूप सामने आते हैं, उसमें भी प्रेम पूरी प्रासंगिकता के साथ उपस्थित है। बिम्बों में भावों व विचारों को उद्बुद्ध करने की क्षमता परिवेशगत संलग्नता से प्राप्त होती है। चेतना की विभिन्न स्थितियों-परिस्थितियों, काल के विविध रूपों, देश और काल के संश्लेषण के युक्त, अचेतन सत्ता पर चेतना के आरोप से निर्मित अनेक रागात्मक बिम्ब और प्रेम परक प्रतीक कोरोजीवी कविताओं में आए हैं। कोरोजीवी कविता में स्पर्श, रूप, रस, गंध, रंग, राग व रव संबंध के सूत्र में इस कदर गूँथे हुए हैं कि प्रेम के प्रतीक प्रखरता से प्रकाशित होते हुए संबंध-संवेदना को समोज्ज्वलित करते हैं। मनुष्य की ऐन्द्रिय संवेदनाओं में इन तत्वों का विशेष महत्व होता है। इन तत्वों की चेतनोपस्थित से कालातीत क्रियमान हो जाता है। कोरो-क्रियाओं में ऐन्द्रिय-बोध की महत्ता मानवीय स्पर्श की सीमा का अतिक्रमण करता है। कोरोजयी कवियों की कविताओं में प्रेम प्रतीकात्मक ढंग से अपनी पहचान के साथ उपस्थित है। इनमें प्रेम और सौंदर्य की अभिव्यंजना अद्वितीय है। लेकिन कविता में प्रकृति ऊर्जा, उत्साह और जीवनी शक्ति बनकर उभरती है। यह प्रेम परक कविता प्रकृति और सामाजिक दृष्टि से संयुक्त मानवतावाद की व्यापक चेतना से ओतप्रोत है। इसमें जीवन की मानवीय लय है और उदात्त जिजीविषा है। 


असल में आज प्रेम पर जितनी तेज़ी से कविताएँ लिखी जा रही हैं। प्रेम मानव जीवन से उतनी ही तेज़ी से गायब हो रहा है। घृणा दिल और दिमाग में स्थायी रूप से घर कर गयी है, बैठ गयी है। गेह से नेह का गायब होना, भाषा से मानवीय भावना का गायब होना है। मानवीय भावना ही मनुष्य को घृणा पर विजय पाने की शक्ति देती है। ऐसे में सोशल मीडिया पर घृणा का प्रचार-प्रसार चिंतनीय विषय है। सच्चा प्रेम समतामूलक समाज की आवश्यकता है। हमें प्रेम के औदात्य को समझना होगा। प्रेम जीवन की सबसे ख़ुबसूरत अनुभूति है। यह परिभाषा से परे है। इसके बिना सृष्टि के सत्य को समझना बहुत कठिन है। यह लोक-जीवन से संचालित प्रकाशपुंज है। इस पर हर काल में बहसें होती रही हैं। सृजनात्मक संसार का यह एक मात्र ऐसा विषय है, जिस पर लगातार चर्चाएँ-परिचर्चाएँ होती रही हैं। इसमें आसक्ति और आकर्षक होने की वजह यह कभी-कभी प्रश्नांकित भी होता है। प्रेम स्वप्न और संघर्ष के बीच पनपता है। इसकी सार्थकता इसकी स्वतंत्रता में है लेकिन इसकी सफलता इसकी सामाजिकता में है। इसीलिए साहित्य में व्यक्तिगत प्रेम सामाजिक हो जाता है। यह मानव जीवन का प्राथमिक बिन्दु है। एक बात और यह है कि काम ही प्रेम बनता है, काम की ऊर्जा ही प्रेम की ऊर्जा में विकसित होती है। इसलिए कोई भी कोरोजयी कवि वासंतिक वासना को नकार नहीं सकता है। भले ही इनका 'प्रेम' वासना नहीं है। प्रेम इनके यहाँ जीवन के जागरण की क्रांति का प्रतीक है। प्रेम के केंद्र में शुरू से ही मनुष्य और ईश्वर रहे हैं। प्रेम एक प्रतीक्षा है। इसकी पवित्रता प्रकाशित प्रज्ञा है। कोरोजीवी कविता में प्रेम परिश्रम के पसीने की पहचान है। यह श्रम के सौंदर्यशास्त्र से प्रदीप्त है। प्रेम में जीवन का दर्द दृश्य बन जाता है। प्रेम जहाँ होता है, वहाँ कुण्ठा के लिए कोई जगह नहीं होता है। कोरोजीवी कविता का प्रेम जीवन के छोटे-छोटे मानवीय दुखों के अन्वेषण से उपजा है। इस प्रेम में जीवन का दर्द संगीत की तरह बजता रहता है। आप इसे पीड़ा के प्रबोधन का प्रगीत कह सकते हैं। इस कोरोजयी प्रेम की एक विशेषता है कि यह मनुष्य को जीवन के संबंधों के प्रति उद्दाम एवं अकुण्ठ बनाता है। प्रेम साहचर्य से नहीं, बल्कि विरह से उपजा है। लेकिन उन्मुक्त प्रेम की जननी आत्मीयता होती है। इसी आत्मीयता की वजह से सूक्ष्म से सूक्ष्म प्रेमानुभूति का सौंदर्य भी नैसर्गिक हो जाता है। कोरोजयी प्रेम में समर्पण व स्वीकृति से अधिक स्वास्थ की सजगता पर जोर है, अर्थात् संबंध की सेहत पर जोर है। 

प्रेम की भाषा हृदय की भाषा होते हुए भी मन की मुलायमता से संचालित होती है। अनुभूति की आँच पर प्रेम मन और शरीर दोनों का व्यापार है। प्रेम की पीड़ा मनुष्य की आत्मा को नवीनता की ओर त्वरित गति प्रदान करती है। जो प्रेम सामाजिक सत्य है, वह आत्मपरक अनुभूति है। लेकिन जो प्रेम प्रणय के प्रतिबिंब माँसलता की ऊष्मा में उपस्थित करता है, वह भावुकता की भूमि पर काम की भूख को जन्म देता है। वास्तविक प्रेम इनसान को बाँधता नहीं, बल्कि मुक्त करता है। कोरोजीवी कविता प्रेम की तीव्र संवेदना लेकर तो आती है, किन्तु प्रेम में डूबना और मर जाना ही प्रेम में सफलता का प्रमाण है, इस तरह की बातों को उसकी संवेनात्मक करुणा ख़ारिज करती है। प्रेम में आनंद का मूल स्रोत एकाकीपन है। कोरोजयी कवि का तटस्थ द्रष्टाभाव जीवन की गति की दिशा और दशा को सांकेतिक स्वर देता हुआ मनुष्यता के मार्ग की तलाश करता है। उसकी आत्मपरकता में वस्तुपरकता का आधार आत्मा की आँख है। जहाँ आत्मीयता से आत्मविश्वास बना हुआ है। प्रेम के आँसू में अपनी बातों को सम्पूर्ण त्वरा के साथ सम्प्रेषित कर देने की क्षमता होती है। यह इनसान को स्नेह से लेकर ख़ुशी की ओर धीरे-धीरे अग्रसर करता है। यदि हम कोरोनाकालीन कोरोकाल को देखें, तो हम पायेंगे कि प्रेम द्रष्टा और दृष्टि का रागात्मक रसायन है, विलयन है। प्रेम मनुष्य के व्यक्तित्व को प्रभावित करता है और मानवीय सौन्दर्य उस प्रेम में समाया रहता है। प्रेम मोह और भक्ति के बीच की अवस्था का नाम है। प्रेम में प्रतिबद्धता एक उम्मीद है जो कि संबंध को सदा के लिये कायम रखती है। पवित्र प्रेम से जीवन निखरता है। इससे कोई बच नहीं सकता है क्योंकि यह स्वभाव है। 

प्रेम व्यक्ति की निजी अनुभूति है। मानवीय संबंधों तथा संवेदनाओं के क्षरण को कोरोजयी कवियों ने अपनी प्रेमालोच्य कविता में रेखांकित किया है। कोरोजीवी कविता में गहरी संवेदनशीलता है। आम आदमी, किसान, मजदूर, दलित, आदिवासी एवं शोषित वर्ग के प्रति कवि की संवेदनशीलता अत्यंत मार्मिक है। कोरोजीवी कविता में आम आदमी के प्रति यह संवेदनशीलता निरंतर गतिशील प्रतीत होती है। हाशिये का जीवन जीने के लिए मजबूर प्रतिकूल सामाजिक अवस्था से निष्कासित आम आदमी की व्यथा-कथा से कोरोजीवी कविता की संवेदना संबंध की सार्थकता से द्रवित होती हुई नदी की धारा की तरह प्रवाहित होती है। इसमें समाज में जी रहे या जीने के लिए विवश, हाशिए पर पड़े आम आदमी की समस्याओं, विसंगतियों और विडंबनाओं को कोरोजयी कवियों ने आत्मीयता के साथ चित्रित किया है। लेकिन प्रेम उनकी पुतलियों में प्रत्येक वस्तु को परखता है। अतः प्रेम की स्मृति में लौटना, पुरखों के पास लौटना है। जैसा कि आप देख सकते हैं कि कोरोजयी कवि रैदास व तुलसीदास के यहाँ ही नहीं बल्कि भरतमुनि, भामह व दण्डी के यहाँ भी जाते हैं। वे बुद्ध के यहाँ जाते हैं। वे वहाँ से प्रेम, अहिंसा व करुणा के सूत्र ढूँढ़ कर लाते हैं और उसे मनुष्यता की कसौटी पर अनुभव के साँचे में ढालते हैं। ताकि प्रेम की स्मृति जीवन के पथ पर पथप्रदर्शिका की भूमिका में साथ रहे। 'मैं' और 'ममेतर' के अंतर्सबंधों के बीच प्रेम अपने आप में एक अन्वेषण है। यह कोरोजीवी काव्य में एक केंद्रीय तत्व है और कोरोजयी कवियों का प्रकृति-प्रेम जीवन के संपूर्ण पर्यावरण की सुरक्षा के लिए है। जो कि गहरी जिजीविषा से जन्म दिया है। प्रकृति के सौंदर्य में प्रेम अपनी पूर्णता का रागात्मक प्रगीत रचता है। कोरोजीवी कविता में प्रेम सृजनात्मकता के उत्कृष्ट शिखर पर है। बहरहाल, कोरोजीवी कविता में प्रेम को देखने के लिए डॉ. अनिल पाण्डेय का आलेख पढ़ें। 

©गोलेन्द्र पटेल

नाम : गोलेन्द्र पटेल

🙏संपर्क :

डाक पता - ग्राम-खजूरगाँव, पोस्ट-साहुपुरी, जिला-चंदौली, उत्तर प्रदेश, भारत।

पिन कोड : 221009

व्हाट्सएप नं. : 8429249326

ईमेल : corojivi@gmail.com




बेरोज़गारों का देश

बेरोज़गारों का देश बेरोज़गारी की पीड़ा ने नहीं बल्कि पाँव की प्रसन्नता ने फेफड़े से कहा  कि जब जनरल डब्बे में पैखाने के पास  हमें खड़ा होने ...